Tag: Jaipur civic polls

  • जयपुर निकाय चुनाव में नया समीकरण: एक मंच पर दिखे ओवैसी- बेनीवाल, तीसरे मोर्चे की अटकलें तेज

    जयपुर निकाय चुनाव में नया समीकरण: एक मंच पर दिखे ओवैसी- बेनीवाल, तीसरे मोर्चे की अटकलें तेज


    जयपुर। राजस्थान में जयपुर निकाय चुनाव के बीच रविवार को सियासी माहौल उस समय गर्म हो गया, जब AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल एक ही मंच पर दिखाई दिए। दोनों नेताओं ने भट्टा बस्ती में आयोजित संयुक्त जनसभा को संबोधित किया।

    यह सभा वार्ड-146 से AIMIM प्रत्याशी फिरोज बानो के समर्थन में आयोजित की गई थी। राजनीतिक जानकार इसे महज चुनावी सभा नहीं, बल्कि दोनों दलों के संभावित तालमेल और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रहे हैं।

    जयपुर में निकाय चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर, दूसरे चरण का 11 सितंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी।

    सभा में ओवैसी ने कहा कि राजस्थान की राजनीति को एक मजबूत तीसरे विकल्प की जरूरत है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि हनुमान बेनीवाल तीसरी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरते हैं, तो AIMIM उनका समर्थन करने को तैयार है। इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच भविष्य के राजनीतिक सहयोग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

    ओवैसी ने अपने संबोधन में भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने धार्मिक स्थलों और मस्जिदों से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि समाज में नफरत फैलाने वाली राजनीति बंद होनी चाहिए। साथ ही राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकारी स्कूलों की स्थिति और हजारों कक्षाओं की कमी को सरकार की प्राथमिकता का विषय बताया।