Tag: Jaya

  • जया बच्चन की डांट से बचने के लिए अमिताभ बच्चन अपनाते हैं खास ट्रिक, KBC में बताया फैमिली ग्रुप का मजेदार राज

    जया बच्चन की डांट से बचने के लिए अमिताभ बच्चन अपनाते हैं खास ट्रिक, KBC में बताया फैमिली ग्रुप का मजेदार राज

    नई दिल्ली । ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में अमिताभ बच्चन अक्सर अपनी निजी जिंदगी और जया बच्चन से जुड़े मजेदार किस्से साझा करते रहते हैं। हाल ही में शो के एक प्रोमो में उन्होंने खुलासा किया कि जब उन्हें अपनी पत्नी के साथ किसी शादी या कार्यक्रम में जाना होता है, तो वह लेट होने से बचने के लिए एक खास ट्रिक अपनाते हैं।

    अमिताभ बच्चन की समय पर पहुंचने की खास ट्रिक

    केबीसी 18 के मंच पर जब एक महिला कंटेस्टेंट ने बिग बी से पूछा कि क्या उन्हें भी कभी जया जी का इंतजार करना पड़ता है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘मैं आपको अपनी ट्रिक बताता हूं। जब भी हमें कहीं जाना होता है, तो मैं उन्हें (जया बच्चन) असल समय से 1 घंटा पहले का टाइम बताता हूं। अगर शादी का समय शाम 6 बजे का है, तो मैं उन्हें 5 बजे का समय बताता हूं। इससे वह 3:30 से 4 बजे के बीच तैयारी शुरू कर देती हैं और हम बिल्कुल सही समय पर पहुंच जाते हैं!’

    डांट से बचने के लिए ‘फैमिली ग्रुप’ का सहारा

    कुछ दिन पहले केबीसी में ही एक कंटेस्टेंट ने बिग बी से पूछा था कि क्या उन्हें घर लेट आने पर डांट पड़ती है। इस पर अमिताभ ने कहा था, ‘मुझे पता होता है कि क्या होने वाला है इसलिए मैं जैसे ही उठता हूं, हमारे परिवार के सभी सदस्यों का एक ग्रुप बनाया हुआ है, उस ग्रुप में मैं हाथ जोड़कर ‘नमस्कार’ का मैसेज भेजता हूं। फिर मैं उन्हें बताता हूं कि मुझे कहीं शूट पर जाना है और देर हो जाएगी, इसलिए वे रात के खाने के लिए मेरा इंतजार न करें। मैं सभी को पहले ही बता देता हूं, और इस तरह मैं डांट से बच जाता हूं।’

    जब लेट होने की खबर नहीं दे पाते बिग बी तब क्या होता है?

    अमिताभ ने आगे कहा, ‘लेकिन मान लीजिए कि मैंने उन्हें (जया बच्चन को) नहीं बताया, तो मुझे डांट पड़ती है और मुझसे पूछा जाता है, ‘आप कहां थे? आपने हमें बताया नहीं। क्या यह घर आने का समय है?’ इसलिए, अगर मुझे बहुत देर हो जाती है, तो वह अपना खाना खाकर खुद सो जाती हैं।’

    अमिताभ और जया बच्चन की लव स्टोरी

    दोनों की मुलाकात 1971 में फिल्म ‘गुड्डी’ के सेट पर हुई थी। फिर 1972 में आई फिल्म ‘एक नजर’ की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन, जया बच्चन के प्रति आकर्षित होने लगे। 1973 में जब उनकी फिल्म ‘जंजीर’ हिट हुई तब उन्होंने दोस्तों के साथ लंदन घूमने जाने का प्लान बनाया। लंदन जाने की परमिशन लेते जब अमिताभ अपने पिता हरिवंश राय बच्चन के पास गए तो उन्होंने साफ कहा कि अगर साथ जाना है, तो पहले शादी करनी होगी।

    हुआ था चट मंगनी पट ब्याह

    पिता की बात मानकर 3 जून 1973 को एक निजी समारोह में दोनों ने शादी की और उसी दिन लंदन के लिए रवाना हो गए। बता दें, अमिताभ और जया के दो बच्चे हैं – श्वेता बच्चन नंदा और अभिषेक बच्चन। वहीं तीन नाती नातिन/पोती हैं- नव्या नवेली नंदा, अगस्त्य नंदा और आराध्या बच्चन।