Tag: Kantha

  • विद्या बालन की ‘जेलर 2’ में दमदार एंट्री, ‘कांथा’ के किरदार में दिखा दबंग अंदाज; रजनीकांत संग नजर आएंगी अभिनेत्री

    विद्या बालन की ‘जेलर 2’ में दमदार एंट्री, ‘कांथा’ के किरदार में दिखा दबंग अंदाज; रजनीकांत संग नजर आएंगी अभिनेत्री

    नई दिल्ली ।‘जेलर 2’ के मेकर्स धीरे-धीरे उन कलाकारों के किरदारों से पर्दा उठा रहे हैं, जो इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल में रजनीकांत के साथ नजर आएंगे। इसी कड़ी में अब विद्या बालन का नाम भी जुड़ गया है। मेकर्स ने विद्या के किरदार का पहला लुक जारी किया है। वह फिल्म में ‘कांथा’ का किरदार निभा रही हैं। इस किरदार के बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन नए वीडियो में उन्हें जबरदस्त अंदाज में पेश किया गया है।

    वीडियो में विद्या बालन नीली साड़ी और काले ब्लाउज में नजर आ रही हैं। उनके हाथ में सिगरेट है और वह सीढ़ियों से उतरकर एक कमरे में दाखिल होती हैं। वीडियो में ज्यादा कुछ नहीं दिखाया गया है, लेकिन एक बात साफ नजर आती है कि कांथा का किरदार शांत या दब्बू किस्म का नहीं है। इस सीन में विद्या का अंदाज काफी प्रभावशाली और दबंग दिखाई दे रहा है।

    मेकर्स ने अभी तक यह नहीं बताया है कि कहानी में कांथा का क्या रोल होगा। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, विद्या बालन मिथुन चक्रवर्ती की बड़ी बेटी का किरदार निभाएंगी। कहा जा रहा है कि मिथुन ‘जेलर 2’ में मुख्य विलेन यानी खलनायक की भूमिका में होंगे और रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। विद्या के किरदार को लेकर भी अभी आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

    ‘जेलर’ की कहानी मुथुवेल पांडियन नाम के एक रिटायर्ड जेलर के इर्द-गिर्द घूमती थी। उनका शांत जीवन उस समय पूरी तरह बदल जाता है, जब उनका बेटा लापता हो जाता है। फिल्म में इसके बाद कहानी कई घटनाओं और संघर्षों से गुजरती है।

    ‘जेलर 2’ में ओरिजिनल कास्ट के कई सदस्य भी वापसी कर रहे हैं। इनमें राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक शामिल हैं। वहीं, सीक्वल में कलाकारों की एक नई टीम भी नजर आएगी, जिसमें एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु, अन्ना राजन और जतिन सरना जैसे नाम शामिल हैं।

    फिल्म में कई कैमियो रोल भी होने की उम्मीद है। खबरों के अनुसार मोहनलाल, शिवा राजकुमार, जैकी श्रॉफ, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ सकते हैं। हालांकि, इन सभी नामों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

    विद्या बालन के ‘कांथा’ के रूप में शामिल होने के साथ ‘जेलर 2’ की कास्ट का एक और अहम हिस्सा तय हो गया है। नेल्सन द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।