Tag: license

  • शिवपुरी के पटाखा कारोबारी नवाब खां की आतिशबाजी से भरा ट्रक जब्त, 10 लाख रुपये का माल बरामद

    शिवपुरी के पटाखा कारोबारी नवाब खां की आतिशबाजी से भरा ट्रक जब्त, 10 लाख रुपये का माल बरामद

    मध्य प्रदेश: के शिवपुरी जिले के बदरवास में पटाखों का कारोबार करने वाले नवाब खां से जुड़ी आतिशबाजी की खेप को पुलिस ने गुना जिले में जब्त किया है। म्याना थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एक ट्रक से करीब 10 लाख रुपये कीमत की आतिशबाजी बरामद हुई। यह माल इंदौर से बदरवास लाया जा रहा था। पुलिस ने आतिशबाजी के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद कारोबारी नवाब खां और ट्रक चालक पवन जोशी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

    पुलिस के अनुसार, ट्रक में अवैध रूप से आतिशबाजी ले जाए जाने की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। म्याना थाना प्रभारी बृजमोहन भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस ने एबी रोड पर केवट राई होटल के सामने नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में पटाखों के पैकेट रखे मिले।

    तलाशी में पुलिस को 16 बड़े कार्टून मिले, जिन पर नवाब खां, बदरवास लिखा हुआ था। कार्टून खोलने पर अलग-अलग प्रकार की आतिशबाजी बरामद हुई। इनमें पोगो 12 स्टार, चिकी मिकी, स्काई शॉट, अवतार फायर, अनिल चकरी, फ्लावर पॉट और गंगा-जमुना नाम के पटाखे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, ट्रक से 120 से अधिक पैकेट आतिशबाजी मिली है। जब्त किए गए माल और ट्रक की कुल कार्रवाई में लगभग 10 लाख रुपये की कीमत बताई गई है।

    पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक पवन जोशी आतिशबाजी के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद बदरवास के कारोबारी नवाब खां को बुलाकर संबंधित कागजात की जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि उसका आतिशबाजी कारोबार से जुड़ा लाइसेंस वर्ष 2025 के बाद नवीनीकृत नहीं हुआ था। इसी आधार पर माल के परिवहन और कारोबार की वैधता को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

    लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं होने का तथ्य सामने आने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित आतिशबाजी की खरीद और आपूर्ति किस आधार पर की जा रही थी। साथ ही, यह भी जांचा जा रहा है कि इंदौर से बदरवास तक माल भेजने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका थी और परिवहन के लिए आवश्यक अनुमति या दस्तावेज उपलब्ध थे या नहीं।

    ट्रक इंदौर से रवाना होकर गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र तक पहुंच गया था। ऐसे में पुलिस परिवहन के पूरे रास्ते और माल की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि रास्ते में वाहन की जांच हुई थी या नहीं। हालांकि, इस संबंध में अभी किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या रास्ते में हुई जांच को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

    पुलिस ने ट्रक और आतिशबाजी को जब्त कर लिया है। नवाब खां और चालक पवन जोशी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अब मामले में आतिशबाजी के स्रोत, लाइसेंस की स्थिति, परिवहन संबंधी दस्तावेजों और आपूर्ति व्यवस्था की पड़ताल की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • एलन मस्क की स्टारलिंक को पाकिस्तान में प्रवेश के लिए नहीं मिल रहा लाइसेंस… फंसा पेच?

    एलन मस्क की स्टारलिंक को पाकिस्तान में प्रवेश के लिए नहीं मिल रहा लाइसेंस… फंसा पेच?


    नई दिल्ली।
    अरबपति व्यवसायी एलन मस्क (Billionaire Businessman Elon Musk) की स्टारलिंक (Starlink) को डेटा सुरक्षा संबंधी चिंताओं, मस्क-ट्रंप विवाद और चीनी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा के कारण पाकिस्तान (Pakistan) के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार (Satellite Internet Market.) में प्रवेश करने का लाइसेंस मिलने में देरी हो रही है। एक पाकिस्तानी अखबार में रविवार को प्रकाशित खबर में यह बात कही गई है।

    एक खबर में कहा है कि स्टारलिंक उन कई कंपनियों में शामिल है, जिन्होंने पाकिस्तान के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में परिचालन की अनुमति मांगी है, लेकिन विभिन्न अनसुलझे सुरक्षा और भूराजनीतिक मुद्दों के कारण अनुमोदन प्रक्रिया धीमी हो गई है। खबर के मुताबिक, सरकार को पता चला है कि स्टारलिंक पाकिस्तान के निगरानी, ​​नियामक और सुरक्षा ढांचे का उल्लंघन करते हुए कुछ डेटा प्रसारित कर सकता है।

    खबर में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि हम पाकिस्तान में उपयोगकर्ताओं के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और डेटा चोरी रोकने के लिए सुरक्षा जांच के बिना स्टारलिंक को लाइसेंस नहीं दे सकते। अधिकारियों के अनुसार, मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच विवाद एक और बड़ी वजह है, जिसके चलते पाकिस्तान सरकार सुरक्षा मंजूरी देने में हिचकिचा रही है।

    उन्होंने कहा कि ट्रंप के पिछले साल जनवरी में दूसरी बार अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद वाशिंगटन और इस्लामाबाद के बीच रिश्तों में सुधार हुआ है, ऐसे में पाकिस्तान ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहता है, जो अमेरिका को नागवार गुजरे। खबर में कहा गया है कि मौजूदा समय में पांच कंपनियां पाकिस्तान में उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवाओं के लिए लाइसेंस हासिल करने की कोशिश कर रही हैं और देश में लाखों अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही हैं।

    पाकिस्तान अंतरिक्ष गतिविधि नियामक बोर्ड (पीएसएआरबी) के मुताबिक, स्टारलिंक और चीन स्थित शंघाई स्पेसकॉम सैटेलाइट टेक्नोलॉजी लिमिटेड (एसएसएसटी) सहित पांच कंपनियों ने उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवाएं प्रदान करने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है।

    अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तानी बाजार में अमेरिकी कंपनियों की तुलना में चीनी कंपनियों की पहले से ही मजबूत पकड़ है और पाकिस्तान के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में कदम रखने की इच्छुक चीनी कंपनियां स्टारलिंक को अपना सीधा प्रतिस्पर्धी मानती हैं। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया अभी भी पीएसएआरबी बोर्ड के पास लंबित है, जिसने लाइसेंसिंग व्यवस्था को अंतिम रूप नहीं दिया है।