Tag: Love and Breakup

  • मुनमुन दत्ता, ने प्यार और ब्रेकअप पर खोले दिल के राज, बोलीं ‘मैं तुरंत किसी से रिश्ता खत्म नहीं करती’

    मुनमुन दत्ता, ने प्यार और ब्रेकअप पर खोले दिल के राज, बोलीं ‘मैं तुरंत किसी से रिश्ता खत्म नहीं करती’

    नई दिल्ली । टीवी जगत की मशहूर अभिनेत्री मुनमुन दत्ता जिन्हें लोकप्रिय कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में बबीता अय्यर के किरदार से घर-घर में पहचान मिली हाल ही में अपने निजी जीवन को लेकर खुलकर सामने आई हैं। मुनमुन हाल ही में यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में नजर आईं जहां उन्होंने करियर के साथ-साथ प्यार रिश्तों और ब्रेकअप जैसे संवेदनशील विषयों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। पॉडकास्ट के दौरान मुनमुन दत्ता ने कहा कि प्यार को लेकर लोगों की सोच अक्सर एकतरफा होती है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि रिश्तों में प्यार खत्म होना केवल लड़कों के साथ नहीं बल्कि लड़कियों के साथ भी हो सकता है। मुनमुन ने स्वीकार किया कि उनके जीवन में भी ऐसे मौके आए हैं जब उन्हें महसूस हुआ कि शायद अब रिश्ते में पहले जैसी भावना नहीं रही।

    ब्रेकअप को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए उन्होंने कहा मैं तुरंत किसी के साथ ब्रेकअप नहीं कर सकती। मैं हमेशा रिश्ते को बचाने की कोशिश करती हूं। मैं बहुत कुछ देती हूं भावनाएं समय और समझ। लेकिन एक वक्त ऐसा आता है जब मुझे लगता है कि अब पाने का समय है। जब लगातार देने वाला ही बनकर रह जाओ और बदले में कुछ न मिले तो वह बहुत बुरा लगता है। मुनमुन ने आगे कहा कि जब किसी रिश्ते में देने और पाने का संतुलन बिगड़ जाता है तो धीरे-धीरे नीरसता आने लगती है। यही नीरसता रिश्ते को कमजोर कर देती है और इंसान को यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि क्या वाकई यह रिश्ता आगे चल पाएगा। उनका मानना है कि प्यार हमेशा स्थायी नहीं होता और इसे स्वीकार करना भी जिंदगी का एक हिस्सा है।

    अगर मुनमुन दत्ता के करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2004 में टीवी शो हम सब बाराती से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह मुंबई एक्सप्रेस 2005 और हॉलीडे 2006 जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। हालांकि उन्हें असली पहचान तारक मेहता का उल्टा चश्मा से ही मिली जिसने उन्हें टीवी की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। पॉडकास्ट में मुनमुन की यह ईमानदार बातचीत सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। फैंस उनकी साफगोई और रिश्तों को लेकर परिपक्व सोच की तारीफ कर रहे हैं।