Tag: Madhya Pradesh power

  • MP में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका, बिल पर अब 5.063% सरचार्ज, खपत बढ़ते ही बढ़ेगा अतिरिक्त भुगतान

    MP में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका, बिल पर अब 5.063% सरचार्ज, खपत बढ़ते ही बढ़ेगा अतिरिक्त भुगतान


    भोपाल । मध्यप्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिल से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। 24 सितंबर से 23 अक्टूबर तक जारी होने वाले बिजली बिलों में ईंधन एवं बिजली खरीदी समायोजन सरचार्ज यानी FPPAS की नई दर लागू होगी। यह सरचार्ज अब 5.063 प्रतिशत की दर से लगाया जाएगा जबकि इससे पहले इसकी दर 4.59 प्रतिशत थी। यानी इसमें 0.473 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है। नई दर का असर बिजली की खपत के अनुसार अलग अलग होगा और ज्यादा यूनिट इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त राशि अपेक्षाकृत अधिक हो सकती है।

    FPPAS को लेकर सबसे जरूरी बात यह है कि यह पूरे बिजली बिल पर नहीं लगाया जाता। यह केवल ऊर्जा शुल्क पर लागू होता है। इसलिए किसी उपभोक्ता के बिल में दिखाई देने वाली कुल राशि में सरचार्ज की गणना सीधे 5.063 प्रतिशत के हिसाब से नहीं की जानी चाहिए। बिल में फिक्स्ड चार्ज मीटर से जुड़े शुल्क सब्सिडी और अन्य मद भी शामिल हो सकते हैं जिससे अंतिम भुगतान अलग हो सकता है।

    बिजली मामलों के जानकार और रिटायर्ड एडिशनल चीफ इंजीनियर राजेंद्र अग्रवाल के अनुसार पिछली 4.59 प्रतिशत दर की तुलना में 100 यूनिट बिजली खपत पर करीब 2.46 रुपए अतिरिक्त भार पड़ेगा। इसी तरह 200 यूनिट पर करीब 4.12 रुपए 300 यूनिट पर लगभग 7.46 रुपए और 500 यूनिट पर करीब 14.31 रुपए अतिरिक्त राशि बन सकती है। यानी बिजली की खपत बढ़ने के साथ सरचार्ज के रूप में भुगतान भी बढ़ेगा।

    इसे एक उदाहरण से समझें तो 300 यूनिट बिजली की खपत पर यदि ऊर्जा शुल्क 1576.50 रुपए है तो नई 5.063 प्रतिशत दर के हिसाब से FPPAS करीब 79.82 रुपए बनता है। वहीं 500 यूनिट की खपत पर यदि ऊर्जा शुल्क 3024.50 रुपए है तो सरचार्ज करीब 153.23 रुपए होगा। इसका मतलब यह है कि उपभोक्ता को पूरे बिल की रकम पर 5.063 प्रतिशत भुगतान नहीं करना है।

    बिजली बिल में अलग अलग खपत स्लैब के हिसाब से ऊर्जा शुल्क तय होता है। मौजूदा दरों के अनुसार शुरुआती 50 यूनिट के लिए अलग दर है जबकि 51 से 150 यूनिट 151 से 300 यूनिट और 300 यूनिट से अधिक खपत के लिए अलग ऊर्जा शुल्क निर्धारित है। इसी वजह से FPPAS का वास्तविक असर हर उपभोक्ता के लिए समान नहीं होगा। ऊर्जा शुल्क के आधार पर इसका प्रभाव करीब 24 से 37 पैसे प्रति यूनिट के बीच दिखाई दे सकता है।

    अब सवाल यह है कि यह सरचार्ज बढ़ता क्यों है। बिजली बनाने और खरीदने की लागत हर महीने एक जैसी नहीं रहती। कोयले ईंधन और बाजार से बिजली खरीदने की कीमत में बदलाव होता रहता है। जब बिजली उत्पादन या खरीदी की लागत बढ़ती है तो उस अंतर की भरपाई के लिए FPPAS लगाया जाता है। इसलिए इसे बिजली की मूल दर में स्थायी बढ़ोतरी नहीं माना जाता बल्कि लागत के आधार पर होने वाला मासिक समायोजन माना जाता है।

    उपभोक्ताओं को अपने बिल में ऊर्जा शुल्क और FPPAS की राशि अलग अलग देखकर वास्तविक अतिरिक्त भार समझना चाहिए। विशेषज्ञों के मुताबिक बाद में लागत का ट्रू अप भी हो सकता है। यानी मौजूदा सरचार्ज को बिजली की दर में स्थायी वृद्धि के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। खपत जितनी अधिक होगी ऊर्जा शुल्क उतना अधिक होगा और उसी आधार पर FPPAS की राशि भी बढ़ सकती है।

  • जायका टीम ने एमपी ट्रांसको की ट्रांसमिशन लाइन और सब स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया ..

    जायका टीम ने एमपी ट्रांसको की ट्रांसमिशन लाइन और सब स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया ..


    भोपाल : जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जायका) द्वारा मध्यप्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण हेतु मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में संचालित जायका-2 वित्त पोषित विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।जायका जापान की इवैल्यूएटर सुश्री हिसाए ताकाहाशी एवं जायका के भारतीय प्रतिनिधि श्री कुनाल गुप्ता ने निर्माण कार्यों, उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन की बारीकी से जांच-पड़ताल की।

    ढीमरखेडा लाइन एवं सब स्टेशन का किया निरीक्षण

    निरीक्षण के दौरान टीम ने सर्वप्रथम 132 केवी सब स्टेशन ढीमरखेड़ा तथा इसके लिए निर्मित 132 केवी पनागर–ढीमरखेड़ा ट्रांसमिशन लाइन का अवलोकन किया। इवैल्यूएटर सुश्री ताकाहाशी ने लोन स्वीकृति के समय प्रस्तुत प्रारंभिक योजना, परियोजना के क्रियान्वयन, स्थापित उपकरणों की गुणवत्ता, लागत एवं रखरखाव से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण उपरांत उन्होंने सब स्टेशन एवं ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया।

    उपयोगिता जानने के लिए स्थानीय नागरिकों से भी की चर्चा

    जायका द्वारा वित्त पोषित फंड से निर्मित सब स्टेशन की उपयोगिता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ-साथ जायका टीम ने स्थानीय महिलाओं को बुलाकर उनका प्रत्यक्ष फीडबैक भी लिया।महिलाओं ने बताया कि सब स्टेशन के निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब उन्हें पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली मिल रही है, जिससे सिंचाई के लिए भी पर्याप्त विद्युत उपलब्ध हो रही है। इससे उनके आर्थिक एवं सामाजिक स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।

    स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर और स्काडा का भी किया अवलोकन

    जायका टीम ने एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी )एवं स्वदेशी तकनीकी एवं उपकरणों से निर्मित स्काडा कंट्रोल सेंटर का भी अवलोकन किया और उसकी कार्य प्रणाली की प्रशंसा की।

    ये अधिकारी रहे उपस्थित

    निरीक्षण के दौरान एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता श्री के.एम. सिंघल, अधीक्षण अभियंता श्री आर.सी. शर्मा, कार्यपालन अभियंता श्री ए.पी.एस. चौहान, श्री शशि शेखर, श्री रविराज पटेल, सहायक अभियंता श्री जितेन्द्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।