Tag: mental health yoga

  • योग से मिले संतुलन और सुकून: आयुष मंत्रालय ने बताया इसका महत्व

    योग से मिले संतुलन और सुकून: आयुष मंत्रालय ने बताया इसका महत्व


    नई दिल्ली ।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के नजदीक आते ही भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने एक बार फिर लोगों से योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है, बल्कि यह मन की शांति, संतुलन और आंतरिक स्थिरता प्राप्त करने का एक प्रभावी माध्यम भी है।

    मंत्रालय के अनुसार, आज की तेज रफ्तार और तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक संतुलन बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे समय में योग व्यक्ति को न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक रूप से भी स्थिर और शांत करता है। योग हमारे अस्तित्व को गहराई देता है और करुणा तथा सकारात्मक सोच को विकसित करने में मदद करता है।

    आयुष मंत्रालय ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपनी दिनचर्या में कुछ समय योग के लिए जरूर निकालें। मंत्रालय ने कहा कि कुछ मिनट की गहरी सांस लेने की प्रक्रिया और ध्यान जैसी सरल आदतें भी जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। योग हमें उन महत्वपूर्ण चीजों से दोबारा जोड़ता है, जो अक्सर व्यस्त जीवन में पीछे छूट जाती हैं।

    स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि जब व्यक्ति के भीतर शांति होती है, तो वह अपने आसपास भी सकारात्मक वातावरण बना सकता है। लगातार तनाव, शोर और दबाव से भरी आधुनिक दुनिया में योग व्यक्ति को “ठहरने” और सोचने की क्षमता प्रदान करता है। हर सचेत सांस और योग अभ्यास व्यक्ति को बेहतर मानसिक संतुलन की ओर ले जाता है।

    योग विशेषज्ञों का भी कहना है कि योग को किसी विशेष समय या स्थान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और ध्यान जैसे सरल अभ्यास दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों को बेहतर बनाया जा सकता है। नियमित योग तनाव कम करने के साथ-साथ भावनात्मक स्थिरता भी प्रदान करता है।

    मंत्रालय ने यह भी कहा कि योग व्यक्ति को अपनी भावनाओं और प्रतिक्रियाओं पर नियंत्रण रखना सिखाता है। इससे निर्णय लेने की क्षमता बेहतर होती है और दूसरों के प्रति सहानुभूति बढ़ती है। यही कारण है कि योग दिवस केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन है जिसे हर दिन अपनाने की जरूरत है।

    योग की खास बात यह है कि इसे किसी भी उम्र का व्यक्ति, कहीं भी और किसी भी समय कर सकता है। यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए समान रूप से लाभकारी है और एक स्वस्थ, संतुलित जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होता है।

  • तनाव और एंग्जाइटी से राहत दिलाए हाकिनी योग मुद्रा, याददाश्त बढ़ाने का आसान तरीका

    तनाव और एंग्जाइटी से राहत दिलाए हाकिनी योग मुद्रा, याददाश्त बढ़ाने का आसान तरीका

    नई दिल्ली। आज की तेज-तर्रार जिंदगी में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। काम का दबाव, लगातार स्मार्टफोन और स्क्रीन के सामने बैठना, नींद की कमी और बढ़ता तनाव हमारे शरीर और दिमाग पर गहरा असर डाल रहे हैं।

    इससे न केवल एंग्जाइटी और डिप्रेशन जैसी मानसिक परेशानियां बढ़ रही हैं, बल्कि याददाश्त कमजोर हो रही है और ध्यान केंद्रित करने में समस्या हो रही है। ऐसे में योग हमारी सेहत के लिए समाधान का काम कर सकता है।

    आयुष मंत्रालय के अनुसार, योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और नर्वस सिस्टम को मजबूत करने का भी काम करता है। इसी कड़ी में हाकिनी योग मुद्रा एक सरल हस्त मुद्रा है, जो दिमाग को सक्रिय रखने, तनाव कम करने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करती है।

    हाकिनी योग मुद्रा, जिसे पावर जेस्चर या ब्रेन पॉवर मुद्रा भी कहा जाता है, हाथों की पांचों उंगलियों को आपस में जोड़कर की जाती है। इसे करने के लिए सबसे पहले आप पद्मासन या वज्रासन में बैठ जाएं और आंखें बंद करके गहरी और लंबी सांस लें। इसके बाद एक हाथ की सभी उंगलियों की टिप को दूसरे हाथ की उंगलियों की टिप से जोड़ दें। ध्यान रखें कि उंगलियों पर अत्यधिक दबाव न पड़े। भौहों के बीच पर ध्यान केंद्रित करते हुए मन को अनावश्यक विचारों से दूर रखें। शुरुआत में इसे दो से तीन मिनट करें और धीरे-धीरे इसे पांच मिनट तक बढ़ाएं। रोजाना सुबह खाली पेट और शाम को इसका अभ्यास करने से इसका प्रभाव और भी बढ़ जाता है।

    इस मुद्रा के अनेक लाभ हैं। सबसे पहले, यह ध्यान और एकाग्रता बढ़ाती है। हाथों की उंगलियों को जोड़ने से मस्तिष्क के दोनों हिस्से सक्रिय होते हैं, जिससे याददाश्त मजबूत होती है और किसी भी काम पर ध्यान बनाए रखना आसान होता है। इसके साथ ही यह तनाव और घबराहट को कम करता है। जो लोग लगातार चिंतित रहते हैं या डिप्रेशन का सामना कर रहे हैं, उनके लिए यह मुद्रा मानसिक शांति और संतुलन का काम करती है।

    हाकिनी मुद्रा आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करती है। इसे करने से न केवल व्यक्ति अपने कार्यों के प्रति उत्साहित और प्रेरित महसूस करता है, बल्कि मानसिक स्थिरता और ऊर्जा भी बढ़ती है।

    इसके अलावा, हाकिनी मुद्रा नींद की गुणवत्ता को सुधारने में भी मदद करती है। दिनभर की थकान और तनाव के कारण कई लोगों को रात में नींद नहीं आती। इस मुद्रा का अभ्यास शरीर में रक्तसंचार बढ़ाता है और ऑक्सीजन का प्रवाह सुधारता है, जिससे नींद गहरी और संतुलित होती है। इसके नियमित अभ्यास से नर्वस सिस्टम, टिश्यू और सेल्स की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है। इससे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति दिनभर सक्रिय महसूस करता है।