Tag: Mimicry

  • राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में मोदी की मिमिक्री पर विवाद, बीजेपी ने बुजुर्ग महिला और मां के अपमान का लगाया आरोप

    राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में मोदी की मिमिक्री पर विवाद, बीजेपी ने बुजुर्ग महिला और मां के अपमान का लगाया आरोप

     
    मध्य प्रदेश : के इंदौर में आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी की आवाज और बोलने के अंदाज की नकल की। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला से जुड़े प्रसंग का मजाक बनाए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है।

    कार्यक्रम के दौरान की गई मिमिक्री का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने इसे राजनीतिक मर्यादा और संवेदनशीलता से जोड़ते हुए सवाल उठाए। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी कॉमेडियंस और जोकर्स की पार्टी बन गई है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस की आलोचना की।

    शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ संवाद के लिए आयोजित कार्यक्रम का इस्तेमाल प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां के अपमान और मजाक के लिए किया गया। जोशी ने इसे मानवीय संवेदना और राजनीतिक संस्कृति से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

    बीजेपी की ओर से यह भी कहा गया कि मां को राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। पार्टी नेताओं ने राहुल गांधी की मौजूदगी में हुए इस मंचीय कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री से जुड़े निजी और पारिवारिक संदर्भों को मजाक का हिस्सा बनाया गया।

    वहीं कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बीजेपी के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मंच पर प्रधानमंत्री मोदी की मां से संबंधित कोई बात नहीं हुई। उनका कहना था कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की मां का उल्लेख नहीं किया और लगाए जा रहे आरोपों में तथ्य नहीं हैं। तिवारी ने आरोप लगाने से पहले पूरे मामले को सही तरीके से देखने की बात कही।

    विवाद के बीच राहुल गांधी ने इंदौर कार्यक्रम में उठाए गए छात्रों के मुद्दों को भी सामने रखा। उन्होंने बताया कि एक छात्रा ने उनसे सवाल किया कि सरकार के पास दिया जलाने के लिए पैसा है, लेकिन छात्राओं के लिए हॉस्टल बनाने के लिए क्यों नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि गांवों से शहरों में पढ़ाई के लिए आने वाली छात्राओं को हॉस्टल नहीं मिलने पर पीजी में रहना पड़ता है।

    उन्होंने कहा कि किराए और सुरक्षित आवास का खर्च अधिक होने के कारण कई छात्राओं के लिए पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो जाता है। कार्यक्रम में छात्रों ने शिक्षा, भर्ती, परीक्षा, आरक्षण, हॉस्टल और रोजगार से जुड़े सवाल उठाए।

    ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का यह पांचवां संस्करण था। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इंदौर में एक छात्रा ने सरकारी परीक्षाएं पास करने के बावजूद ओबीसी आरक्षण से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया के कारण नियुक्ति रुकने का मुद्दा उठाया। वहीं एक छात्र ने MPPSC में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने पर कार्रवाई होने की बात कही। इस बीच मोदी की मिमिक्री को लेकर शुरू हुआ विवाद कार्यक्रम के अन्य छात्र मुद्दों पर भारी पड़ता दिखाई दिया।

  • सुनील ग्रोवर ने की रोहित शर्मा की मिमिक्री, लोग हैरान, बोले- अब विराट कोहली को भी करो कॉपी

    सुनील ग्रोवर ने की रोहित शर्मा की मिमिक्री, लोग हैरान, बोले- अब विराट कोहली को भी करो कॉपी

    नई दिल्ली। कॉमेडी और मिमिक्री के अपने खास अंदाज के लिए मशहूर सुनील ग्रोवर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने कादर खान, जावेद अख्तर और आमिर खान जैसे दिग्गजों की हूबहू नकल उतारकर लोगों को हैरान कर दिया था। अब उन्होंने क्रिकेट की दुनिया के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की मिमिक्री कर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।

    रोहित शर्मा बने सुनील ग्रोवर, एड शूट का वीडियो वायरल

    एक एड शूट के दौरान सुनील ग्रोवर को रोहित शर्मा के अंदाज में देखा गया। वीडियो में वे मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनकर रोहित शर्मा जैसी बॉडी लैंग्वेज और बोलने का अंदाज अपनाते नजर आते हैं। दिलचस्प बात यह है कि शूटिंग के दौरान डायरेक्टर भी कुछ देर के लिए कन्फ्यूज नजर आते हैं। वीडियो में अंत में असली रोहित शर्मा की एंट्री दिखाई जाती है, जो सीन को और मजेदार बना देती है।

    सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
    वीडियो वायरल होते ही यूजर्स ने जमकर रिएक्शन दिए। कुछ लोगों ने सुनील की मिमिक्री को शानदार बताया, तो कुछ ने मजेदार कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा कि वे रोहित से ज्यादा जसप्रीत बुमराह जैसे लग रहे हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि सुनील ग्रोवर किसी की भी मिमिक्री कर सकते हैं। कई लोगों ने मजाक में लिखा कि अब उन्हें विराट कोहली की भी मिमिक्री करनी चाहिए।

    पहले भी कई सेलेब्स की उतार चुके हैं नकल
    सुनील ग्रोवर इससे पहले भी कई दिग्गजों की मिमिक्री कर चुके हैं। वे कपिल शर्मा शो में सलमान खान के किरदार में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने आमिर खान, गीतकार गुलजार और कादर खान की भी शानदार नकल उतारी थी, जिसे काफी पसंद किया गया था।

    अवॉर्ड शो में भी बिखेरा था जलवा

    हाल ही में एक अवॉर्ड शो में जावेद अख्तर के सामने उनकी मिमिक्री का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें खुद जावेद अख्तर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए थे। फैंस अब सुनील ग्रोवर के अगले मिमिक्री एक्ट का इंतजार कर रहे हैं।