Tag: Mithya

  • 6 एपिसोड की डार्क साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘मिथ्या’ में रिश्तों का ऐसा उलझा खेल, हर ट्विस्ट के साथ बढ़ेगा सस्पेंस और बेचैनी

    6 एपिसोड की डार्क साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘मिथ्या’ में रिश्तों का ऐसा उलझा खेल, हर ट्विस्ट के साथ बढ़ेगा सस्पेंस और बेचैनी

    नई दिल्ली । ओटीटी पर थ्रिलर और सस्पेंस पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘मिथ्या: द स्टोरी ऑफ ए लाइ’ एक ऐसी साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज है, जिसमें रिश्तों के साथ झूठ, बदला और रहस्य लगातार कहानी को आगे बढ़ाते हैं। सीरीज की कहानी इस तरह बुनी गई है कि जैसे-जैसे घटनाएं सामने आती हैं, दर्शकों के लिए किरदारों की असलियत समझना मुश्किल होता जाता है।

    इस सीरीज में हुमा कुरैशी और अवंतिका दसानी अहम भूमिकाओं में नजर आती हैं। अवंतिका दसानी अभिनेत्री भाग्यश्री की बेटी हैं और उन्होंने इसी सीरीज के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। सीरीज में उनके अभिनय को दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जबकि हुमा कुरैशी के प्रदर्शन ने भी कहानी को प्रभावशाली बनाने में अहम भूमिका निभाई।

    कहानी जूही के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार हुमा कुरैशी ने निभाया है। जूही पेशे से हिंदी की प्रोफेसर है। कहानी में उस समय बड़ा मोड़ आता है, जब जूही अपनी छात्रा रिहा पर साहित्यिक चोरी का आरोप लगाती है। इस आरोप के बाद रिहा खुद को अपमानित महसूस करती है और जूही से बदला लेने का फैसला करती है।

    रिहा का बदला धीरे-धीरे जूही की पेशेवर जिंदगी से निकलकर उसकी निजी जिंदगी तक पहुंच जाता है। इसके बाद कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो दोनों किरदारों के रिश्ते और उनके अतीत को नए तरीके से सामने लाते हैं। दर्शकों को लगातार यह सवाल परेशान करता है कि आखिर कौन सच बोल रहा है और कौन अपने फायदे के लिए कहानी को बदल रहा है।

    कहानी का एक बड़ा खुलासा तब होता है, जब जूही को पता चलता है कि रिहा केवल उसकी छात्रा नहीं बल्कि उसकी सौतेली बहन है। इस जानकारी के बाद दोनों के बीच चल रहा तनाव और भी गहरा हो जाता है। कहानी में पारिवारिक रिश्ते, पुराने गिले-शिकवे और बदले की भावना एक-दूसरे से जुड़ने लगते हैं।

    इसके बाद जूही की जिंदगी में मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। उसे अपने पति और पिता को खोने का दुख झेलना पड़ता है। इन घटनाओं के बाद वह अपनी जिंदगी को संभालने की कोशिश करती है, लेकिन कहानी तब एक और खतरनाक मोड़ लेती है जब रिहा की नजर जूही के बेटे पर पड़ती है। इसके बाद जूही के सामने अपने परिवार और बच्चे को लेकर नई चुनौती खड़ी हो जाती है।

    सीरीज की खासियत इसके ट्विस्ट और टर्न हैं। कहानी में रिश्तों को केवल भावनात्मक नजरिए से नहीं दिखाया गया, बल्कि उनमें छिपे तनाव, अविश्वास और बदले की भावना को भी प्रमुखता दी गई है। यही वजह है कि एक घटना के बाद दूसरी घटना दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखती है।

    ‘मिथ्या’ के पहले सीजन में छह एपिसोड हैं और प्रत्येक एपिसोड लगभग 40 से 50 मिनट का है। दूसरे सीजन में भी छह एपिसोड हैं। यानी दोनों सीजन मिलाकर दर्शकों को कहानी के 12 एपिसोड देखने को मिलते हैं। सीरीज हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी उपलब्ध है।

    सीरीज को दर्शक ZEE5 पर देख सकते हैं। इसकी IMDb रेटिंग 6.8 बताई गई है। अगर आपको ऐसी कहानियां पसंद हैं, जिनमें पारिवारिक रिश्तों के साथ मनोवैज्ञानिक तनाव, रहस्य और बदले की भावना जुड़ी हो, तो ‘मिथ्या: द स्टोरी ऑफ ए लाइ’ आपकी ओटीटी वॉचलिस्ट में शामिल हो सकती है।