Tag: Narendra Modi Birthday

  • MP में सियासी हलचल तेज: मोदी के जन्मदिन पर नारे में गलती और गुना में किसान की खरी बात ने खींचा ध्यान

    MP में सियासी हलचल तेज: मोदी के जन्मदिन पर नारे में गलती और गुना में किसान की खरी बात ने खींचा ध्यान


    भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में कई बार बड़े राजनीतिक बयान से ज्यादा छोटे घटनाक्रम चर्चा में आ जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सिंगरौली में भाजपा विधायक से नारेबाजी के दौरान हुई चूक हो या इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के मैदान का बढ़ा किराया या फिर गुना में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने किसान की खाद को लेकर नाराजगी इन घटनाओं ने राजनीतिक गलियारों में अलग तरह की चर्चा पैदा कर दी है।

    सिंगरौली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित किया था। इस दौरान देवसर से भाजपा विधायक राजेंद्र मेश्राम कार्यकर्ताओं से नारे लगवा रहे थे। उत्साह में उन्होंने नरेंद्र मोदी अमर रहे का नारा लगा दिया। लेकिन कार्यकर्ताओं की ओर से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं आई। इसके बाद किसी ने नरेंद्र मोदी जिंदाबाद का नारा लगाया तो विधायक को अपनी गलती का एहसास हुआ। उन्होंने भी तुरंत जिंदाबाद के नारे लगाए और अपनी चूक पर मुस्कुराते नजर आए। कार्यक्रम में हुआ यह छोटा सा वाकया बाद में चर्चा का विषय बन गया।

    दूसरी ओर इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों से जुड़े कार्यक्रम को लेकर मैदान के किराए का मुद्दा राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया है। कार्यक्रम के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण की ओर से पहले 10 लाख रुपए किराया लिया गया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उस समय कहा था कि कार्यक्रम के लिए 10 लाख क्या 10 करोड़ रुपए भी मांगे जाते तो कांग्रेस उसे जुटाकर देती। अब आईडीए की ओर से मैदान के किराए के तौर पर चार लाख रुपए अतिरिक्त लिए जाने की बात सामने आई है। कांग्रेस ने इसे सरकार की ओर से की जा रही वसूली और दबाव से जोड़कर सवाल उठाए हैं। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस के पुराने बयान का हवाला देते हुए इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। इस पूरे विवाद में मैदान का किराया राजनीतिक बयानबाजी का विषय बन गया है।

    गुना में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जनसंपर्क के दौरान किसानों ने खाद की समस्या को लेकर अपनी परेशानी बताई। एक किसान ने सिंधिया से सीधे कहा कि माला पहनाते-पहनाते जिंदगी निकल गई लेकिन खाद नहीं मिल रहा है। किसान की शिकायत सुनने के बाद सिंधिया ने मौके पर मौजूद कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल से किसानों के नाम और मोबाइल नंबर नोट करने को कहा। कलेक्टर ने जब ठीक है कहा तो सिंधिया ने दोबारा उन्हें निर्देश दिया कि सिर्फ ठीक है कहने के बजाय नाम और नंबर लिखे जाएं। उन्होंने पेन और पैड निकालकर जानकारी नोट करने को कहा। इसके बाद किसानों की जानकारी दर्ज की गई।

    इन घटनाओं के बीच मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में भी एक अधिकारी की चर्चा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारी लगाई गई है। बताया जा रहा है कि मंत्रालय में तैनात एक अधिकारी की ड्यूटी राजधानी के नजदीकी जिले में लगाई गई थी लेकिन वे अभियान से जुड़े काम के बजाय मंत्रालय में बैठक में व्यस्त रहे। हालांकि इस संबंध में अधिकारी की ओर से कोई सार्वजनिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

    इस तरह एक ही दिन में सिंगरौली से इंदौर और गुना तक सामने आए अलग-अलग घटनाक्रम ने मध्य प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं को बढ़ा दिया है। कहीं नारेबाजी में हुई चूक सुर्खियां बनी तो कहीं कार्यक्रम के खर्च और किसानों की खाद समस्या ने राजनीतिक बहस को हवा दी।

  • पीएम मोदी के जन्मदिन पर योगी ने दी बधाई, बोले- 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख-समृद्धि का नवप्रभात ला रहे

    पीएम मोदी के जन्मदिन पर योगी ने दी बधाई, बोले- 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख-समृद्धि का नवप्रभात ला रहे

    लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ, सक्रिय और सार्थक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

    योगी ने मोदी को बताया ‘नए भारत का शिल्पी’
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नद्रष्टा और ‘नए भारत के शिल्पी’ के रूप में संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा और स्वाभिमान का नवप्रभात लाने के लिए प्रधानमंत्री निरंतर राष्ट्रसेवा में जुटे हैं। योगी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

    ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प का किया उल्लेख
    मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प, कर्मनिष्ठा और लोक-कल्याण के प्रति प्रधानमंत्री का समर्पित जीवन ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रेरणा देता है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। योगी ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम से प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य तथा सुदीर्घ और यशस्वी जीवन प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

    अखिलेश यादव ने भी दी जन्मदिन की शुभकामना
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। यह अभियान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर से भी जोड़ा गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सक्रिय और सार्थक जीवन की कामना की।

    अयोध्या में सफाई अभियान से हुई सेवा संकल्प की शुरुआत
    प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर अयोध्या के लता मंगेशकर चौक पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। इसका आयोजन अयोध्या नगर निगम की ओर से किया गया।

    अयोध्या की जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन उनके 25 वर्षों के सेवा-कार्य से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मेयर के नेतृत्व में सफाई अभियान को सम्मान के रूप में चुना गया है। उन्होंने भगवान राम से प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की, ताकि वे देश को ‘विश्व गुरु’ बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करते रहें।

    अयोध्या के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लता मंगेशकर चौक पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से शहर की सफाई के साथ प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना भी की जा रही है, ताकि वे ‘मां भारती’ की सेवा के लिए समर्पित रहते हुए देश को ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे ले जाएं।

    लखनऊ में 17 अक्टूबर तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम
    प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में लखनऊ नगर निगम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान-2026’ चलाएगा। इसके तहत शहर में सफाई, श्रमदान और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बुधवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।

    अभियान की शुरुआत नगर निगम क्षेत्र की नालियों और सीवर लाइनों की सफाई से होगी। प्रत्येक वार्ड में एक नोडल अधिकारी निगरानी करेगा। सभी आठ जोनों में विशेष स्वच्छता और श्रमदान कार्यक्रम भी होंगे। ‘संकल्प फॉर वे ऑफ लाइफ’ के तहत आरडब्ल्यूए और एनजीओ सदस्यों की ओर से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

    25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 200 घंटे का वृहद सफाई अभियान चलेगा। जलकल विभाग पानी की टंकियों की सफाई करेगा। 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलेगा। विश्व पर्यटन दिवस पर शहर के पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान होगा। 17 अक्टूबर तक हर जोन में सफाई मित्रों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी।

    राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर जलेंगे तीन लाख दीप
    एलडीए की ओर से राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर तीन लाख दीप जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। बुधवार शाम सात बजे होने वाले इस आयोजन की तैयारियों का एलडीए उपाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री और कई मंत्री भी दीप प्रज्वलन में शामिल होंगे।

    आयोजन की तैयारियों में एलडीए की टीम जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम के चलते राष्ट्र प्रेरणा स्थल को तीन दिन के लिए आम लोगों के लिए बंद किया गया है।

    भाजपा कार्यकर्ता अस्पतालों में करेंगे सेवा
    भाजपा महानगर इकाई की ओर से ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष-सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित करेंगे। महानगर के अन्य अस्पतालों में भी जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सेवा कार्यों में शामिल होंगे।

    अभियान के तहत सभी बूथों पर 200 लाभार्थियों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का कार्यक्रम भी है। झूलेलाल वाटिका में संगठन महामंत्री धर्मपाल दीप प्रज्वलित करेंगे, जबकि सेंट्रल पार्क, समर विहार में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मौजूद रहेंगे। विश्वविद्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी शामिल होंगे। इसके अलावा शहर के दस प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

  • 17 सितंबर से BJP की 20 यात्राओं का आगाज: वड़नगर से काशी तक बनेगा सियासी सफर MP के 55 जिलों में पहुंचेगा अभियान

    17 सितंबर से BJP की 20 यात्राओं का आगाज: वड़नगर से काशी तक बनेगा सियासी सफर MP के 55 जिलों में पहुंचेगा अभियान


    भोपाल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर भारत में बड़े जनसंपर्क अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। 17 सितंबर से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वड़नगर से वाराणसी और वाराणसी से वड़नगर के बीच कुल 20 यात्राएं निकाली जाएंगी। दोनों दिशाओं में 10-10 यात्राओं के लिए अलग अलग रूट तैयार किए जा रहे हैं ताकि इनके मार्ग आपस में न टकराएं। इस पूरे अभियान में मध्यप्रदेश को भी अहम केंद्र बनाया गया है। पार्टी ने प्रदेश के सभी 55 जिलों को इन यात्राओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

    बीजेपी की योजना के मुताबिक यह अभियान केवल यात्राओं और राजनीतिक संपर्क तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि जनभागीदारी सेवा गतिविधियों सरकारी योजनाओं के प्रचार और विकसित भारत 2047 के संकल्प को भी इससे जोड़ा जाएगा। गुजरात राजस्थान मध्यप्रदेश उत्तर प्रदेश छत्तीसगढ़ हरियाणा और दिल्ली से होकर गुजरने वाली इन यात्राओं में स्थानीय नागरिकों युवाओं महिलाओं विद्यार्थियों किसानों व्यापारियों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को अलग अलग गतिविधियों में शामिल करने की तैयारी है। अब तक 13 रूट तय किए जा चुके हैं जबकि अन्य मार्गों को अंतिम रूप देने पर मंथन जारी है।

    मध्यप्रदेश में यात्राओं के संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग अलग नेताओं को सौंपी जा रही है। पार्टी की कोशिश है कि यात्रा के हर प्रमुख पड़ाव को स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी का केंद्र बनाया जाए। यहां लोगों से उनके क्षेत्र के विकास को लेकर सुझाव लिए जाएंगे और सरकारी योजनाओं से जुड़े लोगों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। 25 आइकॉन अभियान के तहत प्रत्येक पड़ाव से किसान शिक्षक महिला उद्यमी खिलाड़ी या किसी अन्य क्षेत्र में प्रेरणादायक काम करने वाले व्यक्ति का चयन किया जाएगा। इनमें से 25 श्रेष्ठ लोगों की वीडियो कहानियां तैयार कर नमो ऐप के जरिए लोगों तक पहुंचाने की योजना है।

    अभियान में चिट्ठी 2047 के नाम के जरिए नागरिकों से यह पूछा जाएगा कि वे वर्ष 2047 तक अपने क्षेत्र और देश को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसी तरह मेरे लिए भारत की प्रगति नाम से लोगों की राय रिकॉर्ड की जाएगी। अलग अलग स्थानों से जुटाई गई इन आवाजों को वाराणसी में जोड़कर एक विशेष फिल्म तैयार करने का प्रस्ताव है। यात्रा से स्थानीय प्रभावशाली लोगों और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को भी जोड़ा जाएगा।

    यात्रा के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले स्थानीय वीरों से जुड़े गांवों और स्मारकों से मिट्टी एकत्र करने की भी योजना है। यह मिट्टी वाराणसी के मुख्य कार्यक्रम में अर्पित की जाएगी। कई प्रमुख पड़ावों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे जहां सामान्य जांच ब्लड प्रेशर और शुगर जांच के साथ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने की तैयारी है। सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन में मदद के लिए योजना पंजीकरण सहायता डेस्क भी लगाए जाएंगे।

    बीजेपी इस अभियान के जरिए वर्ष 2001 से 2026 तक हुए बदलावों को भी लोगों के सामने रखने की तैयारी कर रही है। पहले और अब प्रदर्शनी के जरिए सड़क स्कूल घर बिजली और दूसरी सुविधाओं में आए बदलावों को तस्वीरों और दस्तावेजों के माध्यम से दिखाया जाएगा। विकास की यात्रा नाम से नुक्कड़ नाटक भी आयोजित होंगे जिनमें एक परिवार की कहानी के जरिए विकास और सरकारी योजनाओं के असर को स्थानीय भाषा में समझाने की कोशिश की जाएगी।

    मोदी के जन्मदिन से डिजिटल अभियान पर भी खास जोर रहेगा। भाजपा इन्फ्लुएंसर्स और रील्स के जरिए खासकर युवा पीढ़ी तक पहुंचने की रणनीति बना रही है। प्रत्येक शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है। इन वीडियो में सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले वास्तविक लोगों की कहानियां दिखाई जाएंगी। वीडियो में लाभार्थी का नाम स्थान जिला और संबंधित योजना के साथ उसके जीवन में आए बदलाव को सामने लाने की योजना है।

    कहानी बदलाव की अभियान के तहत करीब 25 लाख नागरिकों की वास्तविक कहानियां जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से लगभग 25 हजार कहानियों को शॉर्टलिस्ट कर करीब 250 प्रभावशाली कहानियों को प्रोफेशनल तरीके से तैयार किया जाएगा। इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर इनका व्यापक प्रचार किया जाएगा।

    17 सितंबर की शाम आशीर्वाद का दीया अभियान के तहत बूथ स्तर पर लोगों के घरों में दीप जलाने की अपील की जाएगी। वहीं सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक को कम से कम 25 मिनट समाज सेवा के लिए देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सेवा कार्य का फोटो या वीडियो बनाकर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

    गांवों में नमो सेवा गाथा के जरिए नुक्कड़ नाटक होंगे। आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन का उत्सव आयोजित कर माताओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। सेवा ज्योति यात्रा भी अलग अलग जिलों और गांवों से निकलेगी। इसके अलावा वड़नगर से काशी तक जल जन और सेवा संकल्प यात्रा में पवित्र नदियों का जल लेकर यात्रियों के पहुंचने की योजना है।

    अभियान में सेवा सेतु के जरिए विधानसभा स्तर पर कैंप लगाने की भी तैयारी है जहां केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिलाने की कोशिश होगी। नदी घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण से लेकर ह्यूमन रंगोली और भारत मंडला जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। युवाओं के लिए राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किया जाएगा जिसमें विद्यार्थी स्टार्टअप और इनोवेटर्स अपने विचार और तकनीकी समाधान प्रस्तुत करेंगे।

    इस पूरे अभियान का बड़ा समापन 17 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट के रूप में होगा। इसमें करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने का अनुमान है। इस तरह बीजेपी का यह अभियान एक साथ जनसंपर्क सेवा सरकारी योजनाओं की पहुंच सांस्कृतिक जुड़ाव और डिजिटल प्रचार को जोड़ने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। पार्टी की रणनीति साफ है कि मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाला यह अभियान केवल जमीन पर होने वाले कार्यक्रमों तक सीमित न रहे बल्कि मोबाइल स्क्रीन और सोशल मीडिया के जरिए भी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचे।