Tag: Pakistan cricket news

  • ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ीं, दो स्टार खिलाड़ी बाहर

    ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ीं, दो स्टार खिलाड़ी बाहर


    नई दिल्ली । ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम को करारा झटका लगा है। टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज फखर जमान और युवा ओपनर सईम अयूब चोट के कारण इस अहम सीरीज से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने से पाकिस्तान की ओपनिंग जोड़ी पर बड़ा असर पड़ सकता है।

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि दोनों खिलाड़ी फिलहाल चोट से उबर रहे हैं और बोर्ड के मेडिकल पैनल की सख्त निगरानी में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। PCB ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों को अभी पूरी तरह फिट घोषित नहीं किया जा सकता, इसलिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चयनित नहीं किया गया है।

    बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि दोनों खिलाड़ियों को रिकवरी प्रोग्राम जारी रखने की सलाह दी गई है और उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रखी जा रही है। PCB ने यह भी उम्मीद जताई है कि दोनों खिलाड़ी जल्द ही पूरी तरह फिट होकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे।

    गौरतलब है कि फखर जमान पाकिस्तान के सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 92 वनडे मैचों में 45.42 की शानदार औसत से 3,861 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी गैरमौजूदगी पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को कमजोर कर सकती है।

    वहीं युवा बल्लेबाज सईम अयूब ने भी सीमित मौकों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने 17 वनडे मैचों में 751 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में भी 9 विकेट हासिल किए हैं। उन्हें एक उभरते हुए ऑलराउंडर के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन चोट ने उनकी प्रगति पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है।

    30 मई से शुरू होने वाली इस वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक टीम की घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि अब चयनकर्ताओं को ओपनिंग क्रम के लिए नए विकल्प तलाशने होंगे।

    हाल के समय में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन भी लगातार सवालों के घेरे में रहा है। टीम हाल ही में बांग्लादेश दौरे पर दो टेस्ट मैच हार चुकी है, जिससे दबाव और बढ़ गया है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सीरीज पाकिस्तान के लिए खुद को साबित करने का महत्वपूर्ण मौका माना जा रहा है।

    अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि पाकिस्तान टीम इन दो बड़े खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में किस संयोजन के साथ मैदान में उतरती है और क्या वह ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ चुनौती पेश कर पाती है या नहीं।

  • PSL में पाकिस्तान क्रिकेट पर कलंक, फखर जमान को बॉल टैंपरिंग पर 2 मैच का बैन

    PSL में पाकिस्तान क्रिकेट पर कलंक, फखर जमान को बॉल टैंपरिंग पर 2 मैच का बैन


    नई दिल्ली पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में बॉल टैंपरिंग के आरोप में दिग्गज बल्लेबाज Fakhar Zaman को दो मुकाबलों के लिए सस्पेंड कर दिया है। फखर को टूर्नामेंट के आचार संहिता के लेवल 3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया।

    घटना का विवरण

    29 मार्च को गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच मुकाबले में आखिरी ओवर शुरू होने से पहले फखर जमान गेंद को खुरचते नजर आए। मैदान पर मौजूद अंपायर ने गेंद में जानबूझकर बदलाव पाया। इसके चलते लाहौर कलंदर्स पर 5 रनों की पेनाल्टी लगी और पुरानी गेंद बदलकर नई गेंद मैच में शामिल की गई। इस घटना के बाद कराची किंग्स ने आखिरी ओवर में 4 विकेट से जीत दर्ज की।

    नियम और सुनवाई

    फखर पर यह आरोप आर्टिकल 2.14 के तहत लगा, जो गेंद की स्थिति बदलने से संबंधित है। ऑन-फील्ड अंपायर शाहिद सैकत और फैसल खान अफरीदी, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और फोर्थ अंपायर तारिक राशिद ने फखर पर आरोप लगाए। फखर ने इन आरोपों से इनकार किया और अपील की, जिसके बाद अनुशासनात्मक सुनवाई हुई।

    लेवल-3 के अपराध के लिए कम से कम एक और अधिकतम दो मुकाबलों तक का बैन लगाया जा सकता है। मैच रेफरी Roshan Mahanama ने सबूतों की समीक्षा करने और फखर की बात सुनने के बाद यह फैसला सुनाया। सुनवाई में लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह आफरीदी, टीम डायरेक्टर समीन राणा और मैनेजर फारूक अनवर उपस्थित थे।

    प्रतिबंधित मैच

    फखर जमान 3 अप्रैल को मुल्तान सुल्तांस और 9 अप्रैल को इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

  • रन-आउट विवाद के बाद सलमान आगा का बड़ा बयान, बोले– अभी तक मेहदी से सुलह नहीं हुई

    रन-आउट विवाद के बाद सलमान आगा का बड़ा बयान, बोले– अभी तक मेहदी से सुलह नहीं हुई


    नई दिल्ली। सलमान अली आगा ने ढाका वनडे में हुए विवादित रन-आउट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और बांग्लादेश राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच खेले गए इस मुकाबले के बाद यह घटना क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गई है।

    मैच के बाद मीडिया से बातचीत में आगा ने कहा कि उनके हिसाब से इस तरह की स्थिति में खेल भावना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी। उन्होंने बताया कि वह गेंद बढ़ाकर बांग्लादेश के कप्तान को वापस देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसी दौरान उन्हें रन-आउट कर दिया गया। आगा ने कहा, “मुझे लगता है कि खेल भावना होनी चाहिए। मैं मेहंदी को गेंद वापस देने की कोशिश कर रहा था। ऐसी स्थिति में इसे डेड बॉल भी करार दिया जा सकता था।”

    “मैं रन लेने की कोशिश नहीं कर रहा था”
    आगा ने पूरी घटना को विस्तार से बताया कि गेंद पहले उनके पैड और फिर बैट पर लगी थी। इसी वजह से उन्हें लगा कि अब गेंद खेल में एक्टिव नहीं रह रही है और वे बस गेंद बढ़ाकर वापस देने की कोशिश कर रहे थे।

    उन्होंने कहा, “गेंद मेरे पैड पर और फिर मेरे बैट पर लगी। इसलिए मुझे लगा कि वह अब मुझे रन-आउट नहीं कर सकते। मैं बस उन्हें गेंद वापस देने की कोशिश कर रहा था। मैं रन ढूंढ नहीं रहा था, लेकिन उन्होंने पहले ही रन-आउट करने का फैसला कर लिया। हालांकि आगा ने यह भी माना कि बांग्लादेश की टीम ने नियमों के भीतर रहते हुए ही यह फैसला लिया। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि यह सही है तो यह उनका फैसला है, लेकिन वह खुद ऐसी स्थिति में अलग-अलग तरीकों से व्यवहार करते।

    गुस्से पर भी दी सफाई
    रन-आउट होने के बाद सलमान अली आगा काफी नाराज़ नज़र आए थे। उन्होंने गुस्से में अपने ग्लव्स और हेलमेट भी फेंक दिए थे और मैदान पर बांग्लादेशी खिलाड़ियों से भिड़ंत बहस भी हुई थी।

    इस पर सफाई देते हुए आगा ने कहा कि उस समय वह भावनाओं में बह गए थे। उन्होंने माना कि उस पल में उनकी प्रतिक्रिया गुस्से में आई और शायद कुछ चीज़ों को अलग-अलग तरीकों से संभाला जा सकता था।

    लिटन दास से भी हुई बहस
    इस घटना के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ी और बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास के बीच भी भिड़ंत बहस देखने को मिली थी।

    आगा ने इस पर कहा, “मुझे याद नहीं कि मैं क्या कह रहा था और वह क्या कह रहे थे। मुझे यकीन है कि मैं अच्छी बातें नहीं कह रहा था और वह भी नहीं कह रहे थे। लेकिन वह उस पल की गर्मी थी, इसलिए अब सब ठीक है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक उनकी मेहदी हसन मिराज से सुलह नहीं हुई है, लेकिन वह जल्द ही उनसे बात करेंगे।

    विवादित रन-आउट कैसे हुआ था
    यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर की चौथी गेंद पर हुई। बॉलिंग कर रहे थे मेहदी हसन मिराज और स्ट्राइक पर थे मोहम्मद रिजवान।

    रिजवान ने बॉल को हल्के हाथों से बॉलर की दिशा में खेला। बॉल पकड़ने की कोशिश में मिराज और नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े होकर टक्कर मार दी। बॉल रुक गई थी, इसलिए आगा ने रन लेने का इरादा छोड़ दिया और बॉल बढ़कर मिराज को देने लगे।

    इस बीच मिराज ने बॉल लेकर सीधे स्टिफ्ट्स पर थ्रो कर दिया। उस समय आगा क्रीज से बाहर थे। बांग्लादेशी खिलाड़ियों की अपील के बाद मामला तीसरे अंपायर के पास गया और उन्हें रन-आउट दे दिया गया।

    पाकिस्तान ने मैच जीता
    मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम ने 50 ओवर में 274 रन बनाए। टीम के लिए माज सदाकत ने 75 रन, सलमान अली आगा ने 64 रन और मोहम्मद रिजवान ने 44 रन की अहम पारी खेली।

    बारिश के कारण लक्ष्य को डीएलएस नियम के तहत अधिकृत किया गया और बांग्लादेश की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 32 ओवर में 243 रन का लक्ष्य मिला। हालांकि बांग्लादेश की टीम 114 रन पर ही सिमट गई और पाकिस्तान ने 128 रन से मुकाबला जीत लिया।

    ढाका वनडे में पाकिस्तान की बड़ी जीत के बावजूद सबसे ज्यादा चर्चा सलमान आगा के विवादित रन-आउट को लेकर हो रही है। आगा ने साफ कहा है कि वे अभी तक मेहदी हसन मिराज से सुलह नहीं की है, लेकिन जल्द ही उनसे बातचीत कर इस विवाद को खत्म करने की कोशिश करेंगे।

  • 'इंडिया को 4 गुजराती चला रहे हैं', IND vs PAK मैच से पहले शाहिद अफरीदी ने उगला जहर; जानें अब क्या कहा

    'इंडिया को 4 गुजराती चला रहे हैं', IND vs PAK मैच से पहले शाहिद अफरीदी ने उगला जहर; जानें अब क्या कहा


    नई दिल्ली ।टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर पिछले काफी दिनों से विवाद चल रहा है. पाकिस्तान ने 15 फरवरी को होने वाले भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का एलान किया, लेकिन अब अपने फैसले से यू-टर्न लेते हुए उन्हें खेलने के लिए राजी होना पड़ा. इस बीच शाहिद अफरीदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हमेशा की तरह इसमें भी वह भारत के खिलाफ जहर ही उगल रहे हैं.

    पूरा पाकिस्तान इस समय बौखलाया हुआ है, जो उनके बयानों से साफ झलक रहा है. दरअसल पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स पहले इस बात से खुश थे कि उनके देश ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया. उन्हें लगा कि इससे बीसीसीआई या आईसीसी दबाव में आ जाएगा, लेकिन इसके उलट पीसीबी पर ही दबाव बढ़ता गया और अंत में उन्हें भारत के खिलाफ खेलने के लिए राजी होना पड़ा. शाहिद अफरीदी का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहे हैं कि भारत को सिर्फ 4 गुजराती चला रहे हैं.

    शाहिद अफरीदी ने उगला भारत के खिलाफ जहर
    पाकिस्तानी टीवी चैनल समा पर एक शो के दौरान शाहिद अफरीदी ने कहा, “इंडिया को 4 गुजराती चला रहे हैं. 2 बेच रहे हैं और 2 चला रहे हैं. अगर नीचे काम करने वालों को इन्हीं चारों को खुश करना है तो ऐसे चीजें चलती नहीं हैं.” अफरीदी की बातों से साफ झलक रहा था कि वह आईसीसी के सामने पाकिस्तान क्रिकेट की बेबसी और हालत देखकर कितने मायूस हैं.

    15 फरवरी को होगा भारत-पाकिस्तान मैच
    भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप (A) में शामिल हैं. दोनों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में मैच होना है. पाकिस्तान ने जब इस मैच के बहिष्कार का फैसला किया था तो उसके बाद सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा था कि टीम इंडिया मैच खेलने जाएगी, चाहे विरोधी टीम आए या न आए. भारत शुरुआत से अपने स्टैंड पर अड़ा रहा, लेकिन अंत में पाकिस्तान को झुकना पड़ा.
  • विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर संशय, टीम चयन के बाद भी जारी है अटकलें

    विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर संशय, टीम चयन के बाद भी जारी है अटकलें

    नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम के ऐलान के साथ ही माना जा रहा है कि पाकिस्तान विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए तैयार है, लेकिन वास्तविक स्थिति कुछ और है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के विश्व कप खेलने पर अब भी संशय बना हुआ है।

    पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने साफ किया है कि टीम की घोषणा को टूर्नामेंट में भागीदारी की पुष्टि के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।

    एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम की घोषणा के बाद नकवी ने विश्व कप के लिए चुने गए खिलाड़ियों के साथ एक बंद कमरे में बैठक की। बैठक में खिलाड़ियों को पीसीबी के मौजूदा रुख और सरकार की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

    लाहौर में हुई चर्चा के दौरान नकवी ने खिलाड़ियों और हेड कोच माइक हेसन से कहा, “हम सरकार की सलाह का इंतजार कर रहे हैं। सरकार जो भी फैसला लेगी, हम उसका पालन करेंगे। अगर वे नहीं चाहते कि हम विश्व कप में हिस्सा लें, तो हम नहीं जाएंगे।”

    इस बैठक में खिलाड़ियों को बांग्लादेश के समर्थन में पीसीबी के रुख के बारे में भी बताया गया। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत जाने से इनकार कर दिया था, जिसे पाकिस्तान ने आईसीसी का गलत फैसला करार दिया है।

    रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों ने इस मुद्दे पर पीसीबी और सरकार का समर्थन किया। खिलाड़ियों ने कथित तौर पर कहा कि बोर्ड और सरकार जो भी फैसला लेंगी, वे उसके साथ खड़े रहेंगे। पाकिस्तान के सोमवार को इस पूरे मामले पर अपना अंतिम फैसला घोषित करने की उम्मीद है।

    मीडिया से बातचीत में नकवी ने रविवार को कहा कि बोर्ड अभी भी पाकिस्तान सरकार के अंतिम फैसले का इंतजार कर रही है कि टीम को विश्व कप खेलना चाहिए या नहीं। उन्होंने कहा कि ये बात खिलाड़ियों को भी स्पष्ट रूप से बता दी गई है।

    टी20 विश्व कप में पाकिस्तान को भारत, नामीबिया, यूएसए और नीदरलैंड के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हो रहे विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम विश्व कप के अपने सारे मैच श्रीलंका में खेलेगी।

    अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का फैसला लेती है, तो आईसीसी उस पर सख्त प्रतिबंध लगा सकती है। वहीं विश्व कप में उसकी जगह युगांडा को मौका दिया जा सकता है