मुरैना। जिले के बानमोर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दिनदहाड़े हुई अपहरण की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अपहरणकर्ताओं ने फोन कर युवक को घर के बाहर बुलाया। बानमौर नगर की पवाया रोड पर आते ही 26 वर्षीय युवक को अज्ञात कार सवार बदमाशों ने रोक लिया।आरोपियों ने पहले युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और युवक की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। अपह्रत युवक दिल्ली में सीसीटीवी कैमरा लगाने के साथ-साथ पैसों के ऑनलाइन ट्रांसफर का काम करता था।यह लेनदेन का ही मामला माना जा रहा है और यह घटना दिल्ली में हुई किसी लेनदेन को लेकर हुए विवाद के कारण ही बताई जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद बानमोर क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, हाईवे पर निगरानी मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान से इस तरह किसी युवक का अपहरण होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

