Tag: quarter final

  • फीफा वर्ल्ड कप 2026: मोरक्को का दमदार प्रदर्शन, कनाडा को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

    फीफा वर्ल्ड कप 2026: मोरक्को का दमदार प्रदर्शन, कनाडा को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह


    नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मोरक्को ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में सह-मेजबान कनाडा को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। ह्यूस्टन में खेले गए इस मुकाबले में पहले हाफ तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला लेकिन दूसरे हाफ में मोरक्को ने आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार तीन गोल दागकर मुकाबले को पूरी तरह अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ कनाडा का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।

    मुकाबले की शुरुआत कनाडा ने बेहद आक्रामक अंदाज में की। शुरुआती मिनटों में जोनाथन डेविड और तानी ओलुवासेई ने गोल करने के अच्छे मौके बनाए लेकिन मोरक्को के अनुभवी गोलकीपर यासीन बौनू ने शानदार बचाव करते हुए टीम को शुरुआती झटके से बचा लिया। पहले 45 मिनट तक दोनों टीमों ने जोरदार संघर्ष किया लेकिन कोई भी गोल नहीं हो सका।

    पहले हाफ के दौरान मुकाबला काफी तनावपूर्ण भी रहा। खिलाड़ियों के बीच कई बार तीखी भिड़ंत देखने को मिली और रेफरी ने कुल सात येलो कार्ड दिखाए। 40वें मिनट में मोरक्को के कप्तान अचरफ हकीमी और कनाडा के रिची लारिया के बीच धक्का-मुक्की से मैदान का माहौल भी गर्मा गया लेकिन दोनों टीमों ने संयम बनाए रखा।

    दूसरे हाफ की शुरुआत के साथ ही मोरक्को ने अपनी रणनीति बदली और इसका फायदा भी तुरंत मिला। 50वें मिनट में अचरफ हकीमी की फ्री किक पर अजेदीन ओनाही ने बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया और मोरक्को को 1-0 की बढ़त दिला दी।

    गोल खाने के बाद कनाडा ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए लेकिन मोरक्को की मजबूत रक्षापंक्ति और यासीन बौनू की शानदार गोलकीपिंग के सामने उसके अधिकांश प्रयास नाकाम रहे। पूरे मैच में कनाडा के केवल तीन शॉट ही गोलपोस्ट तक पहुंच सके।

    मुकाबले के अंतिम चरण में मोरक्को ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। 82वें मिनट में अजेदीन ओनाही ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद इंजरी टाइम में सौफियाने रहीमी ने शानदार फिनिश के साथ तीसरा गोल करते हुए मोरक्को की 3-0 की यादगार जीत पर मुहर लगा दी।

    इस जीत के साथ मोरक्को अब क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है जहां उसका मुकाबला पैराग्वे और फ्रांस के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से होगा। वहीं सह-मेजबान कनाडा भले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गया लेकिन उसने अपने घरेलू विश्व कप में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। कनाडा ने पहली बार विश्व कप में अंक अर्जित किए पहली जीत दर्ज की और पहली बार नॉकआउट चरण तक पहुंचकर अपने फुटबॉल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा।

  • क्वार्टर फाइनल की तरह होगा Ind vs WI मैच, बारिश में धुला तो जानिए किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?

    क्वार्टर फाइनल की तरह होगा Ind vs WI मैच, बारिश में धुला तो जानिए किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?


    नई दिल्ली।
    टी 20 विश्व कप 2026 (T20 World Cup 2026) में सुपर 8 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। ग्रुप 1 के दो ही मैच बाकी हैं, जिनमें एक ही साउथ अफ्रीका वर्सेस जिम्बाब्वे (South Africa vs Zimbabwe) मैच, जबकि दूसरा है इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज (India vs West Indies) मैच। पहले मैच का असर सेमीफाइनल्स पर नहीं पड़ेगा, लेकिन दूसरा मैच एक तरह से वर्चुअल क्वार्टर फाइनल है। इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज सुपर 8 मैच में जो टीम जीत दर्ज करेगी, उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। हालांकि, एक चिंता भारतीय फैंस को सता रही है कि क्या बारिश खेल बिगाड़ेगी? अगर बारिश में मैच धुला तो फिर कौन सी टीम सेमीफाइनल में जाएगी? इन्हीं सवालों का जवाब आपको इस स्टोरी में मिलने वाला है।

    इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज सुपर 8 का मुकाबला एक मार्च को होना है। शाम सात बजे से टूर्नामेंट का ये अहम मैच खेला जाएगा। टीम इंडिया और वेस्टइंडीज अपने दो-दो मैचों में से एक-एक मैच जीत चुकी हैं, जबकि दोनों को साउथ अफ्रीका से हार मिली है। अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए नेट रन रेट को सुधारने की जरूरत न तो टीम इंडिया को है, न ही वेस्टइंडीज को, क्योंकि अब समीकरण सीधा और साफ है कि जो भी टीम इस मैच में जीतेगी, उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। जीत कितनी भी बड़ी हो या फिर कितनी भी छोटी, सिर्फ जीत मायने रखेगी।

    अब दूसरा सवाल कि क्या इस मैच पर बारिश का साया है तो इसका जवाब है- नहीं। मैच के टाइम पर बीबीसी वेदर और एक्यूवेदर की रिपोर्ट पर भरोसा करें तो एक पर्सेंट भी बारिश का अनुमान नहीं है। अगर रिपोर्ट के आधार पर चलें तो मैच पूरा होगा, क्योंकि जब मैच शुरू होगा और जब मैच खत्म होने का समय होगा, तब तक बारिश होने का अनुमान है। ऐसे में फैंस को घबराने की जरूरत नहीं है।

    हालांकि, अगर कुदरत का निजाम आया और बारिश ने मैच में खलल डाला और बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हुआ तो फिर टीम इंडिया के लिए यह अच्छा नहीं होगा। इसके पीछे की वजह है- नेट रन रेट, क्योंकि अगर बारिश के कारण इंडिया और वेस्टइंडीज को एक-एक पॉइंट मिला तो दोनों टीमों के 3-3 पॉइंट हो जाएंगे और फिर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा, क्योंकि अभी नेट रन रेट वेस्टइंडीज का भारत से कहीं ज्यादा बेहतर है। टीम इंडिया का नेट रन रेट 2 मैचों के बाद 2 पॉइंट्स के साथ -0.100 है, जबकि वेस्टइंडीज का 2 पॉइंट्स के बाद नेट रन रेट +1.791 है।