Tag: rain forecast MP

  • एमपी में आज से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश की संभावना, 30-31 मार्च को रहेगा ज्‍यादा प्रभाव

    एमपी में आज से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश की संभावना, 30-31 मार्च को रहेगा ज्‍यादा प्रभाव

    मध्य प्रदेश में रविवार से मौसम करवट लेने जा रहा है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर बना रहेगा। इसकी वजह वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और टर्फ सिस्टम की सक्रियता है। मौसम केंद्र के मुताबिक 30 और 31 मार्च को यह सिस्टम ज्यादा प्रभावी रहेगा, जिससे कई इलाकों में तेज गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इस दौरान ग्वालियर और चंबल संभाग में ओले गिरने की भी आशंका है।

    सिस्टम की सक्रियता से बढ़ेगा असर
    शनिवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में दोनों सिस्टम सक्रिय रहे, जो रविवार को आगे बढ़ेंगे। इसके चलते प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू होगा। अगले 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।

    30-31 मार्च को तेज रहेगा मौसम का मिजाज
    मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च से सिस्टम का असर और बढ़ेगा। ग्वालियर, भिंड और दतिया में ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा। 31 मार्च को भी यही स्थिति रहने का अनुमान है। 1 अप्रैल से सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

    गर्मी से मिलेगी राहत
    आंधी और बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी। फिलहाल प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना हुआ है। नर्मदापुरम सबसे गर्म बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की कमी आ सकती है।

    तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
    शनिवार को भी प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। नर्मदापुरम में 1.5 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 38.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि खंडवा में भी इतना ही तापमान रहा। रतलाम में 38.2 डिग्री, खरगोन में 38 डिग्री, बैतूल में 37.7 डिग्री, नरसिंहपुर और खजुराहो में 37.6 डिग्री, मंडला में 37.5 डिग्री, धार और सिवनी में 37.2 डिग्री, जबकि श्योपुर और सागर में तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

    बड़े शहरों का हाल
    बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री रहा। भोपाल में 36.2 डिग्री, इंदौर में 36.5 डिग्री, ग्वालियर में 35.3 डिग्री और उज्जैन में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

  • MP में मौसम लेने जा रहा करवट, ग्वालियर समेत 7 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 30 मार्च तक असर

    MP में मौसम लेने जा रहा करवट, ग्वालियर समेत 7 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 30 मार्च तक असर


    भोपाल। पश्चिमी विक्षोभ वेस्टर्न डिस्टरबेंस और सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के असर से मध्य प्रदेश में शुक्रवार से मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में ग्वालियर सहित 7 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। यह मार्च महीने में तीसरी बार होगा जब प्रदेश में बारिश का दौर देखने को मिलेगा।इससे पहले गुरुवार को प्रदेश में गर्मी का असर चरम पर रहा और नर्मदापुरम में तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। 

    मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पश्चिमी क्षेत्र में दो चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। इन सिस्टम्स के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। शुक्रवार को ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

    इसके अलावा, 30 मार्च तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के करीब 28 जिलों में कहीं-कहीं बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। 28 मार्च को हल्की बारिश, जबकि 30 मार्च को सिस्टम का असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है।

    शुक्रवार से शुरू हो रहे इस बदलाव से पहले प्रदेश में तेज गर्मी देखने को मिली। नर्मदापुरम के अलावा रतलाम में 39.6 डिग्री, गुना में 38.6 डिग्री, धार, रायसेन और मंडला में 38.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। खरगोन में 38.2 डिग्री, शाजापुर और खंडवा में 38.1 डिग्री, जबकि टीकमगढ़ और खजुराहो में पारा 38 डिग्री तक पहुंचा।

    अन्य जिलों जैसे छिंदवाड़ा, दमोह, बैतूल, श्योपुर, सागर और सतना में भी तापमान 37 डिग्री या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां 37.7 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। भोपाल में 37.4 डिग्री, इंदौर में 37.2 डिग्री, ग्वालियर में 38.6 डिग्री और जबलपुर में 37.5 डिग्री तापमान रहा।

    मार्च महीने में इससे पहले भी दो बार आंधी-बारिश का दौर आ चुका है। एक चरण चार दिन तक चला, जिसमें 45 से अधिक जिलों में बारिश हुई और 17 जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई। इससे गेहूं, पपीता और केला जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा। अब तीसरा दौर 27 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च तक जारी रहने की संभावना है।

    मौसम विभाग ने आगे के महीनों को लेकर भी चेतावनी दी है। अनुमान के मुताबिक अप्रैल और मई में प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ सकती है। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी का असर तेज रहेगा।