Tag: Ramayana Part 1

  • दिवाली वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस की महाजंग, 'रामायण' के सामने उतरेंगी साउथ और हॉलीवुड की ये 3 बड़ी फिल्में

    दिवाली वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस की महाजंग, 'रामायण' के सामने उतरेंगी साउथ और हॉलीवुड की ये 3 बड़ी फिल्में


    नई दिल्ली। दिवाली का त्योहार इस बार सिनेमा प्रेमियों के लिए मनोरंजन का बड़ा मौका लेकर आ रहा है। नवंबर के पहले सप्ताह में सिनेमाघरों में फिल्मों की ऐसी भिड़ंत देखने को मिलेगी जिसका इंतजार दर्शक लंबे समय से कर रहे हैं। रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण पार्ट 1 पांच नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। लेकिन रामायण की रिलीज के ठीक अगले दिन यानी छह नवंबर को तीन और फिल्में बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली हैं। ऐसे में दिवाली वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस का मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है।

    रामायण को टक्कर देने वाली फिल्मों में पहली फिल्म सीन है। इस फिल्म के जरिए निर्देशक जिथु माधवन तमिल सिनेमा में कदम रखने जा रहे हैं। जिथु माधवन इससे पहले आवेशम जैसी चर्चित फिल्म बना चुके हैं। सीन को साइकोलॉजिकल एक्शन कॉमेडी के रूप में तैयार किया गया है। इसमें सूर्या नासलन और नज्रिया नाजिम अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्माण सूर्या और ज्योतिका के प्रोडक्शन हाउस 2D एंटरटेनमेंट तथा झगराम स्टूडियोज ने मिलकर किया है।

    फिल्म में सूर्या डीएसपी इनबराज पांडियन आईपीएस का किरदार निभा रहे हैं। इसकी कहानी एक बर्खास्त पुलिसकर्मी के खिलाफ चल रहे मामले और उसे सुलझाने के दौरान सामने आने वाली मुश्किलों के इर्द गिर्द घूमती है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए एक अनोखी टीम बनाई जाती है। फिल्म में एक्शन के साथ कॉमेडी और सस्पेंस का मेल देखने को मिलेगा। छह नवंबर को रिलीज होने वाली यह फिल्म दक्षिण भारतीय दर्शकों के बीच खास आकर्षण बन सकती है।

    दूसरी फिल्म मूकुथी अम्मन 2 है। नयनतारा की चर्चित फिल्म के इस सीक्वल को लेकर भी दर्शकों में उत्साह है। सुंदर सी के निर्देशन में बनी इस फैंटेसी ड्रामा फिल्म में नयनतारा एक बार फिर अहम भूमिका निभा रही हैं। कहानी में दो अलग अलग समय की घटनाओं को जोड़ा गया है और शक्तिशाली ताकतों के बीच टकराव दिखाया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक नयनतारा इसमें दोहरी भूमिका में नजर आ सकती हैं जबकि रेजिना कैसेंड्रा खलनायिका के किरदार में दिखाई देंगी। विजय उर्वशी और योगी बाबू भी फिल्म का हिस्सा हैं। फैंटेसी और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी कहानियां पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म खास हो सकती है।

    तीसरी फिल्म हॉलीवुड की एनिमेटेड मूवी द कैट इन द हैट है। यह फिल्म मशहूर लेखक डॉ. स्यूस की लोकप्रिय किताब पर आधारित है। वार्नर ब्रदर्स की इस फिल्म में मुख्य किरदार को अभिनेता बिल हैडर ने अपनी आवाज दी है। जादू मस्ती और रोमांच से भरपूर यह एनिमेटेड फिल्म खासतौर पर बच्चों और परिवारों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। ऐसे में दिवाली की छुट्टियों में परिवार के साथ फिल्म देखने की योजना बना रहे दर्शकों के लिए यह एक अलग विकल्प हो सकती है।

    अब सवाल यह है कि दिवाली वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस का बाजीगर कौन बनेगा। रामायण को बड़े सितारों और भव्य निर्माण का फायदा मिल सकता है। वहीं सीन और मूकुथी अम्मन 2 अपने अलग विषय और दक्षिण भारतीय दर्शकों के बीच लोकप्रिय कलाकारों के दम पर दर्शकों को आकर्षित कर सकती हैं। दूसरी ओर द कैट इन द हैट बच्चों और परिवारों का ध्यान खींच सकती है। अलग अलग जॉनर की इन फिल्मों के कारण दर्शकों के पास कई विकल्प होंगे। अब सबकी निगाहें इस बात पर रहेंगी कि कौन सी फिल्म दर्शकों की पहली पसंद बनती है और दिवाली वीकेंड की कमाई में सबसे आगे निकलती है।

  • ट्रेलर में क्यों नहीं दिखे सनी देओल? रामायण पार्ट 1 के अंत में मिलेगा बड़ा जवाब

    ट्रेलर में क्यों नहीं दिखे सनी देओल? रामायण पार्ट 1 के अंत में मिलेगा बड़ा जवाब


    नई दिल्ली। रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म रामायण इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बनी हुई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में तैयार हो रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। वहीं साउथ के सुपरस्टार यश फिल्म में रावण की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर लगातार सामने आ रहे अपडेट के बीच अब इसके पहले पार्ट के क्लाइमैक्स से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है जो दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा सकती है।

    फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही एक सवाल लगातार चर्चा में है कि आखिर सनी देओल कहां हैं। फिल्म में सनी देओल के हनुमान का किरदार निभाने की जानकारी पहले से सामने आ चुकी है लेकिन ट्रेलर में उनकी कोई स्पष्ट झलक देखने को नहीं मिली। इसी वजह से फैंस के बीच यह सवाल उठ रहा था कि मेकर्स ने हनुमान के किरदार को ट्रेलर से क्यों दूर रखा है। अब सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक इसका जवाब फिल्म के क्लाइमैक्स में मिल सकता है।

    रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रामायण पार्ट 1 का अंत भगवान हनुमान की झलक के साथ किया जा सकता है। यानी जिस किरदार को लेकर दर्शकों में सबसे ज्यादा उत्सुकता है उसकी पहली बड़ी झलक फिल्म खत्म होने के ठीक पहले दिखाई जा सकती है। यह सीन इतना महत्वपूर्ण हो सकता है कि मेकर्स इसे फिल्म का आखिरी सीन रखने के अलावा मिड क्रेडिट या पोस्ट क्रेडिट सीन के रूप में भी पेश कर सकते हैं।

    अगर ऐसा होता है तो सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए यह बड़ा सरप्राइज साबित हो सकता है। फिल्म की कहानी के अगले हिस्से को लेकर भी उत्सुकता बढ़ाने के लिए यह तरीका अपनाया जा सकता है। खासतौर पर सनी देओल की लोकप्रियता और हनुमान के किरदार से जुड़ी भावनात्मक अपील को देखते हुए क्लाइमैक्स में उनकी झलक दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर सकती है।

    रामायण को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहला भाग इस साल दिवाली के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में लाने की तैयारी है जबकि दूसरे भाग को अगले साल रिलीज किया जाना है। ऐसे में पहले पार्ट के अंत में हनुमान की एंट्री कहानी को अगले भाग से जोड़ने के लिए अहम कड़ी बन सकती है।

    फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के साथ यश और सनी देओल जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी ने पहले ही इसके प्रति दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ा दी हैं। अब अगर क्लाइमैक्स में सनी देओल के हनुमान का परिचय कराया जाता है तो यह फिल्म के सबसे चर्चित पलों में से एक बन सकता है। हालांकि क्लाइमैक्स में हनुमान की झलक को लेकर सामने आई जानकारी फिलहाल रिपोर्ट्स पर आधारित है और आधिकारिक तौर पर मेकर्स की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

  • रणबीर कपूर का खुलासा: डरावना था एनिमल का किरदार लेकिन डायरेक्टर के भरोसे ने फिल्म को बनाया यादगार

    रणबीर कपूर का खुलासा: डरावना था एनिमल का किरदार लेकिन डायरेक्टर के भरोसे ने फिल्म को बनाया यादगार


    नई दिल्ली।भारतीय सिनेमा के इतिहास में साल 2023 की सबसे चर्चित और विवादित फिल्म ‘एनिमल’ ने रणबीर कपूर को एक ऐसे मुकाम पर खड़ा कर दिया है जहाँ उनकी अदाकारी की चर्चा सरहदों के पार भी हो रही है। हाल ही में फिल्म के जापान प्रीमियर से पहले आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रणबीर ने अपनी इस यात्रा के कई अनकहे पहलुओं को साझा किया। उन्होंने बड़ी बेबाकी से यह स्वीकार किया कि जब डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने उन्हें पहली बार फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाई थी तो वह खुद अपने ही किरदार रणविजय से काफी डर गए थे। उन्हें महसूस हुआ था कि यह किरदार कोई आम हीरो नहीं है बल्कि इसमें एक गहरा अंधेरा और खतरनाक जुनून छिपा है।

    रणबीर ने बताया कि एक अभिनेता के तौर पर उन्हें हमेशा से कुछ अलग करने की तलाश रहती है और ‘एनिमल’ की कहानी में उन्हें वह जोखिम नजर आया। हालांकि शुरुआत में वह डरे हुए थे लेकिन जैसे-जैसे संदीप ने उन्हें इस कहानी के पीछे के जज्बात और एक पिता के प्रति बेटे के पागलपन भरे प्यार को समझाया रणबीर का डर एक्साइटमेंट में बदल गया। उन्होंने कहा कि संदीप रेड्डी वांगा के काम करने का तरीका और उनका अटूट आत्मविश्वास ही वह मुख्य वजह थी जिसने उन्हें इस फिल्म के लिए ‘हां’ कहने पर मजबूर किया। उन्हें लगा कि अगर डायरेक्टर इस कहानी को इतनी ईमानदारी और जुनून के साथ पर्दे पर उतारना चाहता है तो उन्हें भी अपनी सीमाओं को तोड़ना ही होगा।

    फिल्म के दौरान आने वाली शारीरिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए रणबीर ने उस यादगार क्लाइमेक्स सीन को याद किया जिसने पर्दे पर तहलका मचा दिया था। उन्होंने बताया कि बॉबी देओल के साथ शर्टलेस फाइट सीक्वेंस शूट करना उनके लिए सबसे कठिन अनुभव रहा। कड़ाके की ठंड में बिना कपड़ों के उस तीव्रता के साथ लड़ना न केवल शारीरिक रूप से थका देने वाला था बल्कि मानसिक तौर पर भी उस गुस्से को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि एक्शन सीन्स की मौलिकता ने ही उन्हें इस प्रक्रिया का आनंद लेने के लिए प्रेरित किया।

    रणबीर कपूर की यह फिल्म न केवल उनके करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी बल्कि इसने सिनेमाई दुनिया में एक नई बहस को भी जन्म दिया। फिल्म में रश्मिका मंदाना बॉबी देओल और तृप्ति डिमरी के किरदारों ने भी कहानी में जान फूंकी। अब जबकि दुनिया भर के दर्शक फिल्म के सीक्वल ‘एनिमल पार्क’ का इंतजार कर रहे हैं रणबीर अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘रामायण’ की तैयारी में जुट गए हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि जिस अभिनेता ने खूंखार रणविजय बनकर दर्शकों को डराया वह अब भगवान राम के रूप में पर्दे पर क्या जादू बिखेरते हैं।