Tag: ranks third

  • खजुराहो एयरपोर्ट देशभर में टॉप पर, भोपाल का राजाभोज एयरपोर्ट तीसरे स्थान पर

    खजुराहो एयरपोर्ट देशभर में टॉप पर, भोपाल का राजाभोज एयरपोर्ट तीसरे स्थान पर


    भोपाल।
    मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के खजुराहो एयरपोर्ट (Khajuraho Airport) ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के इस साल के नेशनल कस्टमर सैटिस्फैक्शन रैंकिंग (National Customer Satisfaction Survey Ranking) में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है. वहीं, भोपाल स्थित राजा भोज एयरपोर्ट (Raja Bhoj Airport) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है. यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और सेवा गुणवत्ता के मामले में दोनों एयरपोर्ट का शीर्ष स्थानों पर पहुंचना मध्य प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।

    खजुराहो एयरपोर्ट के डायरेक्टर संतोष सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरी टीम की कड़ी मेहनत, यात्रियों के भरोसे और बेहतर सेवाएं देने की निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट मैनेजमेंट का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और भविष्य में सेवा की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाना है. उनका कहना था कि यात्रियों का सकारात्मक अनुभव ही किसी भी एयरपोर्ट की सबसे बड़ी सफलता का पैमाना होता है।


    यात्रियों के फीडबैक के आधार पर बनी रैंकिंग

    एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के मुताबिक, यह रैंकिंग देशभर के विभिन्न हवाई अड्डों पर यात्रियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर तैयार की गई है. सर्वे के दौरान यात्रियों से एयरपोर्ट पर मिलने वाली सुविधाओं और सेवाओं के बारे में विस्तृत प्रतिक्रिया ली गई. इसके बाद विभिन्न मानकों पर एयरपोर्ट का मूल्यांकन कर अंतिम रैंकिंग जारी की गई. इस सर्वे में चेक-इन प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, टर्मिनल की साफ-सफाई, कर्मचारियों का व्यवहार, प्रतीक्षा समय, खानपान की सुविधाएं, सूचना प्रणाली और यात्रियों के समग्र अनुभव जैसे कई महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया।

    इन सभी मानकों पर खजुराहो एयरपोर्ट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया. संतोष सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एयरपोर्ट प्रबंधन के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध खजुराहो के मंदिर, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं, हर साल बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. ऐसे में बेहतर हवाई संपर्क, आधुनिक सुविधाएं और उत्कृष्ट यात्री अनुभव क्षेत्र में पर्यटन को और बढ़ावा देंगे।

    वहीं, भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट का देश में तीसरे स्थान पर आना भी इस बात का संकेत है कि मध्य प्रदेश के हवाई अड्डों पर यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है. अधिकारियों का मानना है कि इस उपलब्धि से राज्य की सकारात्मक छवि मजबूत होगी और भविष्य में अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।

  • कच्चे तेल के आयात में भारी कटौती… रूस से ईंधन खरीदने के मामले में तीसरे स्थान पर आया भारत

    कच्चे तेल के आयात में भारी कटौती… रूस से ईंधन खरीदने के मामले में तीसरे स्थान पर आया भारत


    नई दिल्ली।
    रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) और सार्वजनिक क्षेत्र की रिफाइनरियों (Public sector Refineries) द्वारा कच्चे तेल के आयात (Crude oil Imports) में भारी कटौती (Significant Reduction ) के बाद दिसंबर 2025 में रूस से इस ईंधन को खरीदने के मामले में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है। यूरोपीय शोध संस्थान सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इसके अनुसार भारत द्वारा रूस से कुल हाइड्रोकार्बन आयात दिसंबर में 2.3 अरब यूरो रहा, जो पिछले महीने के 3.3 अरब यूरो से कम है।

    रिपोर्ट में कहा गया, तुर्की भारत को पीछे छोड़ते हुए दूसरा सबसे बड़ा आयातक बन गया, जिसने रूस से दिसंबर में 2.6 अरब यूरो के हाइड्रोकार्बन खरीदे। चीन शीर्ष खरीदार बना रहा, जिसकी रूस के शीर्ष पांच आयातकों से होने वाली निर्यात आय में 48 प्रतिशत (छह अरब यूरो) की हिस्सेदारी रही।

    सीआरईए ने कहा कि भारत के रूसी कच्चे तेल के आयात में मासिक आधार पर 29 प्रतिशत की भारी गिरावट हुई। रिपोर्ट के अनुसार इस कटौती की मुख्य वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज की जामनगर रिफाइनरी रही, जिसने दिसंबर में रूस से अपने आयात को आधा कर दिया। सार्वजनिक क्षेत्र की रिफाइनरियों ने भी दिसंबर में रूसी आयात में 15 प्रतिशत की कटौती की।


    तेल की कीमतें प्रभावित होने के आसार नहीं

    क्रिसिल रेटिंग्स ने मंगलवार को कहा कि वेनेजुएला के हालिया घटनाक्रमों से कच्चे तेल की कीमतों पर निकट भविष्य में कोई ठोस प्रभाव पड़ने के आसार नहीं है क्योंकि वैश्विक आपूर्ति में इस लातिन अमेरिकी देश की हिस्सेदारी अपेक्षाकृत बेहद कम है।

    वैश्विक कच्चे तेल की आपूर्ति में इस देश की हिस्सेदारी केवल 1.5 प्रतिशत है। ब्रेंट क्रूड की कीमतें हाल के दिनों में काफी हद तक स्थिर रही हैं जो 60 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के ठीक ऊपर बनी हुई हैं। भारत के संदर्भ में, वेनेजुएला से होने वाला आयात भारत के कुल आयात का 0.25 प्रतिशत से भी कम है। वित्त वर्ष 2024-25 में हुए लगभग 14,000 करोड़ रुपये के आयात में कच्चे तेल की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत से अधिक थी।