Tag: Ration Scam

  • राशन दुकान में चोरी का सनसनीखेज मामला, चौकीदार ने दो आरोपियों को पहचानने का किया दावा, मौके पर मिला मोबाइल

    राशन दुकान में चोरी का सनसनीखेज मामला, चौकीदार ने दो आरोपियों को पहचानने का किया दावा, मौके पर मिला मोबाइल


    शिवपुरी । शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के तिलातिली गांव में सरकारी राशन दुकान से अनाज चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। देर रात हुई इस घटना में अज्ञात लोगों ने राशन दुकान के ताले तोड़कर वहां रखा अनाज निकाल लिया। आरोपी दुकान से तीन बोरी चावल और एक बोरी गेहूं लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान दुकान की सुरक्षा के लिए तैनात चौकीदार मौके पर पहुंच गया जिसके बाद उसकी आरोपियों के साथ झूमाझटकी भी हुई। बताया जा रहा है कि चौकीदार के पहुंचने से आरोपी घबरा गए और वहां से भागने लगे। इसी दौरान उनका एक मोबाइल फोन मौके पर छूट गया। आरोपी तीन पहिया वाहन से मौके से फरार होने में सफल रहे।

    घटना के बाद गांव में भी इसकी जानकारी तेजी से फैल गई। राशन दुकान के चौकीदार रंजीत यादव ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और दावा किया कि उसने चोरी करने आए दो लोगों को पहचान लिया है। चौकीदार के मुताबिक उसने सीताराम कुशवाह और मोहन कुशवाह को मौके पर देखा था। पुलिस अब चौकीदार द्वारा बताए गए नामों के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है। मौके से मिला मोबाइल फोन भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। पुलिस मोबाइल की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर सकती है कि फोन किसका है और घटना के समय वह किन लोगों के संपर्क में था।

    राशन दुकान के सेल्समैन छत्रपाल यादव ने भी दुकान से अनाज चोरी होने की पुष्टि की है। उनके मुताबिक दुकान में रखा सरकारी राशन गायब मिला है। घटना के बाद बदरवास थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

    इस मामले में पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले घटनाक्रम की पूरी कड़ी को समझने में जुटी है। बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह पूरा घटनाक्रम वास्तव में राशन दुकान में चोरी से जुड़ा है या फिर इसके पीछे दो पक्षों के बीच हुआ कोई विवाद है। पुलिस चौकीदार के बयान के साथ ही मौके से मिले मोबाइल और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

    सरकारी राशन दुकान से अनाज चोरी का मामला होने के कारण पुलिस के सामने यह भी चुनौती है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान जल्द से जल्द की जाए और चोरी गए राशन का पता लगाया जाए। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राशन दुकान में चोरी की घटना किस तरह हुई और इसमें कौन लोग शामिल थे।

  • राशन वितरण में गड़बड़ी पड़ी भारी: बड़ोखरा में सेल्समैन का मकान ध्वस्त, जिले में 6 राशन विक्रेताओं पर कानूनी कार्रवाई

    राशन वितरण में गड़बड़ी पड़ी भारी: बड़ोखरा में सेल्समैन का मकान ध्वस्त, जिले में 6 राशन विक्रेताओं पर कानूनी कार्रवाई


    शिवपुरी। शिवपुरी जिले में राशन वितरण में गड़बड़ी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बदरवास क्षेत्र के बड़ोखरा गांव में ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई जांच में लापरवाही और अनियमितता सामने आने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश के बाद टीम ने सेल्समैन के खिलाफ कदम उठाते हुए सरकारी जमीन पर बने अवैध मकान को जेसीबी की मदद से ढहा दिया। इसके साथ ही जिले में राशन वितरण से जुड़े मामलों में छह विक्रेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया की गई है।

    मामला बड़ोखरा गांव की उचित मूल्य दुकान से जुड़ा है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अचानक दुकान का निरीक्षण किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने सेल्समैन योगेश जाट पर राशन वितरण में मनमानी करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने राशन लेने के लिए फिंगरप्रिंट भी लगाए थे लेकिन इसके बावजूद उन्हें करीब तीन महीने से खाद्यान्न नहीं मिल रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने अपनी मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को राशन का वितरण कराया और सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

    प्रशासन के निर्देश के बाद भी सेल्समैन लगातार दुकान से गायब रहा। इसके बाद गुरुवार को तहसीलदार सचिन भार्गव के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम उसके गांव सेमरी पहुंची। यहां जांच के दौरान सरकारी जमीन पर एक मकान बना मिला। प्रशासन ने निर्माण को अवैध मानते हुए कार्रवाई की और जेसीबी से मकान को ढहा दिया। इस कार्रवाई के बाद राशन वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।

    प्रशासन ने केवल एक मामले तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में राशन दुकानों की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। कोलारस क्षेत्र की बामोरखुर्द और श्रीपुरा राशन दुकानों में पीओएस मशीन के रिकॉर्ड में खाद्यान्न दर्ज था लेकिन मौके पर राशन उपलब्ध नहीं मिला। इस मामले में विक्रेता माधौ सिंह यादव और धनपाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन्हें जेल भेजा गया।

    इसी तरह रन्नौद तहसील की अकोदा राशन दुकान में भी वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी सामने आने के बाद विक्रेता गोलू लोधी पर कार्रवाई की गई। पिछोर क्षेत्र में भी निवोदा के पुष्पेंद्र सिनावलकलां के भगवानलाल और बघावारा के सतेंद्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। इन मामलों में भी आरोपित विक्रेताओं को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

    कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पीओएस मशीन में दर्ज खाद्यान्न और वास्तव में हितग्राहियों को वितरित किए गए राशन में किसी तरह का अंतर नहीं होना चाहिए। पात्र लोगों को समय पर उनका राशन मिले और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे इस पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि राशन वितरण में अनियमितता मिलने पर जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।