Tag: Roadways Bus Accident

  • मुजफ्फरनगर में रोडवेज बस ने 2 बाइकों को मारी टक्कर, 3 की मौत, 2 गंभीर घायल

    मुजफ्फरनगर में रोडवेज बस ने 2 बाइकों को मारी टक्कर, 3 की मौत, 2 गंभीर घायल


    मुजफ्फरनगर।
    मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना थाना क्षेत्र के भैसाना के पास बड़ौत मार्ग पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित रोडवेज बस ने आगे चल रही दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। दो घायलों का उपचार जारी है। इनमें एक बच्चा भी है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

    टक्कर के बाद पांचों बाइक सवार घायल
    हादसा भैसाना के पास बड़ौत मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस अनियंत्रित होकर आगे चल रही दो बाइकों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान तीन घायलों ने दम तोड़ दिया।

    बच्चे की हालत गंभीर
    हादसे में घायल दो लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में मृतकों के कांधला क्षेत्र के निवासी होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस उनकी पहचान की पुष्टि करने में जुटी है। पहचान सुनिश्चित होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।

    बस चालक और हादसे की परिस्थितियों की जांच
    पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। टीम रोडवेज बस चालक से पूछताछ करने के साथ दुर्घटना की वजह और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

  • एटा में कंटेनर का कहर: रोडवेज बस में पीछे से टक्कर, बाहर खड़े 5 यात्रियों की मौत, 12 घायल

    एटा में कंटेनर का कहर: रोडवेज बस में पीछे से टक्कर, बाहर खड़े 5 यात्रियों की मौत, 12 घायल


    लखनऊ । उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा बागवाला थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब खराब हुई रोडवेज बस सड़क किनारे खड़ी थी और कई यात्री गर्मी के कारण बस से उतरकर बाहर खड़े थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर आया और यात्रियों को कुचलते हुए बस में टक्कर मार दी।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 40 यात्रियों से भरी रोडवेज बस एटा से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में बस खराब होने पर चालक उसे सड़क किनारे खड़ा कर आवश्यक पार्ट्स लेने चला गया। इसी दौरान कई यात्री बस से उतरकर बाहर खड़े थे। अचानक तेज रफ्तार कंटेनर ने नियंत्रण खो दिया और बाहर खड़े लोगों को रौंदते हुए बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर सड़क पार दूसरी ओर जा पहुंचा और कई शव सड़क पर बिखर गए।

    हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।

    घायल यात्री अंसार ने बताया कि बस खराब होने के कारण चालक मरम्मत के लिए गया था। अधिक गर्मी होने के कारण कई यात्री नीचे उतर आए थे, जबकि महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बस के भीतर ही बैठे रहे। इसी वजह से वे इस हादसे की चपेट में आने से बच गए।

    घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और कंटेनर को हटवाकर करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया।

    हादसे में बुलंदशहर निवासी सतेंद्र शर्मा (38), फर्रुखाबाद के राजेश (34), सुखराम (30), शैलेश (29) और आशीष सक्सेना (22) की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश लोग दिल्ली में नौकरी या कारोबार करते थे और काम पर लौट रहे थे या परीक्षा देने जा रहे थे।