Tag: Sanatan Premier League

  • इंदौर की सनातन प्रीमियर लीग में पहुंचे BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, बोले गांव के बच्चों से ही निकलेगा भारत का भविष्य

    इंदौर की सनातन प्रीमियर लीग में पहुंचे BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, बोले गांव के बच्चों से ही निकलेगा भारत का भविष्य


    इंदौर । मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित सनातन प्रीमियर लीग इन दिनों खेल और सियासी हलकों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। इस लीग में शामिल होने पहुंचे राजीव शुक्ला ने मंच से इस आयोजन की खुलकर सराहना की और कहा कि जो भी क्रिकेट को बढ़ावा देता है वह देश के भविष्य को मजबूत करने का काम करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से गांव और छोटे कस्बों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर मिलता है।

    कार्यक्रम के दौरान राजीव शुक्ला ने कहा कि सनातन प्रीमियर लीग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें गांवों के बच्चे बड़ी संख्या में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सही मंच और अवसर मिलते हैं तो वही खिलाड़ी आगे चलकर राज्य टीम रणजी ट्रॉफी और राष्ट्रीय टीम तक पहुंच सकते हैं। उनके मुताबिक क्रिकेट का असली टैलेंट अक्सर बड़े शहरों के बाहर छोटे कस्बों और गांवों में छिपा होता है जिसे पहचानने और आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की लीग बेहद जरूरी हैं।

    राजीव शुक्ला ने कहा कि देश में क्रिकेट को और मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ाना बेहद जरूरी है। यदि गांव गांव में खेल प्रतियोगिताएं और लीग आयोजित होंगी तो युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और देश को नए खिलाड़ी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आज के समय में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी ऐसे हैं जो संसाधनों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पाते लेकिन स्थानीय स्तर की लीग उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती हैं।

    इस मौके पर उन्होंने आयोजनकर्ता संत देवकीनंदन ठाकुर की भी सराहना की और कहा कि उनके प्रयास से युवाओं को खेल से जुड़ने का बड़ा अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गर्व की बात है कि साधु संत भी अब युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित कर रहे हैं। उनके मुताबिक जब संत समाज युवाओं को खेल के लिए प्रेरित करता है तो इसका सीधा असर समाज पर पड़ता है और युवा गलत रास्तों से दूर रहते हैं।

    राजीव शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन कोई विवाद का विषय नहीं बल्कि एक परंपरा और विचारधारा है। उन्होंने कहा कि यदि सनातन के नाम पर युवा खेल रहे हैं आगे बढ़ रहे हैं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रह रहे हैं तो यह समाज के लिए बेहद अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन टीमवर्क और सकारात्मक सोच विकसित होती है।

    उन्होंने यह भी कहा कि देश में क्रिकेट की लोकप्रियता बहुत अधिक है और यदि इसे गांव गांव तक ले जाया जाए तो भारत को भविष्य में और भी बेहतरीन खिलाड़ी मिल सकते हैं। उनके अनुसार भारत की कई बड़ी क्रिकेट प्रतिभाएं छोटे शहरों और कस्बों से ही निकलकर सामने आई हैं।

    इंदौर में आयोजित सनातन प्रीमियर लीग को लेकर स्थानीय स्तर पर भी उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में दर्शक मैच देखने के लिए पहुंच रहे हैं और युवा खिलाड़ी इस मंच को अपने करियर के लिए एक बड़े अवसर के रूप में देख रहे हैं।

  • नई क्रिकेट लीग ‘Sanatan Premier League’ का आगाज, मार्गदर्शन देंगे Suresh Raina

    नई क्रिकेट लीग ‘Sanatan Premier League’ का आगाज, मार्गदर्शन देंगे Suresh Raina


    नई दिल्ली। क्रिकेट और सनातन संस्कृति को जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई सनातन प्रीमियर लीग (एसपीएल) का भव्य आगाज गुरुवार को नेहरू स्टेडियम इंदौर में हुआ। प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने पूजा-अर्चना के साथ टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में लीग से जुड़े अधिकारी, मेंटोर और सभी टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहे।

    13 से 15 मार्च तक होंगे मुकाबले
    सनातन प्रीमियर लीग के पहले सीजन के मुकाबले 13 से 15 मार्च तक खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में 8 टीमें और 120 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। लीग का उद्देश्य गांवों और स्थानीय स्तर पर क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना है ताकि वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें।

    मेंटोर की भूमिका में दिग्गज क्रिकेटर
    इस लीग में भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नाम भी जुड़े हुए हैं। पूर्व भारतीय स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना, अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला, तेज गेंदबाज मोहित शर्मा और भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने के लिए मेंटोर की भूमिका निभा रहे हैं।

    इसके अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बीसीसीआई के पूर्व मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा टूर्नामेंट में कमेंटेटर की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य मदन लाल इस लीग के कमिश्नर बनाए गए हैं।

    विजेता टीम को 31 लाख का इनाम
    टूर्नामेंट को और रोमांचक बनाने के लिए आयोजकों ने आकर्षक पुरस्कारों की भी घोषणा की है। विजेता टीम को 31 लाख रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। खास बात यह है कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले हर खिलाड़ी को, चाहे वह एक मैच खेले या पूरे टूर्नामेंट में खेले, 11,000 रुपये की राशि दी जाएगी।

    इसके अलावा प्लेयर ऑफ द मैच को 21,000 रुपये नगद और 16,000 रुपये के जूते दिए जाएंगे। मैन ऑफ द सीरीज जीतने वाले खिलाड़ी को एक कार मिलेगी, जबकि ऑरेंज कैप और पर्पल कैप जीतने वाले खिलाड़ियों को एक-एक मोटरसाइकिल से सम्मानित किया जाएगा।

    ट्रॉफी जाएगी देश के तीर्थ स्थलों तक
    आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट खत्म होने के बाद एसपीएल की ट्रॉफी को देश के कई प्रमुख तीर्थ स्थलों पर ले जाया जाएगा। इंदौर को होस्ट शहर इसलिए चुना गया क्योंकि यह प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के काफी करीब है।

    युवाओं को सही दिशा देने की पहल
    सनातन प्रीमियर लीग के प्रवक्ता सुमेंद्र तिवारी ने बताया कि इस लीग का उद्देश्य केवल क्रिकेट नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देना भी है। उन्होंने कहा कि गांवों और छोटे कस्बों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी होते हैं, जिन्हें सही मंच नहीं मिल पाता। यह लीग उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी।

    उन्होंने यह भी कहा कि कई ऐसे बच्चे जो नशे या गलत गतिविधियों की ओर जा सकते थे, अब उन्हें अपनी ऊर्जा को खेल और सकारात्मक कार्यों में लगाने का मौका मिलेगा। इस तरह यह टूर्नामेंट न केवल खेल को बढ़ावा देगा, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगा।