Tag: SDRF Search Operation

  • रीवा के सिलपरा डैम में सेना का जवान डूबा, SDERF का सर्च ऑपरेशन जारी

    रीवा के सिलपरा डैम में सेना का जवान डूबा, SDERF का सर्च ऑपरेशन जारी


    मध्यप्रदेश । रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र स्थित सिलपरा डैम में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां भारतीय सेना का एक जवान डूब गया। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

    जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय जवान गौरव द्विवेदी अपने भाई और बहन के साथ डैम घूमने के लिए पहुंचे थे। बघवार गांव निवासी गौरव सुबह करीब 6 बजे सिलपरा डैम पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान जब वह पानी के किनारे आगे बढ़े, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे अचानक गहरे पानी में चले गए। इसके बाद वे लापता हो गए, जिससे मौके पर मौजूद परिजनों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

    हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों की मदद से डैम में लगातार सर्चिंग की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक जवान का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

    बताया जा रहा है कि गौरव द्विवेदी भारतीय सेना में पदस्थ हैं और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। परिवार के साथ समय बिताने के दौरान यह हादसा हो गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

    SDRF टीम के प्रभारी विकास पांडेय ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और जब तक जवान को ढूंढ नहीं लिया जाता, तब तक रेस्क्यू अभियान बंद नहीं किया जाएगा। टीम हर संभव तरीके से डैम में तलाश कर रही है।

    फिलहाल पूरे इलाके में माहौल गमगीन है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से डैम क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।

  • जबलपुर में नदी में डूबे दो छात्रों में से एक का शव मिला, दोस्त को बचाने में बहा इंजीनियरिंग छात्र

    जबलपुर में नदी में डूबे दो छात्रों में से एक का शव मिला, दोस्त को बचाने में बहा इंजीनियरिंग छात्र


    जबलपुर । मध्यप्रदेश के जबलपुर में रविवार को हुई नदी में डूबने की घटना में बड़ा अपडेट सामने आया है। नहाने के दौरान नदी में बह गए दो छात्रों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

    जानकारी के मुताबिक यह हादसा गौर पुलिस चौकी क्षेत्र के जामतारा घाटपर रविवार को हुआ था। बताया जा रहा है कि सात दोस्त एक साथ नदी में नहाने के लिए घाट पर पहुंचे थे। नहाते नहाते तीन युवक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में फंस गए।

    इस दौरान एक इंजीनियरिंग छात्र ने साहस दिखाते हुए अपने दो दोस्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन जब वह तीसरे साथी को बचाने की कोशिश कर रहा था तभी दोनों तेज बहाव में बह गए और नदी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

    सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने एक छात्र का शव बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि छात्र का शव बहते हुए ग्वारीघाटतक पहुंच गया था जहां से उसे बाहर निकाला गया।

    हालांकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन का कहना है कि दूसरे छात्र का पता लगाने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है।

    इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। दोस्तों के साथ घूमने और नहाने गए छात्रों के साथ हुई इस दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी या जलाशयों में नहाते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दूसरे युवक की तलाश जारी है।