Tag: Seva Sankalp Abhiyan

  • पीएम मोदी के जन्मदिन पर योगी ने दी बधाई, बोले- 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख-समृद्धि का नवप्रभात ला रहे

    पीएम मोदी के जन्मदिन पर योगी ने दी बधाई, बोले- 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख-समृद्धि का नवप्रभात ला रहे

    लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ, सक्रिय और सार्थक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

    योगी ने मोदी को बताया ‘नए भारत का शिल्पी’
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नद्रष्टा और ‘नए भारत के शिल्पी’ के रूप में संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा और स्वाभिमान का नवप्रभात लाने के लिए प्रधानमंत्री निरंतर राष्ट्रसेवा में जुटे हैं। योगी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

    ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प का किया उल्लेख
    मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प, कर्मनिष्ठा और लोक-कल्याण के प्रति प्रधानमंत्री का समर्पित जीवन ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रेरणा देता है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। योगी ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम से प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य तथा सुदीर्घ और यशस्वी जीवन प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

    अखिलेश यादव ने भी दी जन्मदिन की शुभकामना
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। यह अभियान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर से भी जोड़ा गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सक्रिय और सार्थक जीवन की कामना की।

    अयोध्या में सफाई अभियान से हुई सेवा संकल्प की शुरुआत
    प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर अयोध्या के लता मंगेशकर चौक पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। इसका आयोजन अयोध्या नगर निगम की ओर से किया गया।

    अयोध्या की जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन उनके 25 वर्षों के सेवा-कार्य से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मेयर के नेतृत्व में सफाई अभियान को सम्मान के रूप में चुना गया है। उन्होंने भगवान राम से प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की, ताकि वे देश को ‘विश्व गुरु’ बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करते रहें।

    अयोध्या के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लता मंगेशकर चौक पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से शहर की सफाई के साथ प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना भी की जा रही है, ताकि वे ‘मां भारती’ की सेवा के लिए समर्पित रहते हुए देश को ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे ले जाएं।

    लखनऊ में 17 अक्टूबर तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम
    प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में लखनऊ नगर निगम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान-2026’ चलाएगा। इसके तहत शहर में सफाई, श्रमदान और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बुधवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।

    अभियान की शुरुआत नगर निगम क्षेत्र की नालियों और सीवर लाइनों की सफाई से होगी। प्रत्येक वार्ड में एक नोडल अधिकारी निगरानी करेगा। सभी आठ जोनों में विशेष स्वच्छता और श्रमदान कार्यक्रम भी होंगे। ‘संकल्प फॉर वे ऑफ लाइफ’ के तहत आरडब्ल्यूए और एनजीओ सदस्यों की ओर से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

    25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 200 घंटे का वृहद सफाई अभियान चलेगा। जलकल विभाग पानी की टंकियों की सफाई करेगा। 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलेगा। विश्व पर्यटन दिवस पर शहर के पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान होगा। 17 अक्टूबर तक हर जोन में सफाई मित्रों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी।

    राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर जलेंगे तीन लाख दीप
    एलडीए की ओर से राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर तीन लाख दीप जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। बुधवार शाम सात बजे होने वाले इस आयोजन की तैयारियों का एलडीए उपाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री और कई मंत्री भी दीप प्रज्वलन में शामिल होंगे।

    आयोजन की तैयारियों में एलडीए की टीम जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम के चलते राष्ट्र प्रेरणा स्थल को तीन दिन के लिए आम लोगों के लिए बंद किया गया है।

    भाजपा कार्यकर्ता अस्पतालों में करेंगे सेवा
    भाजपा महानगर इकाई की ओर से ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष-सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित करेंगे। महानगर के अन्य अस्पतालों में भी जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सेवा कार्यों में शामिल होंगे।

    अभियान के तहत सभी बूथों पर 200 लाभार्थियों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का कार्यक्रम भी है। झूलेलाल वाटिका में संगठन महामंत्री धर्मपाल दीप प्रज्वलित करेंगे, जबकि सेंट्रल पार्क, समर विहार में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मौजूद रहेंगे। विश्वविद्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी शामिल होंगे। इसके अलावा शहर के दस प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

  • ढाई लाख दीपों से जगमगाएगा भोपाल शहर से गांव तक सेवा संकल्प की रोशनी 31 अस्पतालों में रक्तदान शिविर भी

    ढाई लाख दीपों से जगमगाएगा भोपाल शहर से गांव तक सेवा संकल्प की रोशनी 31 अस्पतालों में रक्तदान शिविर भी


    भोपाल। भोपाल में गुरुवार की शाम सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राजधानी के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब ढाई लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। शहर में 17 और ग्रामीण क्षेत्र में 11 स्थानों पर होने वाला यह सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन केवल रोशनी का आयोजन नहीं होगा बल्कि सेवा समर्पण सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण का संदेश भी देगा। ऐतिहासिक स्मारकों से लेकर प्रमुख चौराहों घाटों मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों तक दीपों की रोशनी नजर आएगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में देवस्थलों तालाबों और सामुदायिक परिसरों को भी दीपों से सजाया जाएगा।

    राजधानी के अलग अलग हिस्सों में होने वाले इस आयोजन के जरिए शहर के गौरवशाली इतिहास आस्था शौर्य और आधुनिक विकास की झलक भी देखने को मिलेगी। सामूहिक रूप से जलने वाले हजारों दीप लोगों को सेवा और सकारात्मकता की साझा भावना से जोड़ने का प्रयास करेंगे। हर वार्ड में कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

    ग्रामीण क्षेत्र भी इस अभियान का अहम हिस्सा रहेगा। ग्राम पंचायत चंदेरी के रामदेव बाबा मंदिर प्रांगण से लेकर अरेड़ी के अमृत सरोवर तक कई स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। ईमलिया में तालाब मंदिर के पास पाटनिया में हनुमान मंदिर ईंटखेड़ी सड़क पर नदी के पास अमोनी में पटेल बाबा मंदिर और सिकंदराबाद के सामुदायिक शेड में भी दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा बगरोदा बरखेड़ी बाजयाफ्त बरखेड़ा बोन्दर और फंदा कलां सहित कई स्थानों पर भी सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन होगा। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एकता सामूहिक सहभागिता और ग्राम विकास का संदेश पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

    सेवा संकल्प अभियान के तहत केवल दीप प्रज्ज्वलन ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य और रक्तदान से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। भोपाल जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक रक्तदान शिविरों का व्यापक अभियान चलेगा। इसके लिए जिले के 31 अस्पतालों और ब्लड सेंटरों को चिन्हित किया गया है। जिला चिकित्सालय भोपाल के अलावा शहर के कई निजी अस्पतालों मेडिकल संस्थानों और ब्लड सेंटरों में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। अभियान के दौरान लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिल सके।

    स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ी देव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक भीमनगर में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण और गोदभराई कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक टीकाकरण भी किया जाएगा।

    नरेला विधानसभा क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलन का विशेष आयोजन होगा। यहां सवा लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास पर भी दीपों से विशेष सजावट की जाएगी। यहां 25 फीट ऊंचे दीप स्तंभ में 9125 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही सेवा और समर्पण के 25 वर्ष विषय पर विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

    इस तरह भोपाल में होने वाला दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को सामूहिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास करेगा। शहर से गांव तक जलने वाले दीप सामाजिक एकता स्वास्थ्य सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के साथ अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे।

  • ग्राउंड पर विकास और मोबाइल पर उसकी कहानी: भाजपा का मेगा डिजिटल कैंपेन, इन्फ्लूएंसर दिखाएंगे बदलाव की तस्वीर

    ग्राउंड पर विकास और मोबाइल पर उसकी कहानी: भाजपा का मेगा डिजिटल कैंपेन, इन्फ्लूएंसर दिखाएंगे बदलाव की तस्वीर


    भोपाल । जंतर मंतर पर Gen Z प्रोटेस्ट के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने युवाओं तक पहुंचने के लिए अपनी रणनीति को नए डिजिटल अंदाज में तैयार किया है। पार्टी का फोकस अब केवल पारंपरिक जनसंपर्क कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि मोबाइल स्क्रीन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी युवाओं से सीधा संवाद करने की कोशिश की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान में भाजपा इन्फ्लूएंसर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को महत्वपूर्ण भूमिका देने की तैयारी में है। अभियान का उद्देश्य सरकार और भाजपा के कार्यों से आए बदलाव को रील्स और वीडियो के जरिए खासकर Gen Z तक पहुंचाना है।

    भाजपा की योजना के अनुसार देशभर में इन्फ्लूएंसर को ऐसे स्थानों तक ले जाया जाएगा जहां पिछले वर्षों में विकास और सरकारी योजनाओं के कारण स्पष्ट बदलाव दिखाई देता है। कंटेंट क्रिएटर्स वहां पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे और अपने अनुभव के आधार पर वीडियो तैयार करेंगे। राज्यों से ऐसे स्थानों की सूची भी मांगी जाएगी जहां लोगों के जीवन सुरक्षा अर्थव्यवस्था इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के अवसरों में बड़ा बदलाव आया है। राष्ट्रीय स्तर पर करीब 50 प्रमुख स्थानों को इस अभियान के लिए चुने जाने का प्रस्ताव है।

    अभियान में हर शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील बनाने का लक्ष्य दिया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा नहीं करेंगे बल्कि उन लोगों की वास्तविक कहानियां भी रिकॉर्ड करेंगे जिनके जीवन में किसी योजना से बदलाव आया है। वीडियो में लाभार्थी का नाम स्थान जिला संबंधित योजना और उससे जीवन में आए परिवर्तन की जानकारी शामिल करने की योजना है। कार्यकर्ता स्वयं भी रील बनाकर इस डिजिटल अभियान का हिस्सा बनेंगे और 60 सेकंड तक के वीडियो YouTube और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे।

    कैंपेन का एक बड़ा हिस्सा कहानी बदलाव की नाम से तैयार किया जा रहा है। इसके तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करीब 25 लाख नागरिकों की वास्तविक कहानियां सामने लाने का प्रस्ताव है। इनमें से लगभग 25 हजार कहानियों को चयनित किया जाएगा जबकि करीब 250 सबसे प्रभावशाली कहानियों को पेशेवर तरीके से तैयार कर व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। जिलों राज्यों और राष्ट्रीय स्तर के सोशल मीडिया अकाउंट से इन वीडियो को साझा करने की तैयारी है।

    अभियान में डिजिटल गतिविधियों के साथ सेवा और जनभागीदारी को भी जोड़ा जाएगा। आशीर्वाद का दीया अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम कार्यकर्ता और आम नागरिक अपने घरों में दीप जलाएंगे। इसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम में लोगों को अलग अलग सेवा गतिविधियों में हिस्सा लेने और अपनी गतिविधि का वीडियो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

    17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताओं की भी योजना है। वहीं नमो सेवा गाथा के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों द्वारा गांव गांव तक जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। 25 सितंबर से आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन का उत्सव आयोजित कर महिलाओं बच्चों और कार्यकर्ताओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

    भाजपा की यह नई रणनीति साफ तौर पर जमीन पर किए गए कार्यों को डिजिटल दुनिया में प्रभावशाली कहानी के रूप में पेश करने पर केंद्रित है। इन्फ्लूएंसर रील्स लाभार्थियों की कहानियां सेवा गतिविधियां और सोशल मीडिया शेयरिंग के जरिए पार्टी युवाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी में है।