Tag: Shafali

  • Ind W vs ZIM W : शेफाली-मंधाना की तूफानी पारियां… टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से रौंदा

    Ind W vs ZIM W : शेफाली-मंधाना की तूफानी पारियां… टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से रौंदा


    रायपुर।
    शेफाली वर्मा (Shafali Verma) की तूफानी बल्लेबाजी और स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) की शानदार पारी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian Women’s Cricket Team) ने जिम्बाब्वे (Zimbabwe) को दूसरे टी20 मुकाबले में नौ विकेट से हरा दिया। रविवार को खेले गए इस मैच में भारत ने 103 रनों के लक्ष्य को महज 8.5 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों में 55 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान स्मृति मंधाना 47 रन बनाकर नाबाद लौटीं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी कर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। इस सीरीज जीत के साथ स्मृति मंधाना ने पूर्णकालिक कप्तान के रूप में अपने कार्यकाल की शुरुआत भी जीत के साथ की।


    शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों में जड़ी फिफ्टी

    103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।शेफाली ने महज 25 गेंदों में 55 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान चौकों और छक्कों की बरसात की। ऑफ स्पिनर बिलव्ड बिजा की गेंद पर छक्का लगाकर शेफाली ने अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का 22वां अर्धशतक रहा। भारतीय ओपनर ने मिशेल मावुंगा के एक ओवर में लगातार तीन गेंदों पर 4, 4 और 6 रन बटोरकर अपने इरादे साफ कर दिए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने जिम्बाब्वे की गेंदबाज बेबस नजर आईं।


    स्मृति मंधाना ने भी दिखाया दम

    भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नाबाद 47 रन बनाए और शेफाली के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। मंधाना ने तेज गेंदबाज न्याशा ग्वांजुरा के खिलाफ लगातार चार चौके जड़कर अपनी लय का प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने ओलिंडर चारे की गेंद पर शानदार इनसाइड-आउट छक्का लगाकर भारत को जीत दिला दी। भारत ने 103 रनों का लक्ष्य सिर्फ 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। शेफाली और मंधाना की साझेदारी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया।

    भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को 102 रन पर रोका
    इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। निर्धारित 20 ओवर में टीम आठ विकेट खोकर सिर्फ 102 रन बना सकी। तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने जिम्बाब्वे को शुरुआती झटका दिया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज केलिस न्द्लोवु को 11 गेंदों में बिना खाता खोले बोल्ड कर दिया। पावरप्ले में जिम्बाब्वे की टीम एक विकेट के नुकसान पर सिर्फ 20 रन बना सकी। इस दौरान टीम को केवल एक चौका मिला। पावरप्ले समाप्त होने के दो गेंद बाद बिलव्ड बिजा भी पवेलियन लौट गईं, जिससे जिम्बाब्वे की मुश्किलें और बढ़ गईं।


    चिपो तिरिपानो और कप्तान जोसेफिन नकोमो ने संभाली पारी

    शुरुआती झटकों के बाद चिपो तिरिपानो और कप्तान जोसेफिन नकोमो ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी हुई, जो जिम्बाब्वे की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही। तिरिपानो ने 32 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि नकोमो 27 रन बनाकर नाबाद रहीं। तिरिपानो को 20 और 22 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान भी मिला। उन्होंने भारतीय स्पिनर श्री चरणी के खिलाफ लगातार दो रिवर्स स्वीप चौके भी लगाए। इस साझेदारी के दौरान जिम्बाब्वे की टीम ने सात चौके लगाए। सातवें से 15वें ओवर के बीच टीम ने 56 रन जुटाकर स्कोर को आगे बढ़ाया।


    निकी प्रसाद ने एक ओवर में दिए दो झटके

    भारत की ओर से ऑफ स्पिनर निकी प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए। उन्होंने तिरिपानो को विकेट के पीछे ऋचा घोष के हाथों कैच कराया और फिर न्याशा ग्वांजुरा को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। निकी प्रसाद लगातार दो विकेट लेकर हैट्रिक के करीब पहुंच गई थीं, लेकिन वह यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सकीं। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। भारतीय गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

  • Ind W vs SLW: मेहमान टीम का सूपड़ा साफ…. शेफाली रही प्लेयर ऑफ द सीरीज

    Ind W vs SLW: मेहमान टीम का सूपड़ा साफ…. शेफाली रही प्लेयर ऑफ द सीरीज


    नई दिल्ली।
    श्रीलंका (Sri Lanka) के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू टी20 सीरीज (Five-Match Home T20 series) में भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian Women’s Cricket Team) कमाल कर दिया। भारत ने मेहमान टीम का सूपड़ा साफ कर दिया। महिला वनडे वर्ल्ड कप कप 2025 जीतने के बाद भारत की यह पहली सीरीज थी। भारत ने महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीसरी बार 5-0 से सीरीज जीती है। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (Shafali Verma) को प्लेयर ऑफ सीरीज अवॉर्ड (POTS) जीतने में कामयाब रहीं। हालांकि, शेफाली आखिरी मैच में कमाल नहीं दिखा सकीं। उन्होंने तिरुवनंतपुरम के मैदान पर 6 गेंदों में सिर्फ 5 रन बनाए। भारत ने इस मुकाबले में 175/7 का स्कोर खड़ा करने के बाद श्रीलंका को 15 रनों से शिकस्त दी।


    POTS अवॉर्ड जीतकर क्या बोलीं शेफाली?

    21 वर्षीय शेफाली ने प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने के बाद कहा, ”मैंने पूरे साल मेहनत की, जो रंग लाई है। मैं बहुत खुश हूं कि मैंने जिस भी चीज पर काम किया, उसे मैं करने में सफल रही। हालांकि, पांचवें मैच में जिस तरह आउट खराब शॉट खेलकर आउट हुई, मैं उसे दोहराना नहीं चाहूंगी। टीम के लिए और योगदान देना चाहती हूं। मेरा मकसद लंबी पारी खेलना और हर दिन एक बेहतर खिलाड़ी बनना है।” ओपनर ने वनडे से टी20 मोड में शिफ्ट होने पर कहा, ”दोनों बहुत अलग हैं। वनडे में आपको ग्राउंड पर टिककर खेलना होता है क्योंकि यह लंबा फॉर्मेट है। टी20 मेरा पसंदीदा है। इसमें मुझे ज्यादा मजा आता है।”


    शेफाली से हरमन-मंधाना बहुत पीछे छूटीं

    शेफाली ने सीरीज में सबसे ज्यादा रन बटोरे। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों में 80.33 के औसत से 241 रन बनाए। उनका स्टाइक रेट 181.20 का रहा। शेफावरी ने तीन अर्धशतकीय पारियां खेलीं। वहीं, सीरीज में रन बनाने के मामले में कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना बहुत पीछे रहीं। हरमनप्रीत ने 65.00 के औसत से कुल 130 रन जुटाए, जिसमें एक अर्धशतक है। उन्होंने पांचवें मैचों में 43 गेंदों में 68 रनों की पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड हासिल किया। वहीं, मंधाना ने चार मैचों में 30.00 के औसत से 120 रन बनाए। स्टार क्रिकेटर मंधाना को अंतिम मुकाबले में आराम दिया गया। उनकी जगह 17 साल की जी कमलिनी को डेब्यू का मौका मिला।


    T20I में सबसे ज्यादा POTS अवॉर्ड जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर

    3 – मिताली राज
    3 – हरमनप्रीत कौर
    3 – दीप्ति शर्मा
    3 – शेफाली वर्मा