Tag: Sher Singh Thakur

  • धार में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 271 फीसदी ज्यादा संपत्ति का खुलासा, मैनेजर के घर से JCB ट्रैक्टर और कई वाहन मिले

    धार में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 271 फीसदी ज्यादा संपत्ति का खुलासा, मैनेजर के घर से JCB ट्रैक्टर और कई वाहन मिले

    भोपाल । मध्य प्रदेश में आय से अधिक संपत्ति के मामलों को लेकर लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को इंदौर लोकायुक्त की टीम ने धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जांच में उनकी संपत्ति को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। करीब 20 साल की सरकारी नौकरी के दौरान उन्हें वेतन के रूप में लगभग 65 लाख रुपए मिले लेकिन जांच एजेंसी के मुताबिक इस अवधि में उन्होंने 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति अर्जित की और खर्च किए। यह राशि उनकी वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इस खुलासे के बाद लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

    लोकायुक्त की तीन अलग-अलग टीमें बुधवार सुबह से ही सोडपुर नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को मकान जमीन के अलावा कई वाहन और कृषि उपकरण भी मिले हैं। जांच एजेंसी अब इन सभी संपत्तियों के दस्तावेज जुटाने के साथ उनकी वास्तविक कीमत का आकलन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आय और संपत्ति के बीच अंतर की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

    जांच में सामने आया है कि शेरसिंह ठाकुर ने ग्राम सोडपुर में 0.1520 हेक्टेयर का भूखंड खरीदा था। इस जमीन पर करीब 2400 वर्गफीट क्षेत्र में दो मंजिला मकान बनवाया गया है। भूखंड की खरीद और मकान के निर्माण पर लगभग 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक अन्य भवन भी खरीदा गया है। इस भवन का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।

    लोकायुक्त की जांच में पत्नी कविता के नाम पर खरीदी गई कृषि जमीन का भी पता चला है। ग्राम सोडपुर तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन लगभग 8 लाख रुपए में खरीदी गई। वहीं ग्राम मांडव तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि की खरीद पर करीब 42 लाख रुपए खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब जांच एजेंसी इन जमीनों की खरीद से जुड़े दस्तावेज और भुगतान के स्रोतों की पड़ताल कर रही है।

    कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को कई वाहन और कृषि उपकरण भी मिले हैं। इनमें JCB मशीन महिंद्रा ट्रैक्टर महिंद्रा TUV ऑल्टो कार और बुलेट मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न यंत्र और उपकरण भी मिले हैं। इन सभी की अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपए आंकी गई है। जांच के दौरान ठाकुर से जुड़े एक अन्य संदिग्ध भवन की जानकारी भी सामने आई है जिसकी पुष्टि की जा रही है। अधिकारियों को यह भी पता लगाना है कि संपत्तियां किसके नाम पर हैं और उनके वास्तविक मालिक कौन हैं।

    लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है। इसमें डीएसपी आनंद चौहान सहित निरीक्षक आशुतोष मिठास प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया की टीमें शामिल हैं। एसपी ने बताया कि फिलहाल सर्चिंग और दस्तावेजों की जांच जारी है। सभी संपत्तियों का सत्यापन और मूल्यांकन होने के बाद आय से अधिक संपत्ति का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा। फिलहाल इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी पद पर रहते हुए अर्जित की गई संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।