Tag: Shurpanakha

  • रकुल प्रीत सिंह बोलीं- रामायण में शूर्पणखा का किरदार बेहद जटिल, उसकी वजह से ही शुरू हुआ था युद्ध

    रकुल प्रीत सिंह बोलीं- रामायण में शूर्पणखा का किरदार बेहद जटिल, उसकी वजह से ही शुरू हुआ था युद्ध

    नई दिल्ली । फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म का पहला ट्रेलर सामने आने के बाद इसमें नजर आने वाले प्रमुख कलाकारों के लुक की काफी चर्चा हुई। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। हालांकि, ट्रेलर में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह की शूर्पणखा के रूप में झलक ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। अब रकुल ने इस किरदार को निभाने के अपने अनुभव और इसके महत्व को लेकर विचार साझा किए हैं।

    रकुल प्रीत सिंह ने शूर्पणखा की भूमिका को अपने लिए बेहद दिलचस्प बताया। उनका कहना है कि इस किरदार को लेकर लोगों के बीच कई गलतफहमियां हैं और इसकी कहानी में कई अलग-अलग पहलू मौजूद हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, शूर्पणखा को अक्सर एक सीमित घटना के संदर्भ में याद किया जाता है, जबकि उसके चरित्र को समझने के लिए उसके दूसरे पक्षों पर भी ध्यान देना जरूरी है।

    रकुल ने बताया कि इस भूमिका को स्वीकार करने के पीछे इसकी जटिलता एक बड़ी वजह रही। उनके अनुसार, शूर्पणखा की वजह से ही रामायण में युद्ध की शुरुआत हुई थी। ऐसे किरदार को पर्दे पर निभाना उनके लिए रोमांचक अनुभव रहा, जिसमें कई तरह के भाव और व्यक्तित्व के अलग-अलग रंग दिखाने का अवसर मिलता है।

    अभिनेत्री ने फिल्म को भारत की कहानी और इतिहास को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने वाला एक बड़ा माध्यम भी बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्म के जरिए भारतीय संस्कृति और इतिहास को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। रकुल के मुताबिक, ‘रामायण’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय महाकाव्य को बड़े स्तर पर दुनिया के सामने पेश करने का प्रयास है।

    इससे पहले रकुल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक प्रशंसक के पत्र को साझा करते हुए भी शूर्पणखा के किरदार पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि इस भूमिका के लिए हामी भरने की एक वजह यह थी कि यह चरित्र काफी जटिल है। इतिहास में शूर्पणखा को अक्सर केवल एक घटना के जरिए याद किया गया है, जबकि उसकी कहानी में इससे कहीं अधिक कुछ है।

    रकुल ने यह भी उम्मीद जताई कि फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शक शूर्पणखा के चरित्र को खुले दिमाग से समझने की कोशिश करेंगे। उनके अनुसार, एक कलाकार के तौर पर ऐसे किरदार अधिक आकर्षित करते हैं, जो दर्शकों की पहले से बनी धारणाओं को चुनौती देते हैं। शूर्पणखा की भूमिका भी इसी तरह की है, क्योंकि इसके कई पक्ष हैं और इसे एक अलग नजरिये से प्रस्तुत करने की गुंजाइश मौजूद है।

    नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को दो भागों में तैयार किया जा रहा है। इसे हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज करने की योजना है। दर्शक इसे आईमैक्स फॉर्मेट में भी देख सकेंगे।

    फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान दर्शकों के सामने आएगा। फिल्म में प्रमुख पात्रों की भूमिका निभा रहे कलाकारों के लुक और कहानी को बड़े स्तर पर प्रस्तुत किए जाने को लेकर पहले से ही चर्चा जारी है। ऐसे में शूर्पणखा के किरदार को लेकर रकुल के बयान ने फिल्म के इस अहम पात्र के प्रति दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।