Tag: social media comment

  • फेसबुक कमेंट पर भड़का विवाद करैरा थाने का घेराव कई घंटे चला प्रदर्शन FIR के बाद शांत हुआ मामला

    फेसबुक कमेंट पर भड़का विवाद करैरा थाने का घेराव कई घंटे चला प्रदर्शन FIR के बाद शांत हुआ मामला


    शिवपुरी । शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में सोशल मीडिया पर किए गए एक कथित आपत्तिजनक कमेंट को लेकर रविवार को विवाद बढ़ गया। धार्मिक यात्रा से जुड़ी एक पोस्ट पर किए गए कमेंट से नाराज लोग बड़ी संख्या में करैरा थाने पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। थाने के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक लोगों की भीड़ जमा रही। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं। लोगों का कहना था कि धार्मिक यात्रा से जुड़ी पोस्ट पर इस तरह की टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं इसलिए पुलिस को मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

    बताया गया है कि कुछ दिन पहले करैरा कस्बे से मां कैलादेवी करौली के लिए धार्मिक यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा से संबंधित एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी। आरोप है कि करैरा निवासी आशीष गोयल ने इस पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। कमेंट सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एकजुट होकर थाने का रुख किया।

    प्रदर्शनकारी पुलिस से आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि सोशल मीडिया पर धार्मिक यात्रा से संबंधित पोस्ट पर की गई टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और शांत कराने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारी एफआईआर दर्ज होने तक अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान थाने के बाहर काफी देर तक लोगों की भीड़ बनी रही।

    मामले में नरेंद्र साहू पुत्र स्वरूप नारायण साहू की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आशीष गोयल निवासी करैरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट और उससे जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

    पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने की जानकारी मिलने के बाद थाने के बाहर चल रहा प्रदर्शन समाप्त हो गया। इसके बाद लोगों की भीड़ वहां से हट गई और स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी से जुड़े तथ्यों को सामने लाने का प्रयास कर रही है। पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर किसी भी धार्मिक या संवेदनशील विषय से जुड़ी टिप्पणी को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने रखा है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई किसी भी टिप्पणी को लेकर कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल करैरा में मामला दर्ज होने के बाद स्थिति शांत है।

  • बुड्ढा लड़का लोफर है…', RJD ने सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार पर की अभद्र टिप्पणी

    बुड्ढा लड़का लोफर है…', RJD ने सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार पर की अभद्र टिप्पणी


    नई दिल्ली । बिहार में विधान परिषद में सत्र की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पूर्व सीएम राबड़ी देवी को लड़की कहे जावने के मामले पर विवाद बढ़ता चला जा रहा है। पहले रोहिणी आचार्य ने इस मामले को लेकर सीएम नीतीश पर निशाना साधा था। इसके बाद तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश को डिमेंशिया और अल्जाइमर का शिकार बता दिया था। वहीं अब राजद ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। राजद ने सीएम नीतीश को लोफर और बुड्ढा तक कह दिया था।

    RJD ने क्या ट्वीट किया?
    राजद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणी की। राजद ने कहा संवैधानिक पद पर बैठ महिलाओं के लिए अश्लील बातें करने वाला बिहार का बुड्ढा लड़का लोफर है।
    आज विधान परिषद में मार्शल बुलाए गए
    मंगलवार को बिहार विधानसभा में लगातार हंगामा देखने को मिला। इसके बाद विपक्ष के लगातार हंगामे के बाद सभापति ने हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को मार्शल से दिन भर के लिए बाहर करवा दिया। सभापति ने बार बार कहा कि प्रश्नकाल को बाधित नहीं करें सदन की कार्यवाही में व्यवधान न डालें बावजूद विपक्ष के सदस्य बेल तक पहुंचकर नारेबाजी और हंगामा करते रहे। इसके बाद सभापति ने कड़ी कार्रवाई करते हुए विपक्षी सदस्यों को पूरे दिन के लिए सदन से बाहर करने का आदेश दे दिया। बाहर भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा।
    सुनील सिंह और मंत्री अशोक चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक
    सभापति के आदेश से मार्शल बुलाए गए जिन्होंने बीच-बचाव करते हुए सदस्यों को अलग किया। सुनील सिंह और मंत्री अशोक चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मंत्री अशोक चौधरी काफी गुस्से में दिखाई दिए वहीं विपक्ष के नेता भी आक्रोशित नजर आए। इस दौरान अशोक चौधरी ने सुनील सिंह से कहा तुम क्या हो जिस पर सुनील सिंह ने जवाब देते हुए उन्हें नौटंकीबाज तक कह दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान सदन में भारी शोर-शराबा और हंगामे का माहौल बना रहा।