Tag: Sohail Khan

  • गणपति विसर्जन में सलमान खान से हुई छोटी सी चूक अर्पिता ने टोका फिर पूरे विधि-विधान से की आरती

    गणपति विसर्जन में सलमान खान से हुई छोटी सी चूक अर्पिता ने टोका फिर पूरे विधि-विधान से की आरती


    नई दिल्ली। मुंबई में खान परिवार के घर गणपति बप्पा की विदाई का मौका खास रहा। सोहेल खान ने इस बार अपने घर गणपति बप्पा की स्थापना की थी और पूरे परिवार ने मिलकर धूमधाम से विसर्जन किया। इस मौके पर सलमान खान भी अपनी फिल्म की शूटिंग से समय निकालकर परिवार के साथ शामिल हुए। सलमान ने बप्पा की आरती कर उनका आशीर्वाद लिया। इसी दौरान उनसे आरती करने में एक छोटी सी चूक हो गई जिसे उनकी बहन अर्पिता खान ने तुरंत नोटिस कर लिया। अर्पिता ने भाई को टोका जिसके बाद सलमान ने अपनी गलती सुधारी और सही तरीके से गणपति बप्पा की आरती की।

    गणपति विसर्जन के मौके पर पूरा खान परिवार एक साथ नजर आया। सलमान खान के अलावा उनकी मां सलमा खान और हेलेन भी मौजूद थीं। उनकी बहनें अलवीरा खान और अर्पिता खान भी इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनीं। परिवार के बच्चे भी बप्पा की विदाई में शामिल हुए। सोहेल खान के घर से गणपति बप्पा को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ विदाई दी गई। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ सलमान खान की करीबी दोस्त यूलिया वंतूर भी नजर आईं। उन्होंने ऑफ व्हाइट साड़ी पहनी हुई थी और उन्होंने भी गणपति बप्पा की आरती कर आशीर्वाद लिया।

    सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सलमान खान को गणपति बप्पा की आरती करते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि आरती के दौरान सलमान से अनजाने में आरती करने की दिशा को लेकर गलती हो गई थी। अर्पिता ने जब भाई को इस बारे में बताया तो सलमान ने तुरंत अपनी गलती सुधारी। इसके बाद उन्होंने श्रद्धा के साथ बप्पा की आरती पूरी की। वीडियो सामने आने के बाद यह छोटा सा पल सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।

    खान परिवार में गणपति उत्सव लंबे समय से खास महत्व रखता है। अर्पिता खान आमतौर पर हर साल अपने घर गणपति बप्पा का स्वागत करती रही हैं लेकिन इस बार सोहेल खान ने अपने घर गणपति की स्थापना की। विसर्जन के दौरान परिवार की एकजुटता भी देखने को मिली। अरहान खान ने अपने चाचू अरबाज खान के साथ मिलकर बप्पा को विदाई दी। परिवार के सभी सदस्य पारंपरिक परिधानों में नजर आए।

    सलमान खान भी गणपति उत्सव में अक्सर शामिल होते हैं। परिवार के अलावा दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के घर होने वाले गणपति समारोह में भी वह नजर आते रहे हैं। हाल ही में वह अंबानी परिवार की गणेश पूजा में भी शामिल हुए थे। ऐसे में खान परिवार का गणपति उत्सव एक बार फिर चर्चा में है।

    वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्म SVC 63 की शूटिंग में व्यस्त हैं। मुंबई में फिल्म के एक्शन सीक्वेंस के लिए भव्य सेट तैयार किया गया है जहां सलमान खान नयनतारा और राहुल देव समेत अन्य कलाकारों के साथ शूटिंग कर रहे हैं। इसके अलावा वह बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार की शूटिंग भी कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक वह एक ही दिन में वीकेंड के वार के दो एपिसोड शूट कर रहे हैं।

    सलमान खान की फिल्म मातृभूमि भी लंबे समय से चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म CBFC सर्टिफिकेशन के कारण रिलीज का इंतजार कर रही है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लखिया ने किया है और कहानी साल 2020 के गलवान संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म की रिलीज को लेकर अभी आधिकारिक स्थिति का इंतजार है।

  • भाई सोहेल का हौसला बढ़ाते हुए छलका सलमान का दर्द, जेल के संघर्ष और कठिन जिंदगी का किया खुलासा

    भाई सोहेल का हौसला बढ़ाते हुए छलका सलमान का दर्द, जेल के संघर्ष और कठिन जिंदगी का किया खुलासा


    नई दिल्ली । रियलिटी शो अलायंस के नए एपिसोड में सलमान खान ने बतौर मेहमान पहुंचकर अपने भाई सोहेल खान का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर में से एक यानी जेल में बिताए दिनों को याद किया। सलमान ने बताया कि मुश्किल परिस्थितियों ने उन्हें जिंदगी की असली सीख दी और संघर्ष के समय इंसान को मजबूत बने रहना चाहिए। उनकी बातें सुनकर शो में मौजूद सभी कंटेस्टेंट भावुक हो गए।

    शो के प्रोमो में दिखाई देता है कि सोहेल खान सलमान से कहते हैं कि वह घर के माहौल में घबरा गए थे। इसके जवाब में सलमान ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कई साल पहले जब वह जेल गए थे तब वहां की परिस्थितियां बेहद कठिन थीं। उन्होंने बताया कि छोटे से परिसर में 50 से 70 लोग एक साथ रहते थे और सभी के लिए सिर्फ एक ही बाथरूम था। भारतीय शैली के शौचालय की स्थिति बेहद खराब रहती थी और साफ सफाई की भी भारी कमी थी। सलमान ने कहा कि उन दिनों की याद आज भी उनके जेहन में ताजा है और वही अनुभव उन्हें हर कठिन परिस्थिति में संयम बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

    सलमान ने अपने भाई से कहा कि किसी भी मुश्किल समय में घबराने के बजाय धैर्य रखना सबसे जरूरी होता है। उन्होंने समझाया कि जीवन में आने वाली परेशानियां हमेशा नहीं रहतीं बल्कि इंसान को पहले से ज्यादा मजबूत बनाकर आगे बढ़ना सिखाती हैं। उनकी बातों से साफ झलक रहा था कि वह सोहेल को मानसिक रूप से मजबूत रहने का संदेश देना चाहते थे।

    प्रोमो में सलमान खान ने घर के अन्य प्रतियोगियों से भी खुलकर बातचीत की। उन्होंने बाली और वंशज के साथ हल्के फुल्के अंदाज में बातचीत कर माहौल को खुशनुमा बनाया। एक मौके पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में उम्र को लेकर टिप्पणी की जिससे घर के सदस्य हंस पड़े। वहीं मिनी माथुर से बातचीत के दौरान उन्होंने उनके पति और फिल्म निर्देशक कबीर खान का भी जिक्र किया। सलमान ने मुस्कुराते हुए कहा कि अब उन्हें समझ में आया कि कबीर खान उनसे क्यों डरते हैं। इस मजाकिया बातचीत पर सभी प्रतियोगी ठहाके लगाते नजर आए।

    शो के दौरान सलमान ने सोहेल खान की निजी जिंदगी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोहेल हमेशा परिवार की जिम्मेदारियां निभाने की कोशिश करते रहे हैं और उन्होंने रिश्तों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया। सलमान की यह बात सुनकर माहौल कुछ देर के लिए भावुक हो गया। उन्होंने संकेत दिया कि किसी भी रिश्ते में प्रयास और ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है।

    अलायंस के इस एपिसोड का प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी सलमान खान की खूब चर्चा हो रही है। कई लोगों ने उनके संघर्ष के दिनों को याद करने की ईमानदारी की सराहना की है तो कई दर्शकों ने भाई के प्रति उनके समर्थन और भावनात्मक अंदाज की तारीफ की। सलमान का मानना है कि कठिन अनुभव इंसान को टूटने नहीं बल्कि और अधिक मजबूत बनने का मौका देते हैं। यही वजह है कि उन्होंने अपने जीवन के सबसे मुश्किल दौर को याद करते हुए सोहेल और बाकी प्रतियोगियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

  • बिना हेलमेट बाइक चलाने पर घिरे सोहेल खान, वायरल वीडियो के बाद मांगी सार्वजनिक माफी; बोले– गलती मानता हूं, आगे नियमों का पालन करूंगा

    बिना हेलमेट बाइक चलाने पर घिरे सोहेल खान, वायरल वीडियो के बाद मांगी सार्वजनिक माफी; बोले– गलती मानता हूं, आगे नियमों का पालन करूंगा


    नई दिल्ली बॉलीवुड अभिनेता और निर्माता सोहेल खान हाल ही में एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में आ गए थे। इस वीडियो में वे बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आए थे। इतना ही नहीं वीडियो बना रहे एक व्यक्ति पर उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल भी किया था। सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आते ही लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और मामला देखते ही देखते बड़ा विवाद बन गया। बढ़ती आलोचना के बीच अब सोहेल खान ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की है।

    सोहेल खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लंबा माफीनामा जारी किया। इसमें उन्होंने न केवल अपने व्यवहार पर खेद जताया बल्कि सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों को लेकर भी संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि वे सभी बाइक चलाने वालों से अपील करते हैं कि हमेशा हेलमेट पहनें। उन्होंने साफ तौर पर स्वीकार किया कि कभी-कभी वे हेलमेट नहीं पहनते हैं क्योंकि उन्हें घुटन यानी क्लॉस्ट्रोफोबिया की समस्या महसूस होती है लेकिन यह नियम तोड़ने का कोई बहाना नहीं हो सकता। अपने बयान में सोहेल खान ने बाइक राइडिंग के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्हें राइडिंग का शौक रहा है जो बीएमएक्स साइकिल से शुरू हुआ और अब बाइक तक पहुंचा है। उनका कहना है कि वे आमतौर पर देर रात बाइक चलाते हैं जब ट्रैफिक कम होता है ताकि जोखिम कम रहे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे बाइक को धीमी रफ्तार में चलाते हैं और अक्सर उनके पीछे उनकी कार भी चलती रहती है।

    हालांकि सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि चाहे समय कोई भी हो या ट्रैफिक कम हो हेलमेट न पहनना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि खुद की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ भी है। इसीआलोचना को स्वीकार करते हुए सोहेल खान ने आगे लिखा कि वे अपनी घुटन की समस्या से निपटने की पूरी कोशिश करेंगे और आगे से हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाएंगे। उन्होंने अपने साथी राइडर्स से भी सहयोग की अपील की। सोहेल खान ने अपने माफीनामे में ट्रैफिक पुलिस और अधिकारियों से भी दिल से माफी मांगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में वे सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे और किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतेंगे। साथ ही उन्होंने उन राइडर्स की सराहना भी की जो असहज महसूस करने के बावजूद हेलमेट पहनते हैं क्योंकि यह उनकी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।उन्होंने अपने संदेश का अंत करते हुए लिखा किसावधानी बरतना बाद में पछताने से कहीं बेहतर है। उन्होंने एक बार फिर अपने व्यवहार के लिए अफसोस जताया और कहा कि यह घटना उनके लिए सीख है।

    दरअसल विवाद की शुरुआत उस समय हुई थी जब सोहेल खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में वे बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आए थे। इसी दौरान एक राहगीर ने उन्हें रिकॉर्ड करना शुरू किया जिस पर सोहेल खान नाराज हो गए और गाली देते हुए वीडियो बंद करने को कहा। यह क्लिप सामने आने के बाद कई लोगों ने सवाल उठाए कि क्या ट्रैफिक नियम केवल आम जनता के लिए होते हैं और क्या सेलेब्रिटीज को कानून से ऊपर समझा जाता है।अब माफी मांगने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि यह मामला यहीं शांत होता है या फिर प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई की जाती है। फिलहाल सोहेल खान की माफी को कुछ लोग सकारात्मक कदम मान रहे हैं जबकि कुछ का कहना है कि मशहूर हस्तियों को ऐसे मामलों में और ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।