Tag: Sourav Ganguly biopic

  • 'दादा' के फर्स्ट लुक पर मचा था बवाल, राजकुमार राव ने माना जल्दबाजी में हुई गलती, AI के इस्तेमाल पर भी जताई चिंता

    'दादा' के फर्स्ट लुक पर मचा था बवाल, राजकुमार राव ने माना जल्दबाजी में हुई गलती, AI के इस्तेमाल पर भी जताई चिंता


    नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक फिल्म दादा को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का पहला पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके लुक को लेकर काफी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। कुछ दर्शकों ने पोस्टर को लेकर सवाल उठाए और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से तैयार किया गया बताया। अब राजकुमार राव ने इस आलोचना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और फिल्म निर्माण में तकनीक के इस्तेमाल को लेकर भी अपनी राय रखी है।

    राजकुमार राव ने मैशेबल इंडिया के साथ बातचीत में स्वीकार किया कि पोस्टर को लेकर टीम को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अभिनेता के मुताबिक इस प्रतिक्रिया से टीम को यह सीख मिली कि किसी भी रचनात्मक काम को जल्दबाजी में पूरा करने के बजाय उसे पर्याप्त समय देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पोस्टर बनाने वाली टीम को एहसास हुआ कि काम को और सावधानी से किया जाना चाहिए था। उनके अनुसार इसमें जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं थी और बेहतर नतीजे के लिए समय लेना चाहिए था। इस प्रतिक्रिया के बाद फिल्म के शुरुआती प्रचार और उसके प्रस्तुतिकरण को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है।

    राजकुमार राव ने यह भी कहा कि पोस्टर पर मिली प्रतिक्रिया से एक बात साफ हुई कि सौरव गांगुली के प्रशंसक उनसे कितना गहरा जुड़ाव रखते हैं। गांगुली भारतीय क्रिकेट के ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने टीम की सोच और खेलने के अंदाज को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। यही वजह है कि उनकी जिंदगी पर बनने वाली फिल्म से दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। ऐसे में फिल्म के लुक और प्रस्तुति को लेकर प्रशंसकों की बारीक नजर स्वाभाविक मानी जा रही है।

    AI को लेकर राजकुमार राव की दो टूक

    फिल्मों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल पर बात करते हुए राजकुमार राव ने कहा कि तकनीक के विकास को रोका नहीं जा सकता। हालांकि उनका मानना है कि AI का इस्तेमाल इंसानी रचनात्मकता की जगह लेने के लिए नहीं बल्कि उसे बेहतर बनाने में मददगार उपकरण के रूप में होना चाहिए। उन्होंने तकनीक के फायदे और नुकसान दोनों की ओर ध्यान दिलाया। अभिनेता ने चिंता जताई कि अगर फिल्म इंडस्ट्री में AI पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता बढ़ी तो इससे बड़ी संख्या में लोगों की रोजी रोटी प्रभावित हो सकती है।

    राजकुमार के अनुसार फिल्म निर्माण केवल तस्वीरें बनाने या दृश्यों को तैयार करने का काम नहीं है। इसके पीछे कलाकारों तकनीकी विशेषज्ञों लेखकों और कई अन्य लोगों की मेहनत होती है। एक फिल्म में इंसानी अनुभव और भावनाओं की अहम भूमिका रहती है। उनका मानना है कि AI की मदद से कुछ काम आसान किए जा सकते हैं लेकिन हर रचनात्मक प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। दर्शकों को कई बार AI से तैयार सामग्री में बनावटीपन महसूस होता है जिससे कहानी और किरदारों का प्रभाव कमजोर पड़ सकता है।

    सौरव गांगुली के घर और ईडन गार्डन्स में हुई शूटिंग

    राजकुमार राव ने बताया कि दादा फिल्म की टीम ने सौरव गांगुली के घर और कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में भी शूटिंग की है। अभिनेता ने कहा कि वह गांगुली से कई बार मिल चुके हैं और उनके साथ समय बिताकर उनकी जिंदगी को करीब से समझने की कोशिश की है। इन मुलाकातों के दौरान गांगुली ने अपने जीवन और अनुभवों के बारे में खुलकर बातचीत की। राजकुमार के मुताबिक किसी वास्तविक व्यक्ति का किरदार निभाने के लिए केवल उसके हावभाव और पहनावे को अपनाना पर्याप्त नहीं होता बल्कि उसके जीवन के अनुभवों और पर्दे के पीछे की परिस्थितियों को समझना भी जरूरी है।

    अभिनेता ने सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट का दिग्गज बताते हुए कहा कि उन्होंने टीम को मजबूत बनाने और भारतीय क्रिकेट की पहचान को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विक्रमादित्य मोटवाने के निर्देशन में बन रही इस फिल्म से दर्शकों को गांगुली के क्रिकेट करियर और उनके जीवन के अनछुए पहलुओं को देखने की उम्मीद है। अब फिल्म की आगे की झलकियों पर नजर रहेगी क्योंकि दर्शक चाहते हैं कि पर्दे पर गांगुली की छवि और उनकी कहानी को वास्तविकता के करीब पेश किया जाए।

  • Sourav Ganguly की बायोपिक में लीड रोल निभाएगे Rajkummar Rao, शूटिंग भी हुई शुरू

    Sourav Ganguly की बायोपिक में लीड रोल निभाएगे Rajkummar Rao, शूटिंग भी हुई शुरू


    नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरभ गांगुली (Sourav Ganguly) की बायोपिक को लेकर खबर कई दिनों से सुर्खियों में छाई हुई है। रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा था कि राजकुमार राव (Rajkummar Rao) उनका किरदार निभाते हुए इस फिल्म में दिखाई देंगे। अब राजकुमार राव ने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी शेयर किया है।

    फिल्म के टाइटल का खुलासा
    फिल्म का टाइटल अब सामने आ गया है जिसे लेकर कई दिनों से सस्पेंस बना हुआ था। जिसका नाम ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ (Dada: The Sourav Ganguly Story) है। राजकुमार राव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करके इसकी जानकारी दी। पोस्ट में क्लैपबोर्ड की तस्वीर थी, जिसमें फिल्म का नाम साफ दिख रहा था।उन्होंने लिखा, “और ये शुरू हो गया… द वन एंड ओनली #DADA”। फिल्म की शूटिंग आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है।निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने ने भी कोलकाता के ईडन गार्डन्स से अपडेट शेयर किया।उन्होंने सौरव गांगुली स्टैंड की तस्वीर पोस्ट की।

    राजकुमार ने फिल्म के लिए खूब की मेहनत
    कुछ दिन पहले ही राजकुमार राव को एक इवेंट में देखा गया था जहां पर उनका वेट काफी ज्यादा बढ़ गया है। उनका बदला बदला रूप रंग नजर आ रहा था जिसको लेकर फैंस भी काफी हैरान हो गए थे। आपको बता दें कि, वह इस फिल्म के लिए ही काफी मेहनत कर रहे हैं जिसका असर देखने को मिला था। एक्टर ने बताया था कि वह फिल्म को लेकर काफी नर्वस थे।राजकुमार राव लेकिन वो उतने ही एक्साइटेड भी हैं। उन्होंने कहा, “मैं नर्वस हूं… ये बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन मजा भी आने वाला है।” वे बंगाली लहजे को स्क्रीन पर सही ढंग से उतारने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं।

    इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताई तैयारी
    एक इंस्टाग्राम पोस्ट करते हुए एक्टर ने लिखा,”मुझे लगभग 9-10 किलो वज़न बढ़ाना था, इसलिए मैं दो पिज़्ज़ा, ढेर सारी मिठाइयाँ, अपने पसंदीदा आलू के पराठे और बिरयानी खा रहा था, और किरदार में पूरी तरह ढलने के लिए किसी भी तरह के ‘ग्लैमरस’ लुक से बच रहा था। मुझे उम्मीद है कि जब आप फ़िल्म देखेंगे, जो जल्द ही रिलीज़ होने वाली है, तो आपको मेरी सारी मेहनत दिखेगी। और अब, बदलाव का समय आ गया है-इन बढ़े हुए किलो को कम करने और सचमुच गांगुली के किरदार में ढलने का समय। हमारे अपने दादा।”