Tag: storms and rain alert

  • MP में दिन के तापमान में गिरावट, रात का पारा अब भी सामान्य से अधिक, 4 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट

    MP में दिन के तापमान में गिरावट, रात का पारा अब भी सामान्य से अधिक, 4 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट


    भोपाल। ‘अर्नब’ तूफान के असर से मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में 6.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जबकि रात का पारा अब भी सामान्य से 4.8 डिग्री तक ज्यादा बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड बढ़ने के आसार हैं।

    भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक, उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी के कारण ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में ठंडी हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। यहां अधिकतम तापमान में 6.2 से 6.6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। अमरकंटक, रीवा, सतना, पचमढ़ी, करौंदी, उमरिया, ग्वालियर और दतिया में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

    इसके उलट प्रदेश के कई संभागों में रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। इंदौर, चंबल, रीवा और सागर-जबलपुर संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में यह अंतर 4.8 डिग्री तक पहुंच गया है।

    विदिशा में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई

    विदिशा में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई। सड़कों पर आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं देने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। हाईवे और खुले रास्तों पर भी लोगों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।

    अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम

    मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नाइक के अनुसार, अगले चार दिन प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। दिन के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है, जबकि रातें अपेक्षाकृत गर्म रहेंगी। इस दौरान कई इलाकों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

    रविवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कई जिलों में धूप खिलने का अनुमान है।

    24 घंटे में 26 जिलों में हुई बारिश

    चक्रवात के असर से बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 26 जिलों में बारिश दर्ज की गई। इनमें जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, नर्मदापुरम, राजगढ़, शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड और दतिया शामिल हैं। इस दौरान मुरैना में हवा की रफ्तार 31 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

  • MP में 2 नवंबर तक आंधी-बारिश का रहेगा दौर, आज 33 जिलों में अलर्ट, पचमढ़ी सबसे ठंडा

    MP में 2 नवंबर तक आंधी-बारिश का रहेगा दौर, आज 33 जिलों में अलर्ट, पचमढ़ी सबसे ठंडा


    भोपाल। मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 2 नवंबर तक बारिश की संभावना जताते हुए शुक्रवार को ग्वालियर-जबलपुर समेत 33 जिलों में आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में भी 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।

    मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राजगढ़, विदिशा, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में मौसम खराब रह सकता है।

    दूसरी ओर भोपाल, रायसेन, सीहोर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, हरदा, शाजापुर, देवास, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में धूप निकलने की संभावना है।

    बारिश से फसलों पर असर, मंडी में भीगा मक्का
    बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पांढुर्णा की मंडी में गुरुवार को खुले में रखे मक्के के ढेर बारिश में भीग गए। इससे हजारों क्विंटल मक्का खराब होने की आशंका है। छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में बारिश से धान के दानों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

    रायसेन के दशहरा मैदान में धान लेकर पहुंचे किसानों को भी अपनी उपज बचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। यहां करीब 200 ट्रॉलियों में धान रखा हुआ था। गुरुवार को भोपाल, सागर, सिंगरौली, पांढुर्णा, मैहर, दमोह, सीहोर और नर्मदापुरम सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। हालांकि, इस बारिश से तुअर, कपास और संतरे की फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।

    पचमढ़ी में 15.2 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान
    आंधी और बारिश के चलते प्रदेश के कई इलाकों में दिन के समय ठंडक बढ़ गई। गुरुवार को दिन के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। रात के तापमान की बात करें तो पचमढ़ी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नौगांव में 15.6, अमरकंटक में 16.1, खरगोन और दमोह में 17 तथा धार में 17.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।

    गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से 3 अक्टूबर को ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके बावजूद नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है।