Tag: Success Story

  • बड़े सपनों ने बदली किस्मत आर माधवन बोले सड़क पर मिला ऑफर बना जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट

    बड़े सपनों ने बदली किस्मत आर माधवन बोले सड़क पर मिला ऑफर बना जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट


    नई दिल्ली । बॉलीवुड के सबसे प्रतिभाशाली और बहुमुखी अभिनेताओं में गिने जाने वाले आर माधवन की सफलता की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। आज करोड़ों दिलों पर राज करने वाले इस अभिनेता ने हाल ही में अपनी जिंदगी से जुड़ा ऐसा किस्सा साझा किया जिसने यह साबित कर दिया कि बड़े सपने देखने वालों की किस्मत भी कभी न कभी उनका दरवाजा जरूर खटखटाती है। दिलचस्प बात यह है कि माधवन को अभिनय का पहला प्रस्ताव किसी ऑडिशन या फिल्मी दफ्तर में नहीं बल्कि सड़क पर मिला था और उस समय उन्हें यह पूरा मामला किसी स्कैम जैसा लगा था।

    एक बातचीत के दौरान आर माधवन ने बताया कि उन्होंने महज 17 वर्ष की उम्र में अपनी जिंदगी के लक्ष्य तय कर लिए थे। उन्होंने अपनी नोटबुक में साफ शब्दों में लिखा था कि वह एक दिन अमीर और मशहूर अभिनेता बनना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि वह जीवन में हर क्षेत्र की थोड़ी बहुत जानकारी हासिल करेंगे लेकिन कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में ऐसी महारत बनाएंगे जिससे उनकी अलग पहचान बने। आज भी वह नोटबुक उनके पास सुरक्षित है और उसे देखकर उन्हें अपने शुरुआती सपनों की याद आती है।

    माधवन का मानना है कि इंसान को सपने देखने से कभी डरना नहीं चाहिए। उनके अनुसार अधिकांश लोग अपनी क्षमताओं से पहले ही समझौता कर लेते हैं और यह मान बैठते हैं कि उनके सपने पूरे नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि ऐसे सपने देखने चाहिए जिन्हें सुनकर लोग आपको पागल समझें क्योंकि असंभव दिखने वाले सपने ही इंसान को असाधारण सफलता तक पहुंचाते हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन महानायक अमिताभ बच्चन उनके जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देंगे लेकिन जिंदगी ने उन्हें यह खुशी भी दी।

    सबसे रोचक किस्सा उनके अभिनय करियर की शुरुआत से जुड़ा है। माधवन ने बताया कि वह मूल रूप से अभिनेता बनने मुंबई नहीं आए थे। उस समय वह टेक कम्युनिकेशन और पब्लिक स्पीकिंग का प्रशिक्षण देते थे और अच्छी खासी कमाई कर रहे थे। उनकी मासिक आय उस दौर में सत्तर से अस्सी हजार रुपए के बीच थी जो उस समय बेहद बड़ी रकम मानी जाती थी। वह अपने काम और जीवन से संतुष्ट थे और फिल्मों में आने की कोई योजना नहीं थी।

    इसी दौरान एक दिन सड़क पर एक अनजान व्यक्ति ने उनसे पूछा कि क्या वह अभिनय करना चाहेंगे। माधवन ने स्वीकार किया कि पहली प्रतिक्रिया यही थी कि शायद कोई धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि बाद में उन्होंने उस प्रस्ताव को गंभीरता से लिया और यही छोटा सा अवसर उनके जीवन का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ। इसी मौके ने उन्हें मॉडलिंग और विज्ञापनों की दुनिया तक पहुंचाया और फिर धीरे धीरे फिल्मों के दरवाजे भी खुल गए।

    आज आर माधवन भारतीय सिनेमा के उन कलाकारों में शामिल हैं जिन्होंने हिंदी के साथ तमिल और अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी शानदार पहचान बनाई है। उन्होंने अपने अभिनय से यह साबित किया कि सफलता केवल किस्मत से नहीं बल्कि स्पष्ट लक्ष्य आत्मविश्वास और लगातार मेहनत से मिलती है। उनकी कहानी उन युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है जो बड़े सपने देखने से घबराते हैं। माधवन का मानना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो जिंदगी किसी भी मोड़ पर सफलता का ऐसा मौका दे सकती है जो पूरी दुनिया बदल दे।

  • राशन के लिए तरसा परिवार आज करोड़ों का सपना देख रहा बेटा जानिए ,सिक्योरिटी गार्ड से सफल स्टार्टअप फाउंडर बनने का सफर

    राशन के लिए तरसा परिवार आज करोड़ों का सपना देख रहा बेटा जानिए ,सिक्योरिटी गार्ड से सफल स्टार्टअप फाउंडर बनने का सफर


    नई दिल्ली ।  ओडिशा के बरगढ़ जिले से निकलकर अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर सफलता की नई कहानी लिखने वाले अजय कुमार शर्मा आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। कभी ऐसा समय था जब उनके परिवार को उधार पर राशन तक मिलना बंद हो गया था। आर्थिक तंगी इतनी बढ़ गई थी कि भविष्य पूरी तरह अंधकारमय नजर आने लगा था। लेकिन कठिन परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय अजय ने संघर्ष का रास्ता चुना और आज करोड़ों रुपये के कारोबार का सपना साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

    अजय का जन्म एक ऐसे परिवार में हुआ जिसने कभी अच्छे दिन देखे थे लेकिन पारिवारिक बंटवारे के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। परिवार आर्थिक संकट में डूब गया और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया। कॉलेज की पढ़ाई के दौरान उन्होंने परिवार की परेशानी को देखते हुए बिना किसी को बताए बेंगलुरु जाने का फैसला किया। वहां उन्होंने गुजारा करने के लिए सब्जियां बेचीं और बाद में एक आईटी कंपनी में मात्र 3000 रुपये मासिक वेतन पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी शुरू कर दी।

    उनकी ड्यूटी रोज 12 घंटे की होती थी लेकिन सीखने की ललक इतनी मजबूत थी कि ड्यूटी खत्म होने के बाद भी वे कंपनी के इंजीनियरों को काम करते हुए देखते और नई चीजें सीखने की कोशिश करते। दिन में कंप्यूटर क्लास करने के लिए उन्होंने रात की शिफ्ट चुनी और कई महीनों तक रोज केवल दो से तीन घंटे की नींद लेकर खुद को तैयार किया। इसी मेहनत का परिणाम था कि धीरे-धीरे उन्हें बेहतर अवसर मिलने लगे और आखिरकार उन्हें अमेरिका की एक आईटी कंपनी में काम करने का मौका मिला।

    अमेरिका में शानदार करियर आलीशान जीवन और लग्जरी सुविधाएं मिलने के बावजूद अजय का सपना कुछ अलग करने का था। उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया और महसूस किया कि देश में सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति खासकर महिलाओं और यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। इसी सोच से उन्होंने अपने स्टार्टअप मैग्नेटकनेक्ट्स के तहत mFresh ब्रांड की शुरुआत की और आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रीमियम रिफ्रेशिंग स्टेशन विकसित करने का लक्ष्य बनाया।

    शुरुआत आसान नहीं थी। जब उन्होंने एयर कंडीशनर युक्त आधुनिक पब्लिक टॉयलेट का आइडिया मैन्युफैक्चरर्स के सामने रखा तो अधिकांश लोगों ने इसे असंभव बताया। कई लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर टॉयलेट में एसी की क्या जरूरत है। करीब आठ महीने तक लगातार प्रयास करने के बाद एक निर्माता उनके साथ जुड़ने को तैयार हुआ और जनवरी 2025 में पहला यूनिट शुरू किया गया। शुरुआती महीनों में हर महीने लाखों रुपये का खर्च उठाना पड़ा लेकिन धीरे-धीरे लोगों ने इस सुविधा को अपनाना शुरू कर दिया और कारोबार स्थिर हो गया।

    आज उनके आधुनिक रिफ्रेशिंग स्टेशनों में एयर कंडीशनिंग के साथ स्वच्छ टॉयलेट शॉवर मोबाइल चार्जिंग स्टेशन लॉकर डायपर चेंजिंग सुविधा और सैनिटरी पैड डिस्पेंसर जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। हर उपयोग के बाद तत्काल सफाई की व्यवस्था की जाती है ताकि स्वच्छता का उच्च स्तर बना रहे। यह सेवा बेहद किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है जिससे आम लोग भी इसका लाभ उठा सकें।

    वर्तमान में अजय का स्टार्टअप ओडिशा के पुरी और भुवनेश्वर में कई यूनिट्स संचालित कर रहा है और अब तक दो लाख से अधिक लोगों को सेवाएं दे चुका है। खाटू श्याम वृंदावन और हरिद्वार जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी नए प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं। वर्ष 2026 में कंपनी ने 1.6 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा है जबकि आने वाले वर्षों में इसे कई गुना बढ़ाने की योजना है।

    व्यवसाय के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी अजय की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अपनी सामाजिक संस्था के माध्यम से अपने पैतृक गांव में दिव्यांग अनुकूल और पूरी तरह निशुल्क सुविधा केंद्र का निर्माण कराया है। उनका मानना है कि जिस तरह लोगों ने समय के साथ स्वच्छ पेयजल की अहमियत समझी है उसी तरह सार्वजनिक स्वच्छता और गरिमा के महत्व को भी समझेंगे। अजय कुमार शर्मा की कहानी इस बात का प्रमाण है कि मजबूत इरादे और निरंतर मेहनत के दम पर कोई भी व्यक्ति कठिन से कठिन परिस्थितियों को पीछे छोड़कर सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

  • विजय देवरकोंडा की किस्मत बदली एक छोटी फिल्म ने, बन गए सुपरस्टार..

    विजय देवरकोंडा की किस्मत बदली एक छोटी फिल्म ने, बन गए सुपरस्टार..

    नई दिल्ली ।
    विजय देवरकोंडा की कहानी फिल्मी दुनिया में उन चुनिंदा उदाहरणों में से है, जहां संघर्ष ने सफलता की नींव रखी। हैदराबाद में एक सामान्य परिवार में जन्मे विजय का झुकाव बचपन से ही अभिनय की ओर था। परिवार की उम्मीद थी कि वह पढ़ाई करके एक स्थिर करियर चुनें, लेकिन उनका सपना फिल्मों की दुनिया में नाम कमाना था। यही सपना उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत देता रहा।

    करियर की शुरुआत आसान नहीं थी। शुरुआती फिल्मों में उन्हें खास पहचान नहीं मिल सकी और लगातार असफलताओं ने उनका आत्मविश्वास भी हिला दिया। काम की कमी और अनिश्चित भविष्य ने उन्हें ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया जहां उन्होंने अपने जीवन को लेकर एक सख्त फैसला लिया। उन्होंने खुद के लिए एक समय सीमा तय कर दी कि अगर उस उम्र तक उन्हें सफलता नहीं मिली तो वह अभिनय छोड़ देंगे और किसी और रास्ते पर चलेंगे।

    यह फैसला उनके जीवन में एक मानसिक दबाव बन गया, लेकिन यही दबाव उनके लिए प्रेरणा भी साबित हुआ। उन्होंने और मेहनत शुरू कर दी और हर मौके को गंभीरता से लेना शुरू किया। परिवार की ओर से भी करियर बदलने की सलाह मिलती रही, लेकिन विजय ने अपने सपने को छोड़ने से इनकार कर दिया।

    उनकी किस्मत तब बदलनी शुरू हुई जब उन्हें एक छोटे बजट की फिल्म में काम करने का अवसर मिला। यह फिल्म भले ही बड़े स्तर पर शुरुआत में ज्यादा चर्चा में नहीं रही, लेकिन धीरे-धीरे इसने उन्हें पहचान दिलानी शुरू कर दी। इस फिल्म ने उनके करियर को नई दिशा दी और दर्शकों के बीच उनकी मौजूदगी को मजबूत किया।

    इसके बाद एक ऐसी फिल्म आई जिसने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। इस फिल्म में उनका किरदार इतना प्रभावशाली था कि वह रातोंरात युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो गए। उनकी अभिनय शैली और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें इंडस्ट्री में अलग पहचान दिलाई और वह एक उभरते हुए बड़े स्टार बन गए।

    सफलता मिलने के बाद विजय ने लगातार कई सफल फिल्मों में काम किया और अपनी लोकप्रियता को और मजबूत किया। धीरे-धीरे उन्होंने खुद को सिर्फ एक अभिनेता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि फैशन और बिजनेस में भी कदम बढ़ाया।

    आज विजय देवरकोंडा की कहानी इस बात का उदाहरण है कि असफलताएं अगर सही दिशा में इस्तेमाल की जाएं, तो वही सफलता की सबसे बड़ी वजह बन सकती हैं। उनकी यात्रा उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है जो संघर्ष के दौर में भी अपने सपनों को जिंदा रखते हैं।

  • बर्थडे स्पेशल: कभी पेट पालने के लिए की चौकीदारी, आज करोड़ों के मालिक हैं 'राम' फेम गुरमीत चौधरी!

    बर्थडे स्पेशल: कभी पेट पालने के लिए की चौकीदारी, आज करोड़ों के मालिक हैं 'राम' फेम गुरमीत चौधरी!


    नई दिल्ली । फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में कई सितारे ऐसे हैं जिन्होंने नेम-फेम कमाने से पहले काफी संघर्ष किया. उन्होंने छोटे-मोटे काम करके अपना गुजारा किया और फिर मेहनत से नाम कमाया. आज हम आपको ऐसे ही एक स्टार की बारे में बताने जा रहे हैं जो अब इंडस्ट्री का टॉप एक्टर बन चुका है लेकिन यहां तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं था. उन्होंने कई मुश्किलें झेलीं लेकिन हार नहीं मानी. आज उनकी शोहरत की कोई कमी नहीं है. आइए जानते हैं कि कौन है ये सितारा?

    इंडस्ट्री के टॉप एक्टर

    ग्लैमर और शोहरत की दुनिया में पहुंचने से पहले कई कलाकारों को संघर्ष के दौर से गुजरना पड़ता है. कभी-कभी हालात इतने मुश्किल हो जाते हैं कि गुजारा करने के लिए कोई भी छोटा मोटा काम भी करना पड़ता है. वैसे तो इस लिस्ट में कई नाम शामिल हैं लेकिन आज हम आपको एक ऐसे स्टार के बारे में बताने जा रहे हैं जिसके पास आज नाम और शोहरत की कोई कमी नहीं है. हालांकि यहां तक पहुचे लिए उनको भी कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. क्या आपने इन्हें पहचाना?

    कौन है ये टीवी इंडस्ट्री का टॉप स्टार?
    इस एक्टर की लाइफ में ऐसे भी दिन आए जब उनको अपना खर्च निकालने के लिए चौकीदारी कर करनी पड़ी थी. लेकिन उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें इंडस्ट्री में खास पहचान दिलाई और आज वे टीवी के मशहूर सितारों में शामिल हैं. हम यहां बिहार के भागलपुर में 22 फरवरी 1984 को जन्मे गुरमीत चौधरी की बात कर रहे हैं जो आज टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं. उन्होंने 2008 में टीवी पर टेलीकास्ट होने वाली ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई.

    बचपन से बनना चाहते थे एक्टर

    गुरमीत को बचपन से ही एक्टिंग और डांस का शौक था. जब उन्होंने ऋतिक रोशन को बड़े पर्दे पर शानदार डांस करते देखा तो उन्होंने ठान लिया कि वे भी एक्टिंग में करियर बनाएंगे. इसके लिए उन्होंने मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली और मिस्टर जबलपुर का खिताब भी जीता. हालांकि एक्टिंग की राह आसान नहीं थी लेकिन उनके जुनून और मेहनत ने उन्हें सफलता दिलाई. जब गुरमीत चौधरी एक्टिंग में करियर बनाने के लिए मुंबई आए तब उनके पास कोई बैकअप प्लान नहीं था. संघर्ष के उनको चौकीदारी तक करनी पड़ी थी.

    करनी पड़ी चौकीदार की नौकरी

    दरअसल जब उनके पास रहने के लिए जगह नहीं थे तब उन्हें एक सस्ता कमरा मिला जो एक चौकीदार ने दिया था. सिर पर छत तो मिल गई लेकिन खर्च चलाना मुश्किल था. इसलिए उन्होंने एक स्टोर में चौकीदारी की नौकरी कर ली जिससे वो अपने खर्च निकाल पाते थे. इसी दौरान वो लगातार ऑडिशन देते रहे और आखिरकार 2008 में ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने का मौका मिला. इस शो ने उन्हें इतनी लोकप्रियता दिलाई कि वह देखते ही देखते स्टार बन गए.

    गुरमीत चौधरी का करियर

    इसके बाद जब ये शो ऑफ एयर हुआ तो तीन साल तक उनके पास कोई काम नहीं था जिससे वो फिर से संघर्ष के दौर में चले गए. गुरमीत ने अपने करियर की शुरुआत 2004 में टीवी शो ‘ये मेरी लाइफ है’ से की थी लेकिन असली पहचान ‘रामायण’ से मिली. इसके बाद उन्होंने ‘गीत- हुई सबसे पराई’ ‘पुनर्विवाह’ और ‘झलक दिखला जा’ जैसे पॉपुलर शोज में काम किया. इसके अलावा उन्होंने 2015 में ‘खामोशियां’ से बॉलीवुड डेब्यू किया और फिर ‘वजह तुम हो’ (2016) और ‘पलटन’ (2018) जैसी फिल्मों में काम किया.

    गुरमीत चौधरी की नेटवर्थ पर्सनल लाइफ
    गुरमीत चौधरी ने 2011 में टीवी एक्ट्रेस देबिना बनर्जी से शादी की और अब वे दो बेटियों के माता-पिता हैं. संघर्ष से लेकर स्टारडम तक का उनका सफर कई लोगों के लिए इंस्पिरेशनल रहा है. आज गुरमीत एक शानदार लाइफस्टाइल जीते हैं उनके पास कई लग्जरी गाड़ियां और आलीशान घर हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 30-40 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है. उनकी सफलता इस बात का सबूत है कि अगर मेहनत और लगन हो तो कोई भी अपने सपनों को हकीकत में बदल सकता है.