Tag: Taj-ul-Masajid

  • ताज-उल-मसाजिद में उमड़ी नमाजियों की भीड़, शांति बनाए रखने की अपील

    ताज-उल-मसाजिद में उमड़ी नमाजियों की भीड़, शांति बनाए रखने की अपील


    नई दिल्ली। राजधानी भोपाल में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार शुक्रवार को अकीदत, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया।

    शहर की सबसे बड़ी मस्जिद ताज-उल-मसाजिद में सुबह 7 बजे ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की गई। यहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे। नमाज के दौरान इमाम ने मुल्क में अमन, इंसाफ और आपसी एकता कायम रहने की दुआ कराई। साथ ही समाज में फैल रही बुराइयों को खत्म करने और लोगों के बीच प्रेम बनाए रखने की अपील की गई।

    इमाम ने कहा कि किसी भी देश की तरक्की और खुशहाली तभी संभव है जब समाज में भाईचारा, एकता और न्याय का माहौल कायम रहे। दुआ में प्रदेश की उन्नति, बेरोजगारों को रोजगार, बीमारों को शिफा और परेशान लोगों को राहत मिलने की भी प्रार्थना की गई। इसके अलावा मदरसों, मस्जिदों और दीन की खिदमत में जुटे लोगों की सुरक्षा और सलामती की दुआ भी मांगी गई।

    नमाज में बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में युवा और छोटे बच्चे भी शामिल हुए। नमाज के बाद मस्जिद परिसर में लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की शुभकामनाएं दीं। पूरे शहर में त्योहार को लेकर उत्साह और सौहार्द का माहौल दिखाई दिया।

    इधर बकरीद को लेकर मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड ने कुर्बानी से संबंधित दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। बोर्ड ने अपील की है कि कुर्बानी केवल निर्धारित और चिन्हित स्थानों पर ही की जाए। साथ ही कुर्बानी स्थल को चारों तरफ से दीवार या टीन शेड से ढंकने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

    वक्फ बोर्ड ने लोगों से यह भी कहा है कि कुर्बानी के फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल न करें। बोर्ड के मुताबिक इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा कुर्बानी के बाद अवशेषों का सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निपटान करने तथा नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील भी की गई है।

    निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए और शासन के सभी नियमों का पालन किया जाए। वहीं ईद की नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाह परिसरों में ही अदा करने की सलाह दी गई है। सार्वजनिक सड़कों और खुले रास्तों पर नमाज पढ़ने से बचने की अपील भी प्रशासन की ओर से की गई।

    बकरीद के मौके पर पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर नजर आया। शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। कुल मिलाकर राजधानी भोपाल में बकरीद का त्योहार भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के संदेश के साथ मनाया गया।

  • भोपाल में तनाव: ताजुल मस्जिद के बाहर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

    भोपाल में तनाव: ताजुल मस्जिद के बाहर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले


    नई दिल्ली। भोपाल राजधानी भोपाल के गौतम नगर इलाके में हिंदू युवती के साथ होटल में मिले एक मुस्लिम युवक से मारपीट और धार्मिक टिप्पणी के मामले ने मंगलवार रात बड़ा तनाव पैदा कर दिया। वायरल वीडियो के विरोध में हजारों लोग Taj-ul-Masajid, पीरगेट और इमामीगेट इलाके में जमा हो गए। देर रात तक प्रदर्शन, नारेबाजी और पुलिस के साथ झड़प का माहौल बना रहा।
    स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। वहीं पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
    जानकारी के अनुसार, 9 मई को गौतम नगर स्थित एक होटल में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को पकड़ लिया था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया तथा अर्धनग्न अवस्था में पुलिस के हवाले किया गया। इस दौरान धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली कथित टिप्पणियां भी की गईं, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
    घटना के विरोध में मंगलवार दोपहर मुस्लिम समाज के लोग Taj-ul-Masajid के बाहर जुटे। बाद में शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी, विधायक Arif Masood और विधायक Atif Arif Aqueel ने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
    रात करीब साढ़े आठ बजे प्रदर्शन और उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए आरोपियों पर एनएसए लगाने और बुल्डोजर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद किए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।
    मोती मस्जिद क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की भी सूचना सामने आई। पथराव में थाना तलैया का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने हालात संभालने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
    इधर, पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और उसके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती नहीं हुई। युवती ने कहा कि वह युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहती।
    पुलिस के अनुसार, धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में थाना गोविंदपुरा में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में एक नाबालिग भी शामिल बताया गया है। शाहजहांनाबाद संभाग के एसीपी अनिल वाजपेयी ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और संवेदनशील इलाकों में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है।
    वहीं हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने भी बयान जारी कर कहा कि शहर का माहौल खराब नहीं किया जाना चाहिए और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना जरूरी है।