Tag: Taxi Driver

  • OTT पर इन 7 फिल्मों के ट्विस्ट कर देंगे दिमाग सुन्न, IMDb पर शानदार रेटिंग के साथ हर कहानी में छिपा है बड़ा राज

    OTT पर इन 7 फिल्मों के ट्विस्ट कर देंगे दिमाग सुन्न, IMDb पर शानदार रेटिंग के साथ हर कहानी में छिपा है बड़ा राज

    नई दिल्ली। वीकेंड पर अगर आप कुछ ऐसा देखना चाहते हैं, जिसकी कहानी आखिरी तक आपको बांधे रखे और जिसके ट्विस्ट दिमाग घुमा दें, तो OTT पर मौजूद ये 7 साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर फिल्में आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती हैं। इन फिल्मों को IMDb पर भी अच्छी रेटिंग मिली है। इनमें अपराध, रहस्य, मानसिक उलझन और ऐसे मोड़ देखने को मिलते हैं, जो कहानी को लगातार दिलचस्प बनाए रखते हैं।

    फाइट क्लब

    IMDb रेटिंग: 8.8

    साल 1999 में रिलीज हुई ‘फाइट क्लब’ का निर्देशन डेविड फिंचर ने किया है। फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पूंजीवादी जीवनशैली से खुश नहीं है। उसे नींद नहीं आने की समस्या रहती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात साबुन बेचने वाले एक शख्स से होती है और दोनों मिलकर अंडरग्राउंड फाइट क्लब की शुरुआत करते हैं। कहानी आगे बढ़ने के साथ कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो दर्शकों को हैरान करते हैं।

    टैक्सी ड्राइवर

    IMDb रेटिंग: 8.2

    1976 में रिलीज हुई ‘टैक्सी ड्राइवर’ का निर्देशन मार्टिन स्कॉर्सेसे ने किया है। फिल्म की कहानी पूर्व नौसैनिक ट्रैविस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो न्यूयॉर्क में टैक्सी ड्राइवर के तौर पर काम करता है। एक समय के बाद वह कम उम्र की एक प्रॉस्टिट्यूट को बचाने की कोशिश करने का फैसला करता है। इसके बाद कहानी अलग दिशा में आगे बढ़ती है और ट्रैविस के फैसले कई घटनाओं को जन्म देते हैं।

    बदला

    IMDb रेटिंग: 7.8

    2019 में रिलीज हुई ‘बदला’ में अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी नैना के इर्द-गिर्द घूमती है। नैना एक शादीशुदा महिला है, जिसका अर्जुन नाम के युवक के साथ अफेयर होता है। उसकी जिंदगी उस समय बदल जाती है, जब उस पर अर्जुन की हत्या का आरोप लगता है। अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए नैना, बादल गुप्ता की मदद लेती है। इसके बाद सामने आने वाले रहस्य कहानी को लगातार उलझाते जाते हैं।

    फॉरगॉटन

    IMDb रेटिंग: 7.4

    2017 में रिलीज हुई ‘फॉरगॉटन’ की कहानी जिन-सियोक और उसके भाई की किडनैपिंग के इर्द-गिर्द घूमती है। जिन-सियोक एक नए घर में रहने आता है। वहां उसका भाई किडनैप हो जाता है। 19 दिन बाद जब उसका भाई वापस लौटता है, तो उसे पिछली घटनाओं के बारे में कुछ भी याद नहीं रहता। इसके बाद जिन सच का पता लगाने के मिशन पर निकलता है। फिल्म का निर्देशन जंग हैंग-जून ने किया है।

    मारीसन

    IMDb रेटिंग: 7.4

    ‘मारीसन’ 2025 में रिलीज हुई तमिल भाषा की क्राइम थ्रिलर फिल्म है। कहानी एक शातिर चोर से शुरू होती है, जो एक घर में चोरी करने पहुंचता है। वहां उसे एक बूढ़ा व्यक्ति बंधा हुआ मिलता है। वह व्यक्ति दावा करता है कि घर उसी का है और अगर चोर उसे वहां से छुड़ाकर ले जाए तो वह उसे एटीएम से पैसे निकालकर देगा। चोर उसकी बातों में आ जाता है और दोनों एक यात्रा पर निकलते हैं। इस यात्रा के दौरान होने वाली घटनाएं कहानी को कई अप्रत्याशित मोड़ देती हैं।

    कांथा

    IMDb रेटिंग: 7.2

    ‘कांथा’ का निर्देशन सेल्वमणि सेल्वराज ने किया है। यह तमिल भाषा की फिल्म है, जिसकी कहानी 1950 के मद्रास की पृष्ठभूमि में रखी गई है। फिल्म की कहानी आर्या नाम के एक दिग्गज निर्देशक और उसकी फिल्म के अभिनेता टी. के. महादेवन के बीच दुश्मनी के इर्द-गिर्द घूमती है।

    द कॉल

    IMDb रेटिंग: 7.1

    2020 में रिलीज हुई ‘द कॉल’ का निर्देशन ली चुंग-ह्योन ने किया है। फिल्म की कहानी एक ऐसे घर में घटती है, जहां वर्तमान समय में एक लड़की को फोन आता है। फोन पर दूसरी लड़की बताती है कि उसे टॉर्चर किया जा रहा है। मामले की जांच आगे बढ़ने पर पता चलता है कि फोन उसी घर से आ रहा है, लेकिन यह कॉल साल 1999 से की जा रही है। इसके बाद कहानी रहस्य और घटनाओं के ऐसे सिलसिले में बदल जाती है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है।