Tag: team

  • Ind vs WI : पहला टी-20 आज लखनऊ में…. टीम में संजू सैमसन को फिर मौका, वैभव सूर्यवंशी बाहर

    Ind vs WI : पहला टी-20 आज लखनऊ में…. टीम में संजू सैमसन को फिर मौका, वैभव सूर्यवंशी बाहर


    लखनऊ।
    आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 (Aichi-Nagoya Asian Games 2026) में गोल्ड मेडल जीतने के बाद अब टीम इंडिया (Team India) की नजरें वेस्टइंडीज (West Indies) के खिलाफ टी20 सीरीज (T20 Series) पर हैं. दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर (मंगलवार) को लखनऊ (Lucknow) के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा।

    भारतीय टीम ने हाल ही में एशियन गेम्स के मेन्स क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. फाइनल में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने बल्ले से अहम योगदान दिया था. वहीं शिवम दुबे ने ऑलराउंड खेल दिखाया था।


    कप्तान श्रेयस अय्यर पर बड़ी जिम्मेदारी

    टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. एशियन गेम्स में भी अय्यर की अगुवाई में भारत ने गोल्ड जीता था. अब उनकी कोशिश वेस्टइंडीज के खिलाफ भी जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करने की होगी. हालांकि, वेस्टइंडीज को हल्के में नहीं लिया जा सकता. वनडे सीरीज में भारत ने 2-1 से जीत दर्ज की, लेकिन तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की थी. ऐसे में कैरेबियाई टीम टी20 सीरीज में मजबूत वापसी करना चाहेगी।


    संजू-अभिषेक कर सकते हैं ओपनिंग

    पहले टी20 के लिए संभावित प्लेइंग-11 में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी जा सकती है. नंबर-3 पर ईशान किशन उतर सकते हैं. इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा मध्यक्रम को मजबूती देंगे. एशियन गेम्स के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिषेक और तिलक पर एक बार फिर नजरें रहेंगी।


    शिवम दुबे और नीतीश रेड्डी देंगे ऑलराउंड विकल्प

    मध्यक्रम में शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी टीम को बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी का विकल्प भी देंगे. वहीं अक्षर पटेल स्पिन ऑलराउंडर की भूमिका में नजर आ सकते हैं. गेंदबाजी में कुलदीप यादव मुख्य स्पिनर होंगे, जबकि तेज गेंदबाजी की कमान अर्शदीप सिंह संभाल सकते हैं. दूसरे तेज गेंदबाज के तौर पर प्रिंस यादव को मौका मिलने की संभावना है।


    कोच गंभीर का वैभव पर बड़ा बयान

    टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने वैभव सूर्यवंशी के बारे में कहा, ‘वैभव बहुत प्रतिभाशाली हैं और अच्छी फॉर्म में हैं, लेकिन कभी-कभी आपको अपने मौके का इंतजार करना पड़ता है क्योंकि हम ड्रेसिंग रूम में वह सुरक्षा का माहौल बनाना चाहते हैं।


    गोल्ड के बाद अब टी20 सीरीज पर नजर

    एशियन गेम्स में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड जीतने के बाद टीम इंडिया के सामने अब नई चुनौती वेस्टइंडीज की है. लखनऊ में होने वाला पहला टी20 ना सिर्फ पांच मैचों की सीरीज का आगाज होगा, बल्कि गोल्ड मेडल मैच के बाद भारतीय टीम के नए अभियान की शुरुआत भी करेगा।


    पहले टी20 में भारत की संभावित प्लेइंग-11:
    संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव.


    पहले टी20 में वेस्टस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग-11:
    शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरॉन हेटमायर, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड और शमर स्प्रिंगर.

    भारत का फुल स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, नमन धीर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।


    वेस्टइंडीज का स्क्वॉड:
    शाई होप (कप्तान), रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरॉन हेटमायर, अकील हुसैन, आमिर जंगू, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड और शमर स्प्रिंगर।


    टी20 सीरीज का फुल शेड्यूल

    पहला टी20: 6 अक्टूबर 2026 (लखनऊ)
    दूसरा टी20: 9 अक्टूबर 2026 (रांची)
    तीसरा टी20: 11 अक्टूबर 2026 (इंदौर)
    चौथा टी20: 14 अक्टूबर 2026 (हैदराबाद)
    पांचवां टी20: 17 अक्टूबर 2026 (बेंगलुरु)

  • एशियन गेम्स में भारत का कबड्डी में दबदबा लगातार तीसरी जीत के साथ सेमीफाइनल का टिकट पक्का

    एशियन गेम्स में भारत का कबड्डी में दबदबा लगातार तीसरी जीत के साथ सेमीफाइनल का टिकट पक्का


    नई दिल्ली । एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। बुधवार को टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 48-25 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ अपना पदक भी सुनिश्चित कर लिया।

    सुनील कुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत जापान के खिलाफ जीत के साथ की थी। इसके बाद दक्षिण कोरिया को भी भारत ने 63-31 के बड़े अंतर से हराया। बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और विरोधी टीम को दबाव में रखा। रेडिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार अंक जुटाए जबकि डिफेंस ने बांग्लादेश के रेडर्स को ज्यादा मौके नहीं दिए।

    पहले हाफ में भारत का दबदबा पूरी तरह नजर आया। टीम ने सफल रेड से 18 अंक हासिल किए और सात बोनस अंक अपने खाते में जोड़े। भारतीय डिफेंस ने बांग्लादेश को दो बार ऑलआउट भी किया। इसके चलते भारत ने हाफ टाइम तक 29-9 की मजबूत बढ़त बना ली। दूसरी तरफ बांग्लादेश की टीम भारतीय डिफेंस के सामने लगातार संघर्ष करती नजर आई। पहले हाफ में उसे पांच आउट अंक और तीन बोनस अंक ही मिल सके। एक सुपर टैकल से भी बांग्लादेश को अंक मिला लेकिन भारतीय टीम की बड़ी बढ़त पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा।

    दूसरे हाफ की शुरुआत में भारतीय टीम ने अपनी रणनीति में बदलाव किया। अर्जुन देशवाल को देवांक दलाल की जगह मैदान पर उतारा गया। इसके बाद बांग्लादेश ने अपने खेल में सुधार किया और भारतीय टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की। बांग्लादेश ने दूसरे हाफ में आठ आउट अंक और आठ बोनस अंक हासिल किए। इसके बावजूद भारत ने अपनी लय नहीं टूटने दी। भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में 19 अंक जुटाए और एक बार फिर बांग्लादेश को ऑलआउट किया।

    भारत ने पूरे मुकाबले के दौरान अपनी बढ़त को बनाए रखा और अंत में 48-25 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह जीत इसलिए भी अहम रही क्योंकि इसके साथ भारतीय टीम ने ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और नॉकआउट चरण में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।

    भारतीय टीम का ग्रुप चरण का आखिरी मुकाबला गुरुवार को चीनी ताइपे के खिलाफ होगा। सेमीफाइनल में जगह पहले ही पक्की होने के बाद इस मुकाबले में भी टीम की नजर अपनी जीत की लय बरकरार रखने पर होगी। कबड्डी प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मुकाबले 25 सितंबर को खेले जाएंगे जबकि पुरुष वर्ग का स्वर्ण पदक मुकाबला 26 सितंबर को होगा।

    भारतीय पुरुष कबड्डी टीम एशियन गेम्स में अपने अभियान को खिताबी जीत तक पहुंचाने के इरादे से मैदान में है। बांग्लादेश के खिलाफ मिली जीत ने टीम को नॉकआउट चरण से पहले एक और मजबूत आधार दिया है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना किस टीम से होगा यह ग्रुप चरण के बाकी मुकाबलों के परिणाम के बाद तय होगा।

  • श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टेस्ट टीम के प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों ने बढ़ाई चयनकर्ताओं की चिंताएं

    श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टेस्ट टीम के प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों ने बढ़ाई चयनकर्ताओं की चिंताएं


    नई दिल्ली ।
    अगस्त माह से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम की चुनौतियां बढ़ती नजर आ रही हैं। आगामी दौरे के लिए टीम की घोषणा से पूर्व कई महत्वपूर्ण खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पांच प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने या पूरी तरह से फिट न होने के कारण टीम प्रबंधन और कप्तान के सामने सही संयोजन तैयार करने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज गेंदबाज हर्षित राणा और उभरते हुए ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोट के कारण श्रीलंका दौरे के लिए चयन प्रक्रिया से बाहर हो चुके हैं। इन दोनों युवा खिलाड़ियों की अनुपस्थिति टीम के संतुलन के लिहाज से एक बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि दोनों ने ही हालिया समय में अपने हरफनमौला प्रदर्शन से प्रभावित किया था। इनके बाहर होने से तेज गेंदबाजी और ऑलराउंडर विभाग में नए विकल्पों की तलाश बढ़ गई है।

    इसके अतिरिक्त, स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मध्यक्रम के बल्लेबाज साई सुदर्शन के खेलने पर भी संशय बना हुआ है। दोनों खिलाड़ी इस समय अपनी रिकवरी प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और उन्हें अपनी फिटनेस रिपोर्ट प्रस्तुत करने की सलाह दी गई है। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में चिकित्सा परीक्षण पास करने के बाद ही उनके चयन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यदि ये खिलाड़ी पूरी तरह से फिट घोषित नहीं होते हैं, तो उन्हें भी इस दौरे से आराम दिया जा सकता है।

    ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर भी पूरी तरह फिट न होने के कारण गाले में आयोजित होने वाले पहले टेस्ट मैच से बाहर रह सकते हैं। हालांकि, दूसरे टेस्ट तक उनकी वापसी की उम्मीद जताई जा रही है, जो उनकी अंतिम फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। दूसरी ओर, टीम के लिए राहत की बात यह है कि अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है, जिससे स्पिन विभाग को मजबूती मिलेगी।

    खिलाड़ियों के एक साथ चोटिल होने के कारण चयनकर्ताओं को अब नए और युवा चेहरों को मौका देने पर विचार करना पड़ सकता है। आगामी दिनों में होने वाले वार्म-अप मैच और फिटनेस रिपोर्ट के आधार पर ही श्रृंखला के लिए अंतिम भारतीय दल की तस्वीर साफ हो पाएगी।

  • MP: सतना में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव…, SDM और TI जान बचाकर भागे

    MP: सतना में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव…, SDM और TI जान बचाकर भागे


    सतना।
    एमपी (MP) के सतना (Satna) के डॉली बाबा क्षेत्र (Dolly Baba Area) में शनिवार को हाई कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने गई टीम पर भारी पथराव हुआ। प्रशासन जैसे ही अवैध निर्माण ढहाने पहुंचाए स्थानीय लोगों और महिलाओं ने पुलिस पर हमला कर दिया जिससे एसडीएम और थाना प्रभारी को जान बचाकर भागना पड़ा। स्थिति काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। जमीन इंदौर की एक महिला की निजी संपत्ति थी जिस पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। विरोध के बावजूद प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन को हिरासत में लिया है।


    जान बचाने के लिए भागे एसडीएम

    पत्थरबाजी इतनी भीषण थी कि एसडीएम और थाना प्रभारी को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोलों का सहारा लेना पड़ा। प्रशासनिक अमला जैसे ही जेसीबी लेकर नौशाद कबाड़ी के अवैध निर्माण को ढहाने पहुंचा वहां महिलाओं ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। देखते ही देखते सैकड़ों लोग लामबंद हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।


    आंसू गैस के गोले दागे

    अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एसडीएम समेत अन्य अधिकारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते और बचाव करते नजर आए। इस हिंसक झड़प में एसडीएम राहुल सिलाड़िया और थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी बाल-बाल बच गए। पथराव में कई पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें भी आई हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए तत्काल रिजर्व पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद उपद्रवी पीछे हटे।


    इंदौर के भू-स्वामी की जमीन पर था कब्जा

    एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने बताया कि यह कार्रवाई माननीय हाई कोर्ट के 2023 के आदेश के पालन में की गई थी। यह जमीन इंदौर निवासी अनीता सिंह की निजी संपत्ति है। इस पर रामललन दहिया, ऊषा दहिया और नौशाद कबाड़ी ने लगभग 500 से 600 वर्गफीट के पक्के मकान और डेयरी बनाकर अवैध कब्जा कर रखा था।


    तीन आरोपी हिरासत में

    भारी विरोध और हमले के बावजूद प्रशासन ने कदम पीछे नहीं खींचे। अतिरिक्त बल की मौजूदगी में दोबारा कार्रवाई शुरू की गई और सभी अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। पुलिस ने पथराव के आरोप में दो पुरुषों और एक महिला को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।