Tag: Tilak Nagar

  • इंदौर में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागी स्कॉर्पियो, तीन किलोमीटर पीछा कर दो युवक गिरफ्तार

    इंदौर में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को टक्कर मारकर भागी स्कॉर्पियो, तीन किलोमीटर पीछा कर दो युवक गिरफ्तार


    इंदौर: के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी और स्टॉपर तोड़कर मौके से फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया और करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तिलक नगर इलाके में घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया।
    पुलिस ने कार में सवार दो युवकों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान अनुज मीणा और शिवम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय अनुज मीणा कार चला रहा था। प्राथमिक जांच में दोनों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

    पुलिस के अनुसार, देर रात शहर के संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पीसी सेठी अस्पताल की ओर से नवलखा की तरफ जा रही काले रंग की स्कॉर्पियो को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन की रफ्तार कम करने के बजाय उसे और तेज कर दिया और सीधे पुलिस स्टॉपर में टक्कर मार दी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल लाल साहब और हेड कॉन्स्टेबल राजेश मिश्रा वाहन की चपेट में आ गए और घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक कार को लेकर तिलक नगर मार्ग की तरफ तेजी से भाग निकला।

    घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने वायरलेस सेट के जरिए आगे तैनात पुलिस बल को जानकारी दी और स्कॉर्पियो का पीछा शुरू कर दिया। तिलक नगर क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और उसमें सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है। जांच के दौरान कार के आगे वाले हिस्से पर ‘दादा’ लिखा हुआ मिला। संयोगितागंज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, लापरवाही से वाहन चलाने और पुलिसकर्मियों को चोट पहुंचाने से जुड़ी विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

    हादसे के तुरंत बाद घायल दोनों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हेड कॉन्स्टेबल राजेश मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं कॉन्स्टेबल लाल साहब का उपचार अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस मामले में दोनों युवकों से घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • इंदौर अग्निकांड: सीएम डॉ. मोहन यादव ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, SOP बनाने के दिए संकेत

    इंदौर अग्निकांड: सीएम डॉ. मोहन यादव ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, SOP बनाने के दिए संकेत


    भोपाल। डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान पीड़ित परिवारों ने फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस के देर से पहुंचने की शिकायत भी की जिस पर मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीर जांच का आश्वासन दिया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के मद्देनजर ईवी चार्जिंग इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग को लेकर एक विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर तैयार किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बदलती तकनीक के साथ नई चुनौतियां सामने आ रही हैं और सरकार इनसे निपटने के लिए ठोस कदम उठाएगी।

    घटना के तुरंत बाद सीएम ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे और भोपाल से विशेषज्ञों की टीम इंदौर भेजी गई। उन्होंने कहा कि डिजिटल लॉक और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग जैसी सुविधाएं आधुनिक जीवन का हिस्सा हैं लेकिन इनके उपयोग में सावधानी बेहद जरूरी है।

    गौरतलब है कि इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में बुधवार तड़के एक भीषण हादसा हुआ था। रबर कारोबारी मनोज पुगलिया के घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मनोज पुगलिया उनकी गर्भवती बहू सिमरन समेत कुल 8 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पीड़ित परिवारों को राहत देना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है। साथ ही उन्होंने लोगों से भी अपील की कि आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते समय सतर्कता बरतें।