Tag: Truck-Bike Collision

  • खुरैरी चौराहे पर दर्दनाक हादसा ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर छात्र की मौके पर मौत चालक फरार

    खुरैरी चौराहे पर दर्दनाक हादसा ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर छात्र की मौके पर मौत चालक फरार

    ग्वालियर । ग्वालियर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की जान चली गई। मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो छात्रों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र बाइक से उछलकर हाईवे पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रक का पहिया एक छात्र के सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका साथी भी बुरी तरह घायल हुआ है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

    मृतक छात्र की पहचान भिंड जिले के गोहद स्थित संतोष नगर निवासी लवकुश धवल के रूप में हुई है। लवकुश बालकृष्ण धवल का 17 वर्षीय बेटा था और कक्षा 12वीं में पढ़ाई कर रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक छोटी बहन है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    जानकारी के अनुसार शुक्रवार को लवकुश अपने दोस्त प्रशांत कुमार के साथ बाइक से बड़ागांव के पास खुरैरी में रहने वाले एक अन्य दोस्त से मिलने गया था। शाम को दोनों दोस्त से मिलकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे खुरैरी चौराहे के पास पहुंचे तभी पीछे से आए ट्रक क्रमांक RJ 11-GB 2235 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

    हादसे के बाद दोनों छात्र सड़क पर गिर गए। लवकुश ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया जबकि प्रशांत के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल मुरार पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद लवकुश को मृत घोषित कर दिया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शनिवार दोपहर जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

    हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा। पुलिस ने अन्य वाहन चालकों की मदद से ट्रक का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देखकर चालक ट्रक को रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक जब्त कर लिया है। अब आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और ट्रक से जुड़े दस्तावेजों की मदद से चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

    मुरार थाना टीआई मैना पटेल ने बताया कि सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत हुई है जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद एक परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया जबकि दूसरे परिवार में घायल छात्र के जल्द स्वस्थ होने की चिंता बनी हुई है।

  • दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर फिर मौत का तांडव: तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकराई, दो युवाओं की दर्दनाक मौत

    दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर फिर मौत का तांडव: तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकराई, दो युवाओं की दर्दनाक मौत



    नई दिल्ली। गाजियाबाद में दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे (Delhi–Meerut Expressway) पर एक बार फिर रफ्तार ने दो युवाओं की जान ले ली। यह दर्दनाक हादसा भोजपुर इलाके के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

    जानकारी के अनुसार, दीपू (18) और सागर (18) बाइक से दिल्ली से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। बाइक सागर चला रहा था और दीपू पीछे बैठा था। जैसे ही दोनों भोजपुर के पास पहुंचे, अचानक आगे चल रहे ट्रक ने ब्रेक लगा दिया। तेज रफ्तार में होने के कारण बाइक ट्रक से जा टकराई और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

    हादसे के बाद मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग टीम ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, सागर ने हेलमेट पहना था जबकि दीपू बिना हेलमेट था, जिससे चोट और गंभीर हो गई।

    टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अब ट्रक की पहचान के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है।

    सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बाइक पर प्रतिबंध होने के बावजूद दोनों युवक करीब 30 किलोमीटर तक एक्सप्रेसवे पर कैसे पहुंच गए और किसी भी चेकिंग पॉइंट पर उन्हें रोका क्यों नहीं गया। इससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी सिस्टम पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

    हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग लगातार हो रहे ऐसे हादसों को लेकर प्रशासन से सख्त निगरानी और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

    कुल मिलाकर यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है, खासकर हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे पर जहां छोटी सी गलती भी बड़ा हादसा बन जाती है।