Tag: truck collision India

  • नई रेलवे लाइन पर ड्यूटी के दौरान ट्रक की टक्कर से मचा हड़कंप

    नई रेलवे लाइन पर ड्यूटी के दौरान ट्रक की टक्कर से मचा हड़कंप


    राजगढ़ । राजगढ़ में नई रेलवे लाइन पर गश्त कर रहे रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के दो जवान गुरुवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। जालपा माता मंदिर की पहाड़ी के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद राजस्थान के झालावाड़ रेफर किया गया है। वहां उनका इलाज जारी है।

    घायल जवानों की पहचान पवन उपाध्याय और ओमवीर सिंह जाट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन उपाध्याय झालावाड़ रेलवे स्टेशन पर जबकि ओमवीर सिंह जाट रामगंजमंडी रेलवे स्टेशन पर पदस्थ हैं। राजगढ़ क्षेत्र में नई रेलवे लाइन शुरू होने के बाद दोनों जवानों की ड्यूटी रेलवे ट्रैक की पेट्रोलिंग और सुरक्षा निगरानी के लिए लगाई गई थी।

    जानकारी के अनुसार दोनों जवान बाइक से रेलवे ट्रैक क्षेत्र की निगरानी करते हुए जालपा माता मंदिर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

    हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ रेफर कर दिया।

    घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हालचाल जाना। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

    इस हादसे के बाद नई रेलवे लाइन क्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान जवानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई और मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।

  • कटनी में सड़क हादसा और बवाल: ट्रक की टक्कर से 4 घायल, ग्रामीणों का चक्का जाम

    कटनी में सड़क हादसा और बवाल: ट्रक की टक्कर से 4 घायल, ग्रामीणों का चक्का जाम


    कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर-विलायत कला मार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सलैया गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार दो महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।

    बताया गया कि कार सवार सभी लोग इमिलिया गांव के निवासी हैं और अपने रिश्तेदारों से मिलकर वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

    स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण घायलों को निजी साधनों से अस्पताल ले जाना पड़ा। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

    घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर कुछ समय के लिए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लंबे समय से ओवरलोड और तेज रफ्तार भारी वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही, इन वाहनों के कारण सड़क की हालत भी लगातार खराब हो रही है।

    ग्रामीणों ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। स्थानीय निवासी विजय कुमार के अनुसार खरहटा-देवरी महानदी रेत खदान से बड़े पैमाने पर नियमों के खिलाफ रेत का परिवहन किया जा रहा है। भारी वाहन बिना किसी रोक-टोक के गांवों के संपर्क मार्गों से गुजरते हैं, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ गई है।

    हंगामे की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों के उपचार पर नजर रखी जा रही है।