Tag: Varanasi Air Show

  • गंगा के ऊपर चिनूक का कमाल, राफेल-सुखोई की गर्जना से गूंजा काशी का आसमान, 25 अक्टूबर को आएंगे पीएम मोदी

    गंगा के ऊपर चिनूक का कमाल, राफेल-सुखोई की गर्जना से गूंजा काशी का आसमान, 25 अक्टूबर को आएंगे पीएम मोदी


    वाराणसी । वाराणसी में गुरुवार को भारतीय वायुसेना के एयर शो विंग्स ओवर गंगा का भव्य आगाज हुआ। गंगा के किनारे नमो घाट पर आयोजित इस शानदार आयोजन में लड़ाकू विमानों और हेलिकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब देखकर लोग रोमांचित हो उठे। आसमान में कभी तिरंगे की आकृति बनी तो कभी हेलिकॉप्टरों ने दिल बनाकर लोगों का ध्यान खींचा। गंगा के ऊपर फूलों की बारिश और राफेल तथा सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों की तेज रफ्तार ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित इस एयर शो में कुल 100 विमान शामिल हुए जिनमें 52 लड़ाकू विमान भी थे।

    गुरुवार सुबह करीब 11 बजकर 50 मिनट पर नमो घाट के ऊपर वायुसेना के सारंग हेलिकॉप्टरों ने शानदार हवाई प्रदर्शन किया। हेलिकॉप्टरों ने गंगा के ऊपर आसमान में दिल की आकृति बनाई तो घाट पर मौजूद लोग तालियां बजाने लगे। कई लोगों ने इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल फोन में कैद किया। इसी दौरान हेलिकॉप्टरों से मां गंगा के ऊपर फूलों की बारिश की गई। इस दृश्य ने धार्मिक आस्था और देशभक्ति का अनूठा संगम पेश किया। घाट पर मौजूद लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए और वायुसेना के प्रदर्शन का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

    एयर शो का सबसे रोमांचक हिस्सा लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन रहा। राफेल और सुखोई ने आसमान में तेज गति से उड़ान भरते हुए शानदार करतब दिखाए। इन विमानों की गर्जना से गंगा का किनारा गूंज उठा। वहीं जगुआर मिराज 2000 तेजस और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमानों ने तीर की नोक जैसी आकृति में उड़ान भरकर अपनी सटीकता और तालमेल का प्रदर्शन किया। भारतीय वायुसेना के एडवांस्ड जेट ट्रेनर विमान बीएई हॉक एमके 132 ने भी नमो घाट के ऊपर से उड़ान भरी। विमानों की गति और उनके करतब देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।

    इस आयोजन में भारी परिवहन क्षमता वाले चिनूक हेलिकॉप्टर ने भी खास आकर्षण पैदा किया। चिनूक ने गंगा के पानी को छुआ और फिर तेजी से आसमान की ओर उड़ गया। इस दृश्य को देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। एयर शो में लड़ाकू विमानों के अलावा 15 परिवहन विमान 32 हेलिकॉप्टर और विंटेज विमान भी शामिल रहे। ये विमान देशभर के 12 एयरपोर्ट से उड़ान भरकर वाराणसी पहुंचे। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नमो घाट को वीवीआईपी मेहमानों के लिए आरक्षित रखा गया।

    भारतीय वायुसेना ने इस तीन दिवसीय आयोजन को विंग्स ओवर गंगा नाम दिया है। एयर शो 22 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है और अनुमान लगाया गया है कि करीब 20 लाख लोग इस ऐतिहासिक नजारे के साक्षी बन सकते हैं। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी एयर शो में शामिल होने की संभावना है। काशी में हो रहा यह आयोजन भारतीय वायुसेना की ताकत तकनीकी क्षमता और कुशल पायलटों के शानदार तालमेल को प्रदर्शित करने के साथ ही लोगों के भीतर देशभक्ति और गर्व की भावना को भी मजबूत कर रहा है।