Tag: Vishal Mega Mart Fire

  • कासगंज के विशाल मेगा मार्ट में भीषण आग, 9 दमकल गाड़ियां जुटीं, आसपास के घर खाली कराए, बाजार बंद

    कासगंज के विशाल मेगा मार्ट में भीषण आग, 9 दमकल गाड़ियां जुटीं, आसपास के घर खाली कराए, बाजार बंद


    कासगंज।
    शहर के विशाल मेगा मार्ट में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया, जबकि आग पर काबू पाने के लिए कासगंज के अलावा एटा और हाथरस से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं।

    आग बुझाने के लिए कुल नौ दमकल गाड़ियां लगातार पानी की बौछार कर रही हैं। घटना को करीब दो घंटे बीत चुके हैं, लेकिन दमकलकर्मियों की कोशिशें अब भी जारी हैं। फिलहाल उनका पूरा ध्यान आग को विशाल मेगा मार्ट के भीतर सीमित रखने और उसे पूरी तरह बुझाने पर है।

    पीछे के घरों से लोगों को सुरक्षित निकाला
    प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल आग विशाल मेगा मार्ट के अंदर ही लगी हुई है। आग आसपास के घरों तक न पहुंचे, इसके लिए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए मार्ट के पीछे स्थित घरों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।

    सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आसपास का बाजार भी बंद करा दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक आग की इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

    DM बोले- लगातार जारी है आग बुझाने का काम
    जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने मौके पर पहुंचकर आग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और दमकल की टीमें मौके पर काम कर रही हैं।

    उन्होंने कहा कि आग किस वजह से लगी, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और आसपास के इलाके में किसी तरह की जनहानि रोकने की है।