Tag: Weapon Attack

  • जबलपुर में देवी जागरण और भंडारे में खूनी बवाल, बुलेट धीरे चलाने की बात पर लौटे 6-7 युवक और मचा दिया तांडव

    जबलपुर में देवी जागरण और भंडारे में खूनी बवाल, बुलेट धीरे चलाने की बात पर लौटे 6-7 युवक और मचा दिया तांडव


    जबलपुर । मध्य प्रदेश के जबलपुर में देवी जागरण और भंडारे के दौरान मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर में रविवार देर रात कुछ युवकों ने लाठी डंडों और धारदार हथियारों से लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

    जानकारी के मुताबिक आजाद नगर में दुर्गा उत्सव के समापन के अवसर पर देवी जागरण और भंडारे का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए थे। रात करीब एक बजे जब जागरण चल रहा था और भंडारे में लोगों की भीड़ मौजूद थी तभी बुलेट पर सवार दो युवक तेज रफ्तार से वहां से निकले। आयोजन स्थल पर बच्चे और महिलाएं भी मौजूद थे। ऐसे में लोगों ने दोनों युवकों को रोककर बाइक धीरे चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। कुछ देर तक कहासुनी होने के बाद दोनों युवक वहां से चले गए।

    प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार विवाद खत्म होने के करीब 15 से 20 मिनट बाद छह से सात युवक लाठी डंडे और धारदार हथियार लेकर वापस पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से कार्यक्रम में अफरा तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। हमले में रवि गोटिंया रागिनी गोटिंया पप्पू वर्मा अनुज कोल पारस यादव आदि गोटिंया बिट्टू झारिया और मनीषा गोटिंया घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। स्थानीय निवासी और पार्षद पति राजेश कुमार यादव ने बताया कि यहां हर साल दुर्गा उत्सव के समापन पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसमें आसपास के क्षेत्रों से भी लोग शामिल होते हैं। उनके मुताबिक इस बार भी जागरण और भंडारे में काफी भीड़ थी। बाइक तेज गति से निकालने से रोकने पर विवाद शुरू हुआ और बाद में आरोपियों ने लौटकर हमला कर दिया।

    राजेश यादव ने बताया कि घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश की जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई में देरी होती है तो स्थानीय लोग प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो सकते हैं।

    रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक शुरुआती जांच में समीर वंशकार का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है। पुलिस के अनुसार पहले कुछ लोगों पर हमला किया गया और जब अन्य लोग बीच बचाव करने पहुंचे तो उन्हें भी निशाना बनाया गया। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने धारदार हथियार से वार किया। पुलिस सभी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

    घटना से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई है कि जिस देवी जागरण में विवाद हुआ वहां स्थानीय विधायक भी शामिल हुए थे। हालांकि वे घटना से कुछ देर पहले ही कार्यक्रम स्थल से निकल चुके थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।