Tag: Wedding Dispute

  • हमीरपुर में शादी बनी विवाद की वजह: दूल्हे ने ससुर को मारा थप्पड़, दुल्हन ने लौटाई बारात

    हमीरपुर में शादी बनी विवाद की वजह: दूल्हे ने ससुर को मारा थप्पड़, दुल्हन ने लौटाई बारात

    हमीरपुर। हमीरपुर में एक शादी समारोह उस समय हंगामे और विवाद में बदल गया जब बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना सुमेरपुर ब्लॉक के विदोखर पुरई गांव की है, जहां महोबा से आई बारात के दौरान खुशियों का माहौल अचानक तनाव में बदल गया।

    जानकारी के अनुसार, द्वारचार और रस्मों के बाद जनवासे में कुछ महिलाएं पारंपरिक तरीके से डांस कर रही थीं। इसी दौरान कुछ बाराती भी उनके साथ जबरन डांस करने लगे, जिससे माहौल असहज हो गया। जब महिलाओं ने दूरी बनाई तो बारातियों ने उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसका घरातियों ने विरोध किया।

    विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान दूल्हे पर आरोप है कि उसने दुल्हन के पिता को थप्पड़ मार दिया, जिससे माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। घटना से आहत होकर दुल्हन संजना ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया और फेरे लेने से मना कर दिया।

    दुल्हन का कहना था कि जब उसके पिता के साथ अभद्रता हुई तो वह यह शादी आगे नहीं कर सकती। इसके बाद दोनों पक्षों में सुलह की कोशिश भी की गई, लेकिन बात नहीं बन सकी।

    सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी। अंततः बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे शादी में हुई गंभीर लापरवाही और बदसलूकी का नतीजा बता रहे हैं।

  • जबलपुर में मामूली विवाद बना जानलेवा, शादी में घोड़ी हटाने को लेकर युवक की चाकू मारकर हत्या

    जबलपुर में मामूली विवाद बना जानलेवा, शादी में घोड़ी हटाने को लेकर युवक की चाकू मारकर हत्या


    जबलपुर । मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शादी समारोह के दौरान हुई कहासुनी के बाद 33 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सोमवार देर रात की है, जहां पांच बदमाशों ने युवक को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

    जानिए क्‍या है मामला

    जानकारी के मुताबिक, हनुमानताल निवासी मोनू उर्फ सादिल शादियों में दूल्हे के लिए घोड़ी उपलब्ध कराने का काम करता था। सोमवार रात वह घमापुर इलाके में एक शादी समारोह में घोड़ी लेकर पहुंचा था। इसी दौरान कुछ युवक बाइक से वहां से निकल रहे थे। भीड़ अधिक होने के कारण मोनू ने उन्हें घोड़ी से दूर रहने को कहा, ताकि कोई हादसा न हो। इसी बात को लेकर आरोपियों से उसका विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।

    बारात खत्म होने के बाद देर रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच मोनू घर लौटा। घोड़ी बांधकर जैसे ही वह घर के अंदर जाने लगा, तभी बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे घेरकर कई वार किए और खून से लथपथ हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद राहगीरों ने घायल मोनू को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। हनुमानताल और घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।

    परिवार की जिम्मेदारी थी मृतक पर

    मृतक के भाई मोहम्मद साबिर के अनुसार, परिवार हमलावरों को नहीं जानता। विवाद की वजह सिर्फ इतनी थी कि मोनू ने घोड़ी से दूर रहने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि मोनू ही पूरे परिवार का सहारा था और शादी-विवाह में घोड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

    प्रारंभिक जांच में जीशान नाम के युवक और उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई है। हनुमानताल थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।