Tag: Women’s Premier League

  • WPL मिनी ऑक्शन में आज खिलाड़ियों पर बरसेगा पैसा, यूपी वॉरियर्स के पास ₹3.75 करोड़; जानें लाइव कहां देखें

    WPL मिनी ऑक्शन में आज खिलाड़ियों पर बरसेगा पैसा, यूपी वॉरियर्स के पास ₹3.75 करोड़; जानें लाइव कहां देखें


    नई दिल्ली। महिला प्रीमियर लीग यानी WPL 2027 के लिए खिलाड़ियों की मिनी नीलामी आज 28 अक्टूबर को कोच्चि में आयोजित होने जा रही है। इस नीलामी में पांचों फ्रेंचाइजी अपनी टीमों में खाली जगह भरने के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। कुल 150 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है। इनमें 28 विदेशी खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के छह खिलाड़ी भी शामिल हैं। नीलामी में भारतीय और विदेशी क्रिकेटरों के लिए टीमों के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कौन सी टीम किन खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ती है।

    शाम 5:30 बजे से शुरू होगी नीलामी

    WPL 2027 की मिनी नीलामी भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगी। इसका आयोजन कोच्चि में किया जाएगा। दर्शक नीलामी का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे। वहीं ऑनलाइन देखने वाले दर्शकों के लिए जियोस्टार एप पर भी प्रसारण उपलब्ध रहेगा। इस नीलामी में सभी पांच टीमों को मिलाकर कुल 27 खाली स्लॉट भरने हैं। इनमें विदेशी खिलाड़ियों के लिए सात जगह शामिल हैं। टीमों के पास कुल 8.15 करोड़ रुपये का बजट बचा हुआ है।

    यूपी वॉरियर्स के पास सबसे बड़ा बजट

    नीलामी में यूपी वॉरियर्स सबसे मजबूत आर्थिक स्थिति के साथ उतर रही है। टीम के पास खर्च करने के लिए 3.75 करोड़ रुपये बचे हैं और उसे कुल आठ खिलाड़ियों की जगह भरनी है। इनमें तीन विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट शामिल हैं। टीम ने पहले ही मेग लैनिंग फोबे लिचफील्ड सोफी एक्लेस्टोन और दीप्ति शर्मा जैसे खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखा है। अब उसकी कोशिश बाकी जगहों के लिए उपयोगी खिलाड़ियों को चुनने की होगी।

    मुंबई इंडियंस के सामने सीमित बजट की चुनौती

    दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम रकम बची है। टीम के पर्स में 90 लाख रुपये हैं और उसे छह खिलाड़ियों के स्लॉट भरने हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उसके पास विदेशी खिलाड़ियों के लिए कोई स्लॉट शेष नहीं है। ऐसे में मुंबई को सीमित बजट में भारतीय खिलाड़ियों का चयन करना होगा। टीम के पास पहले से हरमनप्रीत कौर नैट साइवर-ब्रंट हेली मैथ्यूज और अमेलिया केर जैसे प्रमुख खिलाड़ी हैं।

    गुजरात दिल्ली और बेंगलुरु की स्थिति

    गुजरात जायंट्स के पास 1.25 करोड़ रुपये शेष हैं और उसे तीन खिलाड़ियों का चयन करना है। इनमें एक विदेशी खिलाड़ी की जगह शामिल है। टीम ने एश्ले गार्डनर बेथ मूनी और सोफी डिवाइन जैसे खिलाड़ियों को बरकरार रखा है।

    दिल्ली कैपिटल्स के पास 1.10 करोड़ रुपये हैं और उसे पांच स्लॉट भरने हैं। इनमें एक विदेशी खिलाड़ी की जगह शामिल है। टीम के पास जेमिमा रोड्रिग्स शेफाली वर्मा और एनाबेल सदरलैंड जैसे खिलाड़ी हैं।

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 1.15 करोड़ रुपये बचे हैं। टीम को पांच खिलाड़ियों की जरूरत है जिनमें दो विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। स्मृति मंधाना ऋचा घोष और एलिस पेरी जैसी खिलाड़ियों के साथ टीम अपनी बाकी जगहों को मजबूत करने की कोशिश करेगी।

    किन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

    नीलामी में स्नेह राणा डिएंड्रा डॉटिन चमारी अथापट्टू सोफिया डंकले सोफी मोलिन्यूक्स और जेस जोनासन जैसे नामों पर नजर रहेगी। खिलाड़ियों का चयन करते समय टीमें अपने बजट के साथ जरूरत और संतुलन का भी ध्यान रखेंगी। WPL में प्रत्येक टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं जिनमें छह विदेशी खिलाड़ी शामिल किए जा सकते हैं। अब नीलामी के दौरान यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी फ्रेंचाइजी अपने उपलब्ध बजट का बेहतर इस्तेमाल करती है और किन खिलाड़ियों को बड़ी बोली मिलती है।

  • दुआओं के भरोसे हरमनप्रीत कौर की MI, WPL 2026 में अब भी जिंदा है प्लेऑफ की उम्मीद

    दुआओं के भरोसे हरमनप्रीत कौर की MI, WPL 2026 में अब भी जिंदा है प्लेऑफ की उम्मीद


    नई दिल्ली । डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस का WPL 2026 का सफर उम्मीद और निराशा के बीच झूलता नजर आ रहा है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली MI को इस सीजन 8 मैचों में से 5 में हार का सामना करना पड़ा है। हाल ही में WPL 2026 के 19वें मुकाबले में गुजरात जाएंट्स के खिलाफ मिली हार ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दीं, लेकिन इसके बावजूद मुंबई इंडियंस अभी पूरी तरह से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है।

    लीग स्टेज के सभी मुकाबले खेल चुकी मुंबई इंडियंस के खाते में फिलहाल 6 अंक हैं और वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। हालांकि अब MI के हाथ में कुछ भी नहीं बचा है। उनका प्लेऑफ में पहुंचना पूरी तरह से दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच खेले जाने वाले आखिरी लीग मुकाबले के नतीजे पर निर्भर करता है। यही वजह है कि आज मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी और फैंस, दोनों की निगाहें DC vs UPW मैच पर टिकी रहेंगी।

    मुंबई इंडियंस ने इस सीजन 8 में से सिर्फ 3 मैच जीते हैं जबकि 5 मुकाबलों में उन्हें हार झेलनी पड़ी। लगातार हार के चलते टीम का आत्मविश्वास जरूर डगमगाया है, लेकिन गणित अभी भी उनके पक्ष में है। MI के खिलाड़ी यही दुआ करेंगे कि लीग के आखिरी मैच में यूपी वॉरियर्स, दिल्ली कैपिटल्स को मात देने में कामयाब रहे।

    असल में पूरा समीकरण पॉइंट्स टेबल और नेट रन रेट पर टिका हुआ है। इस वक्त दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस दोनों के खाते में 6-6 अंक हैं, जबकि यूपी वॉरियर्स 4 अंकों के साथ सबसे निचले पायदान पर है। अगर यूपी वॉरियर्स आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हरा देती है, तो दिल्ली, मुंबई और यूपी तीनों टीमों के 6-6 अंक हो जाएंगे।

    ऐसी स्थिति में नेट रन रेट निर्णायक साबित होगा और यहीं मुंबई इंडियंस को सबसे बड़ा फायदा मिलता नजर आ रहा है। MI का नेट रन रेट +0.059 है, जो दिल्ली कैपिटल्स 0.164 और यूपी वॉरियर्स 1.146 से काफी बेहतर है। इस आधार पर मुंबई इंडियंस प्लेऑफ का टिकट हासिल कर सकती है। यानी MI की उम्मीदें अब अपने प्रदर्शन से ज्यादा किस्मत और दुआओं पर टिकी हुई हैं।

    वहीं WPL 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर काफी हद तक साफ हो चुकी है। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 में से 6 मैच जीतकर सीधे फाइनल में पहुंच चुकी है। इसके अलावा गुजरात जाएंट्स ने भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है और वह एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि एलिमिनेटर में गुजरात का सामना किस टीम से होगा और क्या मुंबई इंडियंस आखिरी मौके का फायदा उठाकर प्लेऑफ में जगह बना पाएगी।