Tag: Women’s T20 World Cup 2026

  • महिला टी20 विश्व कप फाइनल: कप्तान नेट साइवर-ब्रंट के अर्धशतक से इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 151 रन का लक्ष्य

    महिला टी20 विश्व कप फाइनल: कप्तान नेट साइवर-ब्रंट के अर्धशतक से इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 151 रन का लक्ष्य


    नई दिल्ली । महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने 151 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए मुकाबले में कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने जिम्मेदारी भरी नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि फ्रेया केम्प ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए उनका शानदार साथ निभाया।

    टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 32 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाज एमी जोंस और डैनी वायट-हॉज के विकेट गंवा दिए। एमी जोंस 6 रन और डैनी वायट-हॉज 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

    इसके बाद कप्तान नेट साइवर-ब्रंट और एलिस कैप्सी ने पारी संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। कैप्सी 20 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुईं। कुछ ही देर बाद हीदर नाइट भी केवल 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जिससे इंग्लैंड का स्कोर 70 रन पर 4 विकेट हो गया।

    मुश्किल परिस्थिति में कप्तान ब्रंट ने फ्रेया केम्प के साथ शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 80 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। ब्रंट ने 53 गेंदों में 58 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 5 चौके शामिल रहे। वहीं, फ्रेया केम्प ने 28 गेंदों में 44 रन बनाए और अपनी पारी में 4 चौके व 1 छक्का लगाया।

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, कप्तान सोफी मोलिनेक्स और एनाबेल सदरलैंड ने एक-एक विकेट हासिल किया।

    151 रन के लक्ष्य के साथ इंग्लैंड ने मुकाबले में खुद को बनाए रखा, लेकिन दूसरी पारी में उसे ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को रोकने के लिए अनुशासित और आक्रामक गेंदबाजी की जरूरत थी। दूसरी ओर, छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया रिकॉर्ड सातवीं बार विश्व कप जीतने के इरादे से मैदान पर उतरी।

  • विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में डैनी वायट-हॉज का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, एक संस्करण में 300 रन बनाने वाली पहली बल्लेबाज

    विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में डैनी वायट-हॉज का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, एक संस्करण में 300 रन बनाने वाली पहली बल्लेबाज


    नई दिल्ली । इंग्लैंड की स्टार सलामी बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जिसे इससे पहले कोई भी महिला क्रिकेटर हासिल नहीं कर सकी थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में 8 रन की छोटी पारी खेलने के बावजूद उन्होंने टूर्नामेंट में अपने कुल रन 302 तक पहुंचाए और विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक ही संस्करण में 300 रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।

    डैनी ने पूरे टूर्नामेंट में सात मैचों में 60.40 की शानदार औसत से 302 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 42 चौके और दो छक्के निकले। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने इंग्लैंड को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

    उनकी सबसे यादगार पारी श्रीलंका के खिलाफ आई, जब उन्होंने नाबाद 105 रन बनाकर टीम को बड़ी जीत दिलाई। इसके बाद उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 16 रन, स्कॉटलैंड के विरुद्ध 7 रन, वेस्टइंडीज के खिलाफ 65 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 89 रन की शानदार पारी खेली। सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 12 रन का योगदान दिया और फाइनल में 8 रन जोड़कर इतिहास रच दिया।

    लॉर्ड्स में खेले गए खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 150 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एमी जोन्स जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान नेट साइवर-ब्रंट और डैनी वायट-हॉज ने दूसरे विकेट के लिए 25 रन जोड़े। एलिस कैप्सी ने 23 रन बनाए, जबकि कप्तान नेट साइवर-ब्रंट 58 रन और फ्रेया कैंप 44 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 80 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

    हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने बेथ मूनी और फोएबे लिचफील्ड की शानदार बल्लेबाजी के दम पर लक्ष्य आसानी से हासिल कर सात विकेट से जीत दर्ज की और रिकॉर्ड सातवीं बार विमेंस टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड ट्रॉफी नहीं जीत सका, लेकिन डैनी वायट-हॉज का ऐतिहासिक रिकॉर्ड इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों में दर्ज हो गया।

  • ऑस्ट्रेलिया का दबदबा बरकरार, इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार बना विमेंस टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन

    ऑस्ट्रेलिया का दबदबा बरकरार, इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार बना विमेंस टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन


    नई दिल्ली । महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित करते हुए इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार खिताब जीत लिया। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए मुकाबले में बेथ मूनी और फोएबे लिचफील्ड की शानदार बल्लेबाजी ने ऑस्ट्रेलिया को आसान जीत दिला दी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में भी विश्व विजेता रह चुका है।

    टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने महज 7 रन पर पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने पारी को संभालते हुए संयमित बल्लेबाजी की। उन्होंने फ्रेया कैंप के साथ अहम साझेदारी निभाई और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। साइवर-ब्रंट ने 53 गेंदों में 58 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि फ्रेया कैंप ने 28 गेंदों पर 44 रन बनाकर इंग्लैंड का स्कोर 20 ओवर में 4 विकेट पर 150 रन तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, सोफी मोलिनेक्स और एनाबेल सदरलैंड ने एक-एक विकेट लिया।

    151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी साधारण रही और जॉर्जिया वोल सिर्फ 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद बेथ मूनी और फोएबे लिचफील्ड ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन की शानदार साझेदारी कर मैच पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में कर दिया। लिचफील्ड ने 35 गेंदों में 48 रन बनाए, जबकि बेथ मूनी ने 49 गेंदों पर 64 रन की बेहतरीन पारी खेली। एलिस पेरी ने नाबाद 13 रन बनाकर टीम को 17.1 ओवर में जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया।

    इंग्लैंड की ओर से शार्लेट डीन, लॉरेन बेल और सोफी एक्लेस्टोन को एक-एक विकेट मिला, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के सामने उनकी गेंदबाजी बेअसर साबित हुई।

    फाइनल में मैच जिताऊ पारी खेलने वाली बेथ मूनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में 7 मैचों में 238 रन बनाने और लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी मिला।

    खिताबी जीत के बाद मूनी ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आत्मविश्वास और निडर क्रिकेट खेली। उन्होंने कोचिंग स्टाफ, साथी खिलाड़ियों और कप्तान सोफी मोलिनेक्स की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि पूरी टीम ने एक-दूसरे का हर परिस्थिति में साथ दिया और इसी एकजुटता का परिणाम विश्व कप ट्रॉफी के रूप में मिला। कप्तान मोलिनेक्स के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके शांत स्वभाव और बेहतर फैसलों ने टीम को पूरे अभियान में मजबूती दी।

    इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप में अपना दबदबा एक बार फिर साबित कर दिया और रिकॉर्ड सातवीं बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

  • महिला टी20 विश्व कप 2026: साइवर-ब्रंट की कप्तानी पारी से इंग्लैंड फाइनल में, दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हराया

    महिला टी20 विश्व कप 2026: साइवर-ब्रंट की कप्तानी पारी से इंग्लैंड फाइनल में, दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हराया


    नई दिल्ली। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हराकर पांचवीं बार फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेले गए मुकाबले में इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 129 रन ही बना सकी।

    इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एमी जोन्स 2 रन और डैनी व्याट 12 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि एलिसा कैप्सी भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। महज 23 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान नेट साइवर-ब्रंट और अनुभवी हीथर नाइट ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 133 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

    कप्तान साइवर-ब्रंट ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 75 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं हीथर नाइट ने 47 गेंदों पर 58 रन की उपयोगी पारी खेली जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था। दोनों की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

    दक्षिण अफ्रीका की ओर से शबनम इस्माइल और नॉनकुलुलेको म्लाबा ने दो-दो विकेट लिए लेकिन बाकी गेंदबाज इंग्लैंड की बड़ी साझेदारी को तोड़ने में सफल नहीं हो सके।

    170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को कप्तान लौरा वोल्वार्ट और ताजमिन ब्रिट्स ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े लेकिन इसके बाद टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। वोल्वार्ट 17 रन बनाकर आउट हुईं जबकि एनेरी डर्कसेन, मारिजाने कैप, सुने लुस और क्लो ट्रायोन बड़ी पारी नहीं खेल सकीं।

    ताजमिन ब्रिट्स ने अकेले संघर्ष करते हुए 45 गेंदों में 51 रन बनाए लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। नादिन डी क्लर्क 14 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि बाकी बल्लेबाज इंग्लैंड के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सके।

    इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल और चार्ली डीन ने दो-दो विकेट झटके। फ्रेया केम्प और लिन्से स्मिथ ने एक-एक विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया।

    इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांचवीं बार महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया है। अब रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर उसका मुकाबला छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा। क्रिकेट प्रेमियों को खिताबी मुकाबले में महिला क्रिकेट की दो सबसे सफल टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी।

  • अटापट्टू की कप्तानी पारी से श्रीलंका की शानदार जीत, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार

    अटापट्टू की कप्तानी पारी से श्रीलंका की शानदार जीत, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार

    नई दिल्ली । महिला टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड को रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने 152 रन के लक्ष्य को 19.5 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान चमारी अटापट्टू ने तेजतर्रार पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी जबकि नीलाक्षी डी सिल्वा ने अंत तक टिककर जीत सुनिश्चित की।

    152 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। इमेशा दुलानी केवल 4 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद हसीनी परेरा ने तेज शुरुआत करते हुए 17 गेंदों में 23 रन बनाए लेकिन अपनी पारी को बड़ी नहीं बना सकीं। हर्षिता समरविक्रमा ने 23 गेंदों में 27 रन बनाकर पारी को संभाला और मध्यक्रम को मजबूती दी।

    कप्तान चमारी अटापट्टू ने एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने केवल 16 गेंदों में 33 रन की विस्फोटक पारी खेली जिसमें 6 चौके और एक शानदार छक्का शामिल रहा। उनकी तेज बल्लेबाजी से श्रीलंका ने रन गति बनाए रखी और लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़त बनाई।

    मध्यक्रम में कविशा दिलहारी ने 18 रन का योगदान दिया जबकि नीलाक्षी डी सिल्वा ने दबाव के समय संयम दिखाते हुए 21 रन की उपयोगी नाबाद पारी खेली। उनके साथ सुगंधिका कुमारी 7 रन बनाकर नाबाद लौटीं और दोनों बल्लेबाजों ने अंतिम ओवर में टीम को जीत दिला दी।

    स्कॉटलैंड की ओर से कप्तान कैथरीन ब्राइस राहेल स्लेटर और कैथरीन फ्रेजर ने दो-दो विकेट हासिल किए लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

    इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 151 रन बनाए। टीम के लिए सारा ब्राइस ने सबसे ज्यादा 47 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके लगाए। डार्सी कार्टर ने 34 रन बनाए जबकि ऐल्सा लिस्टर ने 17 गेंदों में 26 रन और कप्तान कैथरीन ब्राइस ने 23 रन का योगदान दिया।

    श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में मिताली अयोध्या सबसे सफल रहीं। उन्होंने 34 रन देकर 2 विकेट झटके जबकि कविशा दिलहारी को एक विकेट मिला। गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में स्कॉटलैंड की रन गति पर अंकुश लगाकर टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

    इस जीत के साथ श्रीलंका के पांच मैचों में छह अंक हो गए हैं और टीम ग्रुप बी की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब श्रीलंका की नजर अगले मुकाबलों में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होगी।

  • टी20 वर्ल्ड कप 2026: जीत के साथ बदली टेबल, इंग्लैंड शीर्ष पर और ऑस्ट्रेलिया ने बढ़ाई बढ़त

    टी20 वर्ल्ड कप 2026: जीत के साथ बदली टेबल, इंग्लैंड शीर्ष पर और ऑस्ट्रेलिया ने बढ़ाई बढ़त


    नई दिल्ली । महिला टी20 विश्व कप 2026 में रोमांच अपने चरम पर पहुंचता जा रहा है और हर मुकाबले के साथ अंक तालिका के समीकरण बदल रहे हैं। शनिवार को खेले गए मुकाबलों के बाद ग्रुप ए और ग्रुप बी दोनों में शीर्ष स्थान पर कब्जे की तस्वीर साफ होती नजर आई। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल जीत दर्ज की, बल्कि अपनी-अपनी ग्रुप तालिका में पहला स्थान भी हासिल कर लिया।

    ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा लगातार बना हुआ है। टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 98 रन की बड़ी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी सफलता हासिल की। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया के तीन मैचों में छह अंक हो गए हैं और वह ग्रुप ए की अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया है।

    ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरे और नीदरलैंड्स के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर में 3 विकेट पर 121 रन ही बना सकी और मुकाबला 98 रन से हार गई। यह टूर्नामेंट में उसकी लगातार कठिन हारों में से एक रही।

    ऑस्ट्रेलिया की जीत का असर भारतीय टीम की स्थिति पर भी पड़ा। India Women’s National Cricket Team दो मैचों में 4 अंकों के साथ अब ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर खिसक गई है। हालांकि टीम इंडिया ने अभी एक मैच कम खेला है, इसलिए उसके पास शीर्ष स्थान हासिल करने का अवसर बना हुआ है। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज करने वाली बांग्लादेश की टीम भी 4 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। साउथ अफ्रीका के खाते में 2 अंक हैं, जबकि लगातार तीसरी हार झेलने के बाद पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।

    दूसरी ओर ग्रुप बी में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए स्कॉटलैंड को 38 रन से हराकर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन बनाए। सोफिया डंकले और एलिस कैप्सी की दमदार पारियों ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में स्कॉटलैंड की टीम 162 रन ही बना सकी और इंग्लैंड ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

    इस जीत के साथ England Women’s Cricket Team के तीन मैचों में 6 अंक हो गए हैं और वह ग्रुप बी में पहले स्थान पर पहुंच गई है। वेस्टइंडीज की टीम दो मैचों में दो जीत और 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड तीन मैचों में केवल एक जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। स्कॉटलैंड चौथे, श्रीलंका पांचवें और आयरलैंड छठे स्थान पर मौजूद हैं।

    टूर्नामेंट अब ऐसे दौर में पहुंच चुका है जहां हर जीत और हार से सेमीफाइनल की तस्वीर बदल सकती है। ऐसे में आने वाले मुकाबले सभी टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाले हैं।

  • सोफी एक्लेस्टोन ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट लेने वाली इंग्लैंड की पहली गेंदबाज बनीं

    सोफी एक्लेस्टोन ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट लेने वाली इंग्लैंड की पहली गेंदबाज बनीं


    नई दिल्ली । महिला टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड की जीत का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन स्कॉटलैंड के खिलाफ मिली 38 रन की जीत सिर्फ टीम की सफलता तक सीमित नहीं रही। इस मुकाबले ने इंग्लैंड की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन के करियर में एक नया स्वर्णिम अध्याय भी जोड़ दिया। अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो अब तक कोई भी इंग्लिश महिला गेंदबाज हासिल नहीं कर सकी थी।

    स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सोफी एक्लेस्टोन ने चार ओवर के अपने स्पेल में सिर्फ 23 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। इन दो विकेटों के साथ ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 विकेटों का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया। इस उपलब्धि के साथ वह इंग्लैंड की पहली महिला गेंदबाज बन गई हैं, जिसने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 विकेट लेने का कारनामा किया है। इतना ही नहीं, वह दुनिया की पांचवीं महिला गेंदबाज भी बन गई हैं जिन्होंने इस मुकाम को हासिल किया है।

    एक्लेस्टोन का यह रिकॉर्ड उनके निरंतर शानदार प्रदर्शन और टीम के लिए उनकी अहम भूमिका को दर्शाता है। अब तक वह इंग्लैंड के लिए 109 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं और 151 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं। उनकी सटीक लाइन-लेंथ, विविधता और दबाव की परिस्थितियों में विकेट निकालने की क्षमता उन्हें विश्व क्रिकेट की सबसे खतरनाक स्पिनरों में शामिल करती है।

    महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड भारतीय स्टार ऑलराउंडर Deepti Sharma के नाम दर्ज है। दीप्ति ने 146 मैचों में 167 विकेट हासिल किए हैं और वह इस सूची में शीर्ष पर बनी हुई हैं। ऐसे में आने वाले समय में एक्लेस्टोन और दीप्ति के बीच रिकॉर्ड की यह प्रतिस्पर्धा और भी रोचक हो सकती है।

    मुकाबले की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों के बावजूद सोफिया डंकले ने 57 रन और एलिस कैप्सी ने 40 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान हीथर नाइट ने 25 रन का योगदान दिया, जबकि अंतिम ओवरों में फ्रेया केम्प और डेनियल गिब्सन ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर टीम को 200 रन के आंकड़े तक पहुंचाया।

    201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। सारा ब्राइस ने 34 और डार्सी कार्टर ने 29 रन बनाए, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 162 रन ही बना सकी। एक्लेस्टोन के अलावा लिन्से स्मिथ, चार्ली डीन, डेनियल गिब्सन और फ्रेया केम्प ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।

    इस जीत के साथ इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। वहीं, सोफी एक्लेस्टोन का ऐतिहासिक रिकॉर्ड इस जीत को और भी यादगार बना गया।

  • महिला टी20 विश्व कप में इंग्लैंड का दबदबा, 200 रन बनाने के बाद स्कॉटलैंड को किया ढेर

    महिला टी20 विश्व कप में इंग्लैंड का दबदबा, 200 रन बनाने के बाद स्कॉटलैंड को किया ढेर


    नई दिल्ली । महिला टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड ने अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए स्कॉटलैंड को 38 रन सेWomen’s T20 World Cup 2026, England Women, Scotland Women, Sophia Dunkley, Alice Capsey, Women’s Cricket, Cricket News हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में इंग्लिश टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मैच की सबसे बड़ी खासियत सोफिया डंकले और एलिस कैप्सी की धमाकेदार पारियां रहीं, जिन्होंने स्कॉटलैंड के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

    टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। एमी जोन्स बिना खाता खोले आउट हो गईं, जबकि डैन व्याट भी केवल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। शुरुआती झटकों के बाद ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड मुश्किल में पड़ सकती है, लेकिन सोफिया डंकले और एलिस कैप्सी ने पारी को शानदार तरीके से संभाल लिया।

    दोनों बल्लेबाजों ने स्कॉटलैंड के गेंदबाजी आक्रमण पर दबाव बनाते हुए तेजी से रन जुटाए। एलिस कैप्सी ने मात्र 25 गेंदों में 40 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक शॉट देखने को मिले। वहीं सोफिया डंकले ने अपनी क्लास और आक्रामकता का शानदार मिश्रण पेश करते हुए 37 गेंदों में 57 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और एक शानदार छक्का शामिल रहा।

    मध्यक्रम में कप्तान हीथर नाइट ने भी 19 गेंदों में 25 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया। अंतिम ओवरों में फ्रेया केम्प और डैनी गिब्सन ने स्कॉटलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। फ्रेया केम्प ने सिर्फ 16 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं डैनी गिब्सन ने 11 गेंदों में नाबाद 30 रन ठोककर इंग्लैंड का स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन तक पहुंचा दिया।

    201 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने सकारात्मक शुरुआत की। डार्सी कार्टर और कैथरीन फ्रेजर ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। कार्टर ने 29 और फ्रेजर ने 23 रन बनाए। हालांकि इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कप्तान कैथरीन ब्राइस मात्र 6 रन बनाकर आउट हो गईं, जिससे टीम दबाव में आ गई।

    सारा ब्राइस ने 34 रन और पिप्पा स्प्राउल ने 27 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव के कारण स्कॉटलैंड लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी। अंततः टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 162 रन ही बना सकी और मुकाबला 38 रन से हार गई।

    इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में Sophie Ecclestone सबसे सफल रहीं। उन्होंने 23 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा लिन्से स्मिथ, चार्ली डीन, डैनी गिब्सन और फ्रेया केम्प ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ England Women’s Cricket Team ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।

  • भारत की बढ़ी नॉकआउट उम्मीदें, पाकिस्तान और नीदरलैंड के बाहर होने से बदला समीकरण

    भारत की बढ़ी नॉकआउट उम्मीदें, पाकिस्तान और नीदरलैंड के बाहर होने से बदला समीकरण


    नई दिल्ली। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में लीग चरण के मुकाबले जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, वैसे-वैसे सेमीफाइनल की तस्वीर भी साफ होने लगी है। टूर्नामेंट के बीच पाकिस्तान और नीदरलैंड की टीमों का सफर आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है। लगातार तीन-तीन मैच हारने के बाद दोनों टीमें सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई हैं। दूसरी ओर भारतीय महिला टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है और उसके नॉकआउट चरण में पहुंचने की संभावनाएं काफी मजबूत दिखाई दे रही हैं।

    शनिवार को खेले गए मुकाबलों ने ग्रुप-ए की अंकतालिका को पूरी तरह बदल दिया। ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड को 98 रनों के बड़े अंतर से हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इसके बाद बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर उसे टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इन नतीजों के बाद पाकिस्तान और नीदरलैंड दोनों के खाते में तीन-तीन हार दर्ज हो चुकी हैं और अब वे शेष मैच जीतकर भी सेमीफाइनल की दौड़ में वापसी नहीं कर सकतीं।

    ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया 6 अंकों के साथ शीर्ष पर है। टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में लगभग जगह पक्की कर ली है। भारतीय टीम ने अब तक खेले गए दोनों मुकाबले जीते हैं और 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है। भारत का नेट रन रेट भी शानदार है, जो उसे अन्य टीमों पर बढ़त दिला रहा है। बांग्लादेश भी 4 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, लेकिन नेट रन रेट के मामले में वह भारत से पीछे है। दक्षिण अफ्रीका 2 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है।

    भारतीय टीम के लिए सबसे अहम मुकाबला अब बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा। यदि टीम इंडिया अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखती है तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। कप्तान और टीम प्रबंधन भी खिलाड़ियों के मौजूदा फॉर्म से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

    ग्रुप-बी की बात करें तो मेजबान इंग्लैंड ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा रखा है। वेस्टइंडीज 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड और श्रीलंका की टीमें अभी भी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। वहीं आयरलैंड लगातार तीन हार के बाद लगभग टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है, हालांकि गणितीय रूप से उसकी उम्मीदें अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं।

    महिला टी20 विश्व कप 2026 में अब हर मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। भारतीय टीम की नजर लगातार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित करने पर होगी, जबकि अन्य टीमें भी अंतिम चार में पहुंचने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं। आने वाले दिनों में टूर्नामेंट का रोमांच और भी बढ़ने वाला है।

  • महिला टी20 विश्व कप 2026: हेली मैथ्यूज और एलेने की घातक गेंदबाजी, वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 7 रन से हराया

    महिला टी20 विश्व कप 2026: हेली मैथ्यूज और एलेने की घातक गेंदबाजी, वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 7 रन से हराया


    नई दिल्ली । महिला टी20 विश्व कप 2026 में वेस्टइंडीज ने अपना शानदार अभियान जारी रखते हुए स्कॉटलैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। इंग्लैंड के लीड्स स्थित हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 12वें मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 153 रन बनाए, जिसके जवाब में स्कॉटलैंड की पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई।

    154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की शुरुआत बेहद सकारात्मक रही। डार्सी कार्टर और कैथरीन फ्रेजर ने पहले विकेट के लिए 51 रनों की मजबूत साझेदारी कर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए रन गति को बनाए रखा। हालांकि, कप्तान हेली मैथ्यूज ने कैथरीन फ्रेजर को 20 रन के निजी स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और मैच का रुख बदल दिया।

    इसके बाद स्कॉटलैंड की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। कप्तान कैथरीन ब्राइस बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं, जबकि सारा ब्राइस केवल 4 रन और मेगन मैककोल 1 रन बनाकर आउट हो गईं। एक समय मजबूत स्थिति में दिख रही स्कॉटिश टीम लगातार विकेट गंवाने लगी।

    दूसरे छोर पर डार्सी कार्टर ने संघर्ष जारी रखा और 62 गेंदों में 59 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 आकर्षक चौके लगाए और टीम को जीत के करीब ले जाने की कोशिश की। अंतिम ओवरों में ऐल्सा लिस्टर ने भी 25 गेंदों में 33 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

    स्कॉटलैंड की हार का सबसे बड़ा कारण अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी का बिखर जाना रहा। 18 ओवर के बाद टीम 5 विकेट पर 132 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी और जीत की प्रबल दावेदार लग रही थी, लेकिन इसके बाद उसने सिर्फ 14 रन जोड़कर अपने शेष पांच विकेट गंवा दिए। वेस्टइंडीज की अनुशासित गेंदबाजी ने मैच को पूरी तरह पलट दिया।

    गेंदबाजी में कप्तान हेली मैथ्यूज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं आलिया एलेने ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए केवल 11 रन खर्च कर 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। दोनों गेंदबाजों की घातक स्पेल ने स्कॉटलैंड के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया।

    इससे पहले वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। कियाना जोसेफ 13 रन और कप्तान हेली मैथ्यूज 14 रन बनाकर आउट हो गईं। डिएंड्रा डॉटिन ने 14 और जाहजारा क्लैक्सटन ने 16 रन बनाए। मध्यक्रम में शेमेन कैम्पबेल ने 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभाला।

    हालांकि मैच का सबसे बड़ा आकर्षण अनुभवी बल्लेबाज स्टेफनी टेलर की विस्फोटक बल्लेबाजी रही। टेलर ने महज 19 गेंदों में नाबाद 47 रन ठोककर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी पारी में 4 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे। टेलर की तेजतर्रार बल्लेबाजी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन ने वेस्टइंडीज को टूर्नामेंट की एक और महत्वपूर्ण जीत दिला दी।