बॉलीवुड में मिसाल बने अक्षय कुमार, फिल्म का चेक लौटाकर जीत लिया सबका दिल


नई दिल्ली।बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार एक बार फिर निर्देशक प्रियदर्शन के साथ फिल्म भूत बंगला के जरिए बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। फिल्म का ट्रेलर 6 अप्रैल को रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। इसी ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान प्रोड्यूसर एकता कपूर ने एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने सभी को चौंका दिया।

एकता कपूर ने बताया कि अक्षय कुमार ने एक बार उनकी फिल्म के फ्लॉप होने पर खुद उन्हें चेक लौटाया था। यह घटना न सिर्फ हैरान करने वाली है, बल्कि इंडस्ट्री में अक्षय की ईमानदारी की मिसाल भी पेश करती है।

फ्लॉप फिल्म के बाद लौटाए पैसे, हैरान रह गईं एकता

ट्रेलर लॉन्च के दौरान एकता कपूर ने कहा, “मैं कई सालों से अक्षय सर के साथ काम करने का इंतजार कर रही थी। हमारी पहली फिल्म अच्छा नहीं कर पाई थी। तभी अक्षय ने मुझे फोन किया और एक चेक दिया। उन्होंने कहा-‘ये आपके पैसे वापस हैं, आपके पैसे डूब गए हैं। एकता के मुताबिक, यह उनके लिए बेहद चौंकाने वाला पल था। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है, जब कोई स्टार खुद आगे बढ़कर प्रोड्यूसर का नुकसान भरने की बात करे।

‘31 साल में ऐसा नहीं देखा’-एकता कपूर

एकता कपूर ने अपनी हैरानी जाहिर करते हुए कहा, “मैं सदमे में थी। मेरे 31 साल के करियर में किसी ने ऐसा नहीं किया। इतनी सहजता से पैसे लौटाना बहुत बड़ी बात है। हालांकि, उन्होंने वह चेक लेने से इनकार कर दिया और अक्षय से कहा कि वह पैसे नहीं चाहतीं, बल्कि उनके साथ एक और फिल्म करना चाहती हैं। यही भरोसा आगे चलकर भूत बंगला के रूप में सामने आया। बताया जाता है कि दोनों इससे पहले 2013 की फिल्म Once Upon a Time in Mumbai Dobaara! में साथ काम कर चुके हैं।

‘भूत बंगला’ का ट्रेलर: डर और कॉमेडी का तड़का

भूत बंगला का ट्रेलर दर्शकों को एक रहस्यमयी और रोमांचक दुनिया में ले जाता है। कहानी एक ऐसे बंगले के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके पीछे ‘पिशाच वन’ नाम का खतरनाक जंगल है।

फिल्म में परेश रावल बार-बार अक्षय को इस बंगले के खतरों से सावधान करते नजर आते हैं, लेकिन अक्षय उनकी बातों को नजरअंदाज कर उसी जगह शादी करने का फैसला लेते हैं।

वहीं असरानी बताते हैं कि मंगलपुर में कोई शादी नहीं करता, क्योंकि वहां ‘वधुसुर’ नाम की एक खतरनाक शक्ति का साया है। ट्रेलर के अंत में अक्षय अनजाने में इस शक्ति को जगा देते हैं, जिससे कहानी और भी दिलचस्प हो जाती है।

रिलीज डेट में बदलाव, अब इस दिन आएगी फिल्म

पहले यह फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसकी डेट बदल दी है। अब भूत बंगला 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि पेड प्रीव्यू 16 अप्रैल की रात 9 बजे से शुरू होंगे।

अक्षय कुमार ने फ्लॉप फिल्म के बाद एकता कपूर को चेक लौटाकर अपनी ईमानदारी की मिसाल पेश की। अब ‘भूत बंगला’ के जरिए दोनों की जोड़ी फिर साथ आ रही है, जिसका ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में है।