गुना में गाय को पैर मारने पर बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति से नाक रगड़कर मंगवाई माफी, VIDEO वायरल


नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के गुना जिले के जामनेर कस्बे में गाय को पैर से हटाने की घटना के बाद विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि कुछ हिंदूवादी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने गाय को पैर मारने वाले बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति से उसके सामने जमीन पर झुककर माफी मंगवाई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बुजुर्ग गाय के सामने नतमस्तक होकर माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं।

मामला सामने आने के बाद बुजुर्ग ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उन पर दबाव बनाया गया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसलिए प्रकरण दर्ज नहीं किया गया।

सामान उतारते समय रास्ते में खड़ी थी गाय
जानकारी के अनुसार, कैंट गुना निवासी जमीलउद्दीन शटर आदि लगाने का काम करते हैं। कुछ दिन पहले वह पिकअप वाहन से सामान लेकर जामनेर में एक परिवार के यहां काम करने पहुंचे थे। सामान उतारने के दौरान रास्ते में एक गाय खड़ी थी।

बताया जा रहा है कि रास्ता खाली कराने के लिए जमीलउद्दीन ने गाय को पैर मारा। पास लगे CCTV कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते मामला फैल गया और हिंदूवादी संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।

माहौल बिगड़ने पर लोगों ने सुरक्षित रखा
घटना को लेकर विवाद बढ़ने के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि स्थिति को देखते हुए आसपास के कुछ लोगों ने जमीलउद्दीन को कुछ समय के लिए अपने यहां सुरक्षित रखा। इसके बाद उनसे गाय के सामने माफी मंगवाई गई। इसी दौरान का वीडियो अब सामने आया है। इसमें बुजुर्ग गाय के सामने जमीन पर झुककर माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।

बुजुर्ग का आरोप- पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की
जमीलउद्दीन ने जामनेर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद वह शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उन पर दबाव बनाया गया।

जमीलउद्दीन का आरोप है कि पुलिस ने उनसे लिखवा लिया कि वह किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते और वह माफी मांग चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करेंगे। साथ ही उन्होंने अपने साथ किए गए व्यवहार की भी जांच की मांग की है।

पुलिस बोली- दोनों पक्षों से नहीं मिली लिखित शिकायत
जामनेर थाना प्रभारी मनोज मेहरा ने मामले में अलग पक्ष रखा है। उनके मुताबिक, जमीलउद्दीन काम के सिलसिले में जामनेर आए थे और रास्ते से गाय को हटाने के उद्देश्य से उन्होंने उसे पैर मारा था। मौके पर मौजूद बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और उनसे पूछताछ की।

थाना प्रभारी के अनुसार, इसके बाद जमीलउद्दीन ने गाय के सामने माफी मांग ली। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, इसलिए फिलहाल कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। पुलिस के मुताबिक, यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में
बुजुर्ग से माफी मंगवाने का वीडियो सामने आने के बाद पूरा मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। एक ओर पुलिस लिखित शिकायत नहीं मिलने की बात कह रही है, वहीं बुजुर्ग पुलिस पर दबाव बनाकर माफीनामा लिखवाने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल मामले में किसी पक्ष की लिखित शिकायत सामने नहीं आई है। शिकायत मिलने और पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।