दिशा पाटनी संग अफेयर की चर्चाओं पर पहली बार बोले सिंगर तलविंदर, क्या मिल गया बॉलीवुड को नया कपल?


नई दिल्ली।बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी और मशहूर सिंगर तलविंदर सिंह सिद्धू के बीच बढ़ती नजदीकियों ने इन दिनों हर तरफ सुर्खियां बटोर रखी हैं। काफी समय से दोनों को एक साथ देखे जाने के बाद अब आखिरकार तलविंदर सिंह ने इन चर्चाओं पर अपनी चुप्पी तोड़ी है जिससे फैंस के बीच उत्साह और असमंजस दोनों बढ़ गए हैं। एक हालिया इंटरव्यू के दौरान जब तलविंदर से दिशा के साथ उनके कथित अफेयर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बेहद ही दिलचस्प और सधे हुए अंदाज में अपनी बात रखी। तलविंदर ने खुलासा किया कि उनकी और दिशा की पहली मुलाकात एक्ट्रेस नुपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन की शादी से ठीक पहले हुई थी और उस वक्त उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात इंटरनेट पर इस कदर तहलका मचा देगी।

तलविंदर के मुताबिक जैसे ही उनकी साथ वाली तस्वीरें वायरल हुईं उन्हें एहसास हुआ कि लोग उन्हें एक कपल के तौर पर देख रहे हैं। रिश्ते की सच्चाई पर बात करते हुए उन्होंने साफ कहा कि वे फिलहाल एक-दूसरे को जानने और समझने की कोशिश कर रहे हैं यानी अभी चीजें शुरुआती दौर में हैं। उन्होंने न तो रिश्ते को पूरी तरह स्वीकार किया और न ही इसे अफवाह बताकर खारिज किया। दिलचस्प मोड़ तब आया जब तलविंदर से सीधे तौर पर उनके प्यार के बारे में पूछा गया। उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उन्हें तो हर दिन प्यार होता है और वह इस वक्त भी प्यार की गिरफ्त में हैं। हालांकि उन्होंने यह रहस्य बरकरार रखा कि वह प्यार दिशा पाटनी ही हैं या कोई और।

गौरतलब है कि इन दोनों की बॉन्डिंग सबसे पहले नुपुर सेनन की शादी के फंक्शन में नजर आई थी जिसके बाद उन्हें एयरपोर्ट और मुंबई के विभिन्न कार्यक्रमों में साथ देखा गया। दिशा की बेस्ट फ्रेंड मौनी रॉय का तलविंदर के साथ मस्ती करना भी इस बात की गवाही देता है कि सिंगर अब दिशा के करीबी सर्कल का हिस्सा बन चुके हैं। तलविंदर जो हमेशा मास्क के पीछे अपना चेहरा छिपाकर रखते हैं और एक प्राइवेट इंसान माने जाते हैं उनका इस तरह खुलकर बोलना दिशा के फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो दिशा पाटनी अपनी प्रोफेशनल लाइफ में भी काफी व्यस्त हैं। हाल ही में फिल्म कंगुआ में नजर आने के बाद अब वह जल्द ही फिल्म ओ रोमियो में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के साथ दिखाई देंगी। इसके अलावा वह वेलकम टू द जंगल जैसी बड़ी फिल्मों का भी हिस्सा हैं। अब देखना यह होगा कि दिशा और तलविंदर का यह ‘डिस्कवरी फेज’ कब आधिकारिक रिश्ते में तब्दील होता है।