अशोकनगर में 30 फीट गहरे कुएं में गिरी कार, बड़ा हादसा टला


नई दिल्ली। अशोकनगर जिले के नई सराय थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट गहरे सूखे कुएं में जा गिरी। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कार में सवार सभी लोगों की जान बचा ली गई और बड़ा हादसा टल गया।

मोड़ पर अनियंत्रित हुई कार, कुएं में जा गिरी

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी के बड़ौदी निवासी सत्येंद्र बाथम के वाहन से वीरू कुशवाह अपने साथी और एक दुल्हन के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान अखाई घाट और घुरवार गांव के बीच मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे कुएं में जा गिरी। घटना को एक राहगीर ने देख लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने रस्सी के सहारे किया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही नई सराय थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर पुलिस टीम और 112 वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। बिना देर किए पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया। एक पुलिसकर्मी को रस्सी के सहारे कुएं में उतारा गया, जिसके बाद एक-एक कर महिला, चालक और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

समय रहते बची जान, बड़ी अनहोनी टली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो कुएं में फंसे लोगों की दम घुटने से जान जा सकती थी। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

वाहन निकालने का प्रयास जारी

घटना के बाद देर रात तक करीब 12:15 बजे तक कुएं में गिरी कार को निकालने का प्रयास जारी रहा, हालांकि वाहन को बाहर नहीं निकाला जा सका।