स्कूल परिसर में आगजनी से नुकसान, प्रधानाध्यापक ने दर्ज कराई शिकायत


नई दिल्ली। सतना शहर के महदेवा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बगिया में आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने स्कूल परिसर में आग लगा दी, जिससे सैकड़ों पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो गए। इस घटना ने न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया, बल्कि स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों को भी झकझोर दिया है। मामले में प्रधानाध्यापक आलोक त्रिपाठी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

छुट्टी के बाद दिया गया घटना को अंजाम

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्टाफ परिसर से चला गया था। इसके बाद अज्ञात लोगों ने सुनसान का फायदा उठाकर बगिया में आग लगा दी। रविवार को अवकाश के दिन वार्ड पार्षद अच्छेलाल कोल ने परिसर में आग लगी देखी और तुरंत इसकी सूचना स्कूल के प्रधानाध्यापक को दी।

मशक्कत के बाद बुझी आग, तब तक भारी नुकसान

सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक और पार्षद मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक करीब एक सैकड़ा पेड़-पौधे पूरी तरह झुलस चुके थे। घटना को जानबूझकर अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

प्रधानाध्यापक आलोक त्रिपाठी के अनुसार, स्कूल परिसर में अब तक 2 हजार से अधिक पौधों का रोपण और संरक्षण किया गया है, जिनमें करीब 600 वृक्ष विकसित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह की आगजनी की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, जिससे लगातार पर्यावरण को नुकसान हो रहा है।