Tag: IPL 2026

  • KKR ने GT को 29 रन से हराया, हाईस्कोरिंग मुकाबले में प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा..

    KKR ने GT को 29 रन से हराया, हाईस्कोरिंग मुकाबले में प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा..

    नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-60 में शनिवार (16 मई) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना गुजरात टाइटन्स (GT) से हुआ. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुएइस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटन्स पर 29 रनों से जीत हासिल की. कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 248 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वो 4 विकेट पर 218 रन ही बना सकी.इस जीत के चलते कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ की रेस में अब भी बनी हुई है. मौजूदा सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. कोलकाता नाइट राइडर्स ने 12 में से 5 मुकाबले जीते हैं और उसके 11 अंक हैं. दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स ने 13 मैच खेलकर 8 में जीत दर्ज की है. गुजरात टाइटन्स के 16 पॉइंट्स हैं.

    गुजरात की पारी की हाइलाइट्स

    रनचेज में गुजरात टाइटन्स की शुरुआत तूफानी रही. साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने मिलकर 42 रन जोड़े. जब सुदर्शन 23 रनों पर थे, तो उन्हें चोट की वजह से रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा. इसके बाद क्रीज पर उतरे निशांत सिंधु (1 रन) कुछ खास नहीं कर पाए और उनका विकेट सुनील नरेन ने लिया. यहां से जोस बटलर और कप्तान शुभमन गिल ने मिलकर 128 रनों की साझेदारी कर गुजरात टाइटन्स को मैच में वापस लाने की कोशिश की. शुभमन ने 49 गेंदों पर 85 रन बनाए, जिसमें सात छक्के और पांच चौके शामिल रहे.

    शुभमन गिल स्पिनर सुनील नरेन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री लाइन पर अनुकूल रॉय के हाथों लपके गए. शुभमन के आउट होने के बाद साई सुदर्शन दोबारा बैटिंग के लिए उतरे, हालांकि उनकी इनिंग्स जरूरी रनरेट के हिसाब से रफ्तार नहीं पकड़ पाई. सुदर्शन ने 6 चौके और तीन छक्के की मदद से 28 बॉल पर 53* रनों का योगदान दिया. विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर का भी यही हाल रहा. बटलर ने 35 बॉल पर 57 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. बटलर का विकेट तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने लिया. राहुल तेवतिया सिर्फ 2 रन बना सके और उनका विकेट कैमरन ग्रीन ने झटका.

    ऐसी रही कोलकाता नाइट राइडर्स की बैटिंग
    कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 2 विकेट पर 247 रन बनाए. कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान अजिंक्य रहाणे 14 रनों के निजी स्कोर पर चलते बने. रहाणे को तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बोल्ड किया. इसके बाद फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की. इस साझेदारी में फिन एलन का योगदान काफी ज्यादा रहा. एलन ने सिर्फ 35 बॉल पर 93 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. एलन को स्पिनर आर साई किशोर ने आउट किया.यहां से अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन के बीच तीसरे विकेट के लिए नाबाद 108 रनों की साझेदारी हुई, जिसने कोलकाता नाइट राइडर्स को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. अंगकृष रघुवंशी ने 7 छक्के और 4 चौके की मदद से 44 बॉल पर नाबाद 82 रनों का योगदान दिया. वहीं कैमरन ग्रीन ने 28 बॉल पर 52* रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.
    कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2 मुकाबले जीते. जबकि गुजरात टाइटन्स को 4 मैचों में जीत हासिल हुई. इसके अलावा एक मुकाबला बारिश से भी धुला. मौजूदा सीजन में दोनों टीमों दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. 17 अप्रैल 2026 को खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से पराजित किया था.
    कोलकाता vs गुजरात h2h
    कुल IPL मैच: 7
    कोलकाता ने जीते: 2
    गुजरात ने जीते: 4
    बेनतीजा: 1
    कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग-11: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी.
    इम्पैक्ट सब: मथीशा पथिराना.
    गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग-11: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर और मोहम्मद सिराज.
    इम्पैक्ट सब: राहुल तेवतिया.

  • गुजरात टाइटंस का KKR के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड, आंकड़े देते हैं गवाही

    गुजरात टाइटंस का KKR के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड, आंकड़े देते हैं गवाही


    नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का 60वां मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है, जहां Kolkata Knight Riders और Gujarat Titans एक बार फिर आमने-सामने होंगे। इस सीजन में दोनों टीमों की यह दूसरी भिड़ंत होगी। गुजरात की टीम प्लेऑफ में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच चुकी है, जबकि कोलकाता के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा माना जा रहा है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े भी काफी चर्चा में हैं।

    हेड टू हेड में गुजरात का पलड़ा भारी
    अब तक IPL इतिहास में GT और KKR के बीच कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 मैच अपने नाम किए हैं। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स को सिर्फ 1 मुकाबले में जीत मिली है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा था। आंकड़े साफ बताते हैं कि गुजरात ने शुरुआत से ही KKR के खिलाफ दबदबा बनाए रखा है।

    GT vs KKR Head to Head रिकॉर्ड
    कुल मैच: 6
    गुजरात टाइटंस जीता: 4
    कोलकाता नाइट राइडर्स जीता: 1
    बेनतीजा मैच: 1
    हाई स्कोरिंग मुकाबलों के लिए मशहूर रही भिड़ंत

    दोनों टीमों के बीच कई रोमांचक और हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं।
    GT का KKR के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर: 204 रन
    KKR का GT के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर: 207 रन
    KKR का सबसे कम स्कोर: 148 रन
    GT का सबसे छोटा स्कोर: 181 रन
    इन आंकड़ों से साफ है कि जब भी दोनों टीमें आमने-सामने आती हैं, फैंस को चौके-छक्कों से भरपूर मुकाबला देखने को मिलता है।

    पिछली भिड़ंत में शुभमन गिल ने दिलाई थी जीत
    इस सीजन की पिछली टक्कर में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता को रोमांचक मुकाबले में हराया था। उस मैच में कप्तान Shubman Gill ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। GT की बल्लेबाजी इस पूरे सीजन में काफी मजबूत दिखाई दी है। खासतौर पर शुभमन गिल और Sai Sudharsan की जोड़ी लगातार रन बना रही है।

    KKR पर बढ़ा दबाव
    वहीं दूसरी ओर KKR का प्रदर्शन इस सीजन में उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम को कई करीबी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। अब प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए कोलकाता को हर मैच जीतना जरूरी हो गया है। ऐसे में Eden Gardens में होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है।

  • लखनऊ में आकाश सिंह का जलवा: धमाकेदार गेंदबाजी और वायरल सेलिब्रेशन

    लखनऊ में आकाश सिंह का जलवा: धमाकेदार गेंदबाजी और वायरल सेलिब्रेशन


     लखनऊ। आईपीएल 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने अपने प्रदर्शन से पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने न सिर्फ 3 अहम विकेट चटकाए, बल्कि अपने अनोखे “नोट सेलिब्रेशन” से भी मैदान पर और सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी।

    मैच की शुरुआत से ही आकाश सिंह ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और तेज़ गेंदबाज़ी से CSK के बल्लेबाज़ों पर दबाव बना दिया। पावरप्ले के दौरान उन्होंने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सहित दो और अहम बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजकर चेन्नई की कमर तोड़ दी। उनकी गेंदबाज़ी का आंकड़ा 3/26 रहा, जिसने CSK की मजबूत शुरुआत को पूरी तरह बिखेर दिया।

    ‘नोट सेलिब्रेशन’ बना चर्चा का विषय
    आकाश सिंह की गेंदबाज़ी जितनी खतरनाक रही, उतनी ही चर्चित रही उनकी सेलिब्रेशन स्टाइल। हर विकेट के बाद उन्होंने जेब से एक नोट निकालकर उसे पढ़ने जैसा इशारा किया, जिसने मैदान में मौजूद दर्शकों और टीवी ऑडियंस को चौंका दिया।

    यह ‘नोट सेलिब्रेशन’ तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे “चैंपियन माइंडसेट” का प्रतीक बताया। बाद में सामने आया कि यह नोट उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिसे वह हर मैच में खुद को याद दिलाने के लिए रखते हैं।

    मैच का रुख पलटा, LSG को मिला बड़ा फायदा
    आकाश सिंह की घातक गेंदबाज़ी के चलते CSK की पारी शुरुआती ओवरों में ही लड़खड़ा गई। हालांकि बाद में चेन्नई ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती नुकसान इतना भारी था कि टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। LSG ने इस प्रदर्शन की बदौलत मैच पर पकड़ मजबूत कर ली और मुकाबले में निर्णायक बढ़त हासिल की। इस जीत ने लखनऊ की प्लेऑफ रेस में स्थिति और मजबूत कर दी।

     सोशल मीडिया पर छाए आकाश सिंह
    आकाश सिंह की यह परफॉर्मेंस और उनका अनोखा सेलिब्रेशन लगातार ट्रेंड करता रहा। क्रिकेट विशेषज्ञों से लेकर फैंस तक, हर कोई उनकी गेंदबाज़ी और आत्मविश्वास की तारीफ करता नजर आया। टीम मैनेजमेंट ने भी उनके प्रदर्शन को “मैच टर्निंग स्पेल” बताया।

    LSG vs CSK मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं रहा, बल्कि यह आकाश सिंह के उभरते स्टारडम की कहानी बन गया। उनकी धारदार गेंदबाज़ी और आत्मविश्वास से भरा ‘नोट सेलिब्रेशन’ आने वाले मैचों के लिए एक बड़ा संकेत है कि IPL 2026 में एक नया मैच विनर तैयार हो चुका है।

  • PBKS vs MI के बाद ऑरेंज कैप की रेस में कोई बड़ा बदलाव नहीं, क्लासेन टॉप पर कायम; संजू सैमसन पर रहेंगी निगाहें

    PBKS vs MI के बाद ऑरेंज कैप की रेस में कोई बड़ा बदलाव नहीं, क्लासेन टॉप पर कायम; संजू सैमसन पर रहेंगी निगाहें


    नई दिल्ली। IPL 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हुए मैच के बाद ऑरेंज कैप की रेस में ज्यादा बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है। टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में फिलहाल हेनरिक क्लासेन, साई सुदर्शन, विराट कोहली, अभिषेक शर्मा और केएल राहुल अपनी जगह बनाए हुए हैं।

    सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन इस समय सबसे आगे चल रहे हैं और उनके नाम 508 रन दर्ज हैं। उनके बाद गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन 501 रनों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। विराट कोहली ने हाल ही में शतक लगाकर अपनी स्थिति मजबूत की है और 484 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। चौथे नंबर पर अभिषेक शर्मा 481 रनों के साथ मौजूद हैं, जबकि केएल राहुल 477 रनों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

    टॉप-5 के बल्लेबाजों के बीच रनों का अंतर बहुत कम है, जिससे हर मैच के बाद ऑरेंज कैप की स्थिति बदल सकती है। इस सीजन अब तक यह देखा गया है कि किसी भी खिलाड़ी के पास यह कैप लंबे समय तक नहीं टिक पाई है।

    टॉप-10 में भी हलचल
    टॉप-10 में भी कुछ बदलाव देखने को मिले हैं। पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह 439 रनों के साथ 8वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि कूपर कोनोली 436 रनों के साथ 9वें स्थान पर हैं। मुंबई इंडियंस के रायन रिकल्टन 430 रनों के साथ संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर बने हुए हैं।

    आज संजू सैमसन पर रहेंगी नजरें
    आज का आईपीएल मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच खेला जाएगा, जिसमें सभी की नजरें संजू सैमसन पर रहेंगी। सैमसन इस समय 430 रनों के साथ ऑरेंज कैप रेस में 10वें स्थान पर हैं। अगर वह आज बड़ा स्कोर करते हैं तो टॉप-5 में एंट्री कर सकते हैं।

    विशेषज्ञों के अनुसार, अगर संजू सैमसन बड़ी पारी खेलते हैं तो वह इस सीजन की ऑरेंज कैप रेस को और भी रोमांचक बना सकते हैं और शीर्ष स्थान के लिए क्लासेन को चुनौती दे सकते हैं।

    इसके अलावा लखनऊ सुपर जाएंट्स के मिचेल मार्श पर भी नजर रहेगी, जो इस सीजन अपनी टीम के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक रहे हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

    कुल मिलाकर, IPL 2026 में ऑरेंज कैप की रेस बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है, जहां हर मैच के साथ रैंकिंग बदलने की पूरी संभावना बनी हुई है।

  • टी20 वर्ल्ड कप के हीरो IPL 2026 में फ्लॉप! स्टार खिलाड़ियों की खराब फॉर्म बनी चिंता

    टी20 वर्ल्ड कप के हीरो IPL 2026 में फ्लॉप! स्टार खिलाड़ियों की खराब फॉर्म बनी चिंता


    नई दिल्ली। भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने वाले कई स्टार खिलाड़ी आईपीएल 2026 में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। जिन खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में अपने दमदार प्रदर्शन से टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था, वही खिलाड़ी अब आईपीएल में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो गेंदबाज विकेट लेने में नाकाम दिख रहे हैं। इसका सीधा असर उनकी फ्रेंचाइजियों के प्रदर्शन पर भी पड़ा है।

    सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज और भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की हो रही है। वर्ल्ड कप में धमाकेदार बल्लेबाजी करने वाले सूर्या आईपीएल 2026 में अब तक 11 मैचों में सिर्फ 195 रन ही बना सके हैं। उनके बल्ले से पूरे सीजन में केवल एक अर्धशतक निकला है। मुंबई इंडियंस को उनसे जिस विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद थी, वह अब तक दिखाई नहीं दी।

    हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन भी सवालों के घेरे में है। कप्तान और ऑलराउंडर दोनों भूमिकाओं में हार्दिक संघर्ष करते नजर आए हैं। 8 मुकाबलों में उन्होंने सिर्फ 146 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में केवल 4 विकेट ही हासिल कर सके हैं। उनकी कप्तानी को लेकर भी लगातार आलोचना हो रही है।

    चेन्नई सुपर किंग्स के शिवम दुबे भी इस सीजन प्रभाव छोड़ने में असफल रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप में मैच फिनिशर की भूमिका निभाने वाले दुबे 10 मैचों में सिर्फ 165 रन बना सके हैं। उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है, जबकि गेंदबाजी में भी वह सिर्फ एक विकेट ले पाए हैं।

    सबसे बड़ा झटका मुंबई इंडियंस को जसप्रीत बुमराह की खराब फॉर्म से लगा है। दुनिया के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में गिने जाने वाले बुमराह 11 मैचों में सिर्फ 3 विकेट ही ले सके हैं। उनका इकोनॉमी रेट भी 8.51 का रहा है, जो उनके स्तर के हिसाब से काफी खराब माना जा रहा है।

    दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल भी बल्ले और गेंद दोनों से उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। अक्षर ने 12 मैचों में केवल 100 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी बेहद साधारण रहा है। हालांकि गेंदबाजी में उन्होंने 10 विकेट जरूर लिए हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी टीम के लिए चिंता बनी हुई है।

    पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह विकेट तो निकाल रहे हैं, लेकिन रन रोकने में पूरी तरह विफल रहे हैं। 11 मैचों में 13 विकेट लेने के बावजूद उनका इकोनॉमी 9.92 का रहा है। डेथ ओवरों में उनकी महंगी गेंदबाजी पंजाब के लिए परेशानी बनी हुई है।

    मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने एक शतक जरूर लगाया, लेकिन बाकी मुकाबलों में निरंतरता की कमी साफ नजर आई। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर कुलदीप यादव भी इस सीजन फीके दिखाई दिए हैं। कुलदीप 11 मैचों में सिर्फ 7 विकेट ले सके हैं और उनका इकोनॉमी 10.66 तक पहुंच गया है।

    इन खिलाड़ियों की खराब फॉर्म ने आईपीएल 2026 का समीकरण पूरी तरह बदल दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में ये स्टार खिलाड़ी वापसी कर पाते हैं या नहीं।

  • RCB का सपना फिर टूटा-16 पॉइंट्स के बाद भी बाहर, जानिए पूरा गणित

    RCB का सपना फिर टूटा-16 पॉइंट्स के बाद भी बाहर, जानिए पूरा गणित


    नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन Royal Challengers Bengaluru ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 में से 8 मुकाबले जीतकर 16 अंक हासिल कर लिए हैं। आमतौर पर माना जाता है कि 16 पॉइंट्स मिलते ही कोई भी टीम प्लेऑफ के लिए लगभग क्वालीफाई कर लेती है, लेकिन इस बार स्थिति अलग है।

    वजह यह है कि इस सीजन में प्लेऑफ की रेस बेहद कड़ी हो गई है और कई टीमें अभी भी बराबरी या उससे ज्यादा अंकों तक पहुंचने की स्थिति में हैं। यही कारण है कि 16 अंक होने के बावजूद भी आरसीबी का टिकट अभी तक पक्का नहीं हुआ है।

    इस समय पॉइंट्स टेबल में स्थिति ऐसी है कि कम से कम 8 टीमें प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं। इनमें से कई टीमें अभी भी 16, 18 और यहां तक कि 20 अंकों तक पहुंचने की क्षमता रखती हैं। यही वजह है कि गणित पूरी तरह खुला हुआ है।

    उदाहरण के तौर पर, गुजरात टाइटंस 16 अंकों तक पहुंच चुकी है और उसके अभी 2 मैच बाकी हैं। इसका मतलब है कि वह अधिकतम 20 अंक तक जा सकती है। इसी तरह सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स जैसे टीमें 18 अंकों तक पहुंचने की स्थिति में हैं। वहीं पंजाब किंग्स 19 अंकों तक जा सकती है और राजस्थान रॉयल्स भी 18 अंकों तक पहुंचने की क्षमता रखती है।

    इस जटिल स्थिति के कारण Royal Challengers Bengaluru को यह इंतजार करना पड़ रहा है कि अन्य टीमें अपने मैचों में कैसा प्रदर्शन करती हैं। जब तक यह साफ नहीं हो जाता कि कौन-सी 4 टीमें टॉप पर रहेंगी, तब तक किसी भी टीम का प्लेऑफ में प्रवेश तय नहीं माना जा सकता।

    असल में इस बार की स्थिति पिछले सीजनों से अलग है, क्योंकि यहां कई टीमें 16 से 20 अंकों के बीच फंसी हुई हैं। यही कारण है कि 18 अंक भी सुरक्षित नहीं माने जा रहे हैं और समीकरण अंतिम चरण तक उलझा हुआ है।

    आरसीबी के पास अभी भी 2 मैच बचे हैं और अगर वह दोनों जीतती है तो वह 20 अंकों तक पहुंच सकती है। लेकिन फिर भी उसे अन्य टीमों के परिणामों पर निर्भर रहना पड़ेगा।

    प्लेऑफ का फाइनल गणित तभी साफ होगा जब लीग चरण पूरी तरह खत्म हो जाएगा और केवल 4 टीमें ही 16+ या 18+ अंकों के साथ शीर्ष पर बचेंगी।

    कुल मिलाकर, इस बार आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की दौड़ बेहद रोमांचक और अनिश्चित हो गई है, जहां हर मैच सीधे क्वालीफिकेशन पर असर डाल रहा है।

  • IPL 2026: पहली बार आमने-सामने होंगी RCB और KKR, आंकड़ों में कोलकाता आगे

    IPL 2026: पहली बार आमने-सामने होंगी RCB और KKR, आंकड़ों में कोलकाता आगे


    नई दिल्ली। IPL 2026 का रोमांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। बुधवार शाम रायपुर के Shaheed Veer Narayan Singh International Stadium में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और Kolkata Knight Riders के बीच सीजन का बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा और दोनों टीमों के लिए इसकी अहमियत काफी ज्यादा है।
    Royal Challengers Bengaluru इस समय 14 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। टीम आज जीत हासिल कर प्लेऑफ का टिकट लगभग पक्का करना चाहेगी। दूसरी ओर कोलकाता के लिए यह मुकाबला अस्तित्व की लड़ाई जैसा है। एक और हार KKR को प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर कर सकती है।
     36वीं भिड़ंत, KKR का पलड़ा भारी
    दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें कोलकाता ने 20 मैच जीते हैं, जबकि बेंगलुरु को 15 बार जीत मिली है। हालांकि पिछले सीजन का मुकाबला RCB ने अपने नाम किया था। इस सीजन दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।
    कोहली पर फिर टिकी RCB की उम्मीदें
    RCB के लिए Virat Kohli शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 11 मैचों में 379 रन बनाकर टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली हुई है। पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ क्रुणाल पंड्या की शानदार फिफ्टी और आखिरी ओवर में Bhuvneshwar Kumar के सिक्स ने टीम को जीत दिलाई थी। हालांकि कप्तान Rajat Patidar की खराब फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। वे पिछले छह मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
     KKR की ताकत बनी गेंदबाजी
    KKR की सबसे बड़ी ताकत उसकी गेंदबाजी यूनिट है। Sunil Narine और Varun Chakravarthy की स्पिन जोड़ी शानदार लय में है। वहीं कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय भी लगातार विकेट निकाल रहे हैं।
    कोलकाता ने लगातार चार मुकाबले जीतकर जबरदस्त वापसी की है। अगर रायपुर की पिच धीमी रही तो KKR के स्पिनर्स RCB के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
    पिच और मौसम रिपोर्ट
    रायपुर की पिच संतुलित मानी जा रही है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और अतिरिक्त बाउंस मिल सकता है, जबकि बाद में बल्लेबाजी आसान होगी। यहां अब तक खेले गए IPL मुकाबलों में चेज करने वाली टीमों का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना बेहद कम है। तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

    संभावित प्लेइंग-11


    RCB
    विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम।
    KKR
    अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा।
  • संजय बांगड़ बोले- गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी सफलता के पीछे आशीष नेहरा की अहम भूमिका

    संजय बांगड़ बोले- गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी सफलता के पीछे आशीष नेहरा की अहम भूमिका


    नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में Gujarat Titans की शानदार गेंदबाजी चर्चा का विषय बनी हुई है। अब भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर और कोच Sanjay Bangar ने भी टीम की सफलता का बड़ा श्रेय हेड कोच Ashish Nehra को दिया है। उनका कहना है कि गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों पर नेहरा का गहरा प्रभाव साफ दिखाई देता है।

    ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में Sanjay Bangar ने कहा कि आशीष नेहरा गेंदबाजों को सही दिशा देने और उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाने में माहिर हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि Mohammed Siraj जब अपने शुरुआती दौर में थे, तब वे आज जैसे घातक गेंदबाज नहीं थे, लेकिन नेहरा के मार्गदर्शन में उनका खेल लगातार बेहतर हुआ।

    बांगड़ ने दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज Kagiso Rabada के प्रदर्शन में आए सुधार का श्रेय भी नेहरा को दिया। उन्होंने कहा कि 2019 और 2020 के बाद रबाडा का फॉर्म गिरा था, लेकिन गुजरात टाइटंस से जुड़ने के बाद वे फिर लय में लौटे हैं।

    उन्होंने कहा कि नेहरा हमेशा “टेस्ट मैच लेंथ” पर गेंदबाजी करने पर जोर देते हैं। यही रणनीति टी20 क्रिकेट में भी गुजरात के गेंदबाजों को लगातार सफलता दिला रही है। बांगड़ के मुताबिक, नेहरा का प्रभाव अक्सर उतना चर्चा में नहीं आता, जितना आना चाहिए।

    Mohit Sharma, Mohammed Shami और Jason Holder जैसे गेंदबाजों का उदाहरण देते हुए बांगड़ ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने भी नेहरा के मार्गदर्शन में बेहतरीन प्रदर्शन किया।

    आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी यूनिट सबसे मजबूत मानी जा रही है। टीम के कई गेंदबाज टॉप विकेट लेने वालों की सूची में शामिल हैं। Kagiso Rabada ने 12 मैचों में 21 विकेट, Rashid Khan ने 16 विकेट, Prasidh Krishna ने 14 विकेट, Jason Holder ने 13 विकेट और Mohammed Siraj ने भी 13 विकेट हासिल किए हैं। इन्हीं शानदार प्रदर्शनों के दम पर Gujarat Titans 16 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।

  • IPL 2026 अंकतालिका में बड़ा उलटफेर: GT की लगातार 5वीं जीत से टॉप पर कब्जा, SRH तीसरे स्थान पर पहुंची

    IPL 2026 अंकतालिका में बड़ा उलटफेर: GT की लगातार 5वीं जीत से टॉप पर कब्जा, SRH तीसरे स्थान पर पहुंची

    नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2026 में मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के बाद अंकतालिका में बड़ा बदलाव देखने को मिला। गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर न सिर्फ मुकाबला जीता, बल्कि टेबल में भी शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
    इस मुकाबले में Gujarat Titans ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए, जिसके जवाब में Sunrisers Hyderabad की टीम मात्र 86 रन पर ऑलआउट हो गई। यह GT की लगातार पांचवीं जीत रही, जिसने उन्हें 16 अंकों के साथ अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंचा दिया।
    दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 14 अंकों के साथ बनी हुई है, जबकि SRH भी 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई है। चौथे स्थान पर पंजाब किंग्स और पांचवें स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स मौजूद हैं। राजस्थान रॉयल्स छठे, दिल्ली कैपिटल्स सातवें और कोलकाता नाइट राइडर्स आठवें स्थान पर हैं। वहीं मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुके हैं।
    अंकतालिका के साथ-साथ ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस भी दिलचस्प बनी हुई है। SRH के हेनरिक क्लासेन 12 मैचों में 508 रन बनाकर ऑरेंज कैप होल्डर बने हुए हैं, जबकि पर्पल कैप पर फिलहाल भुवनेश्वर कुमार का कब्जा है, जिन्होंने 11 मैचों में 21 विकेट लिए हैं।
    गुजरात टाइटंस की इस जीत ने प्लेऑफ की तस्वीर और साफ कर दी है, लेकिन टॉप-4 की रेस अभी भी कई टीमों के बीच कड़ी बनी हुई है। आने वाले मैचों में हर मुकाबला अब निर्णायक भूमिका निभाएगा।
  • IPL 2026: पैट कमिंस पर धीमे ओवर रेट के चलते लगा 12 लाख का जुर्माना, SRH की हार के बाद बढ़ी मुश्किलें

    IPL 2026: पैट कमिंस पर धीमे ओवर रेट के चलते लगा 12 लाख का जुर्माना, SRH की हार के बाद बढ़ी मुश्किलें


    नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2026 में मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को गुजरात टाइटंस के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 168 रन बनाए, जिसके जवाब में SRH की टीम महज 86 रन पर सिमट गई और 82 रन से हार गई।
    इस हार के बाद SRH के कप्तान Pat Cummins पर बड़ा एक्शन लिया गया है। धीमे ओवर रेट के कारण उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह इस सीजन का उनका पहला उल्लंघन है, इसलिए आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के तहत केवल जुर्माना लगाया गया।
    गुजरात टाइटंस की ओर से साई सुदर्शन ने 61 रनों की अहम पारी खेली, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 50 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में SRH की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम 14.5 ओवर में ही ऑलआउट हो गई।
    गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस के लिए कगिसो रबाडा सबसे बड़े हीरो रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जेसन होल्डर और प्रसिद्ध कृष्णा ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए अहम विकेट चटकाए।
    इस हार के बावजूद SRH अभी भी अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है, लेकिन टीम का नेट रन रेट प्रभावित हुआ है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अब टीम को आने वाले मुकाबलों में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
    आईपीएल में इस सीजन धीमे ओवर रेट को लेकर कई कप्तानों पर कार्रवाई हो चुकी है, जिनमें श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और शुभमन गिल जैसे नाम भी शामिल हैं। कुल मिलाकर यह मुकाबला SRH के लिए सिर्फ हार नहीं बल्कि चेतावनी भी साबित हुआ है कि आने वाले मैचों में उन्हें रणनीति और प्रदर्शन दोनों में सुधार करना होगा।