Tag: Jasprit Bumrah

  • टी20 फाइनल 2026: गेंदबाजों की चुनौती, बल्लेबाजों की धुआंधार पारी की संभावना..

    टी20 फाइनल 2026: गेंदबाजों की चुनौती, बल्लेबाजों की धुआंधार पारी की संभावना..


    नई दिल्ली।टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला रोमांचक होने वाला है क्योंकि पिछले मैचों की तरह इस बार भी बल्लेबाजों के लिए रन बनाने का मौका ज्यादा रहेगा और गेंदबाजों की शामत आने की संभावना है।

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के फाइनल में कुल 499 रन बने थे और दर्शकों ने रनों की बारिश का आनंद लिया। फाइनल में भी ऐसा ही हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, फाइनल में स्कोर लगभग 200 रन के आसपास रहने की उम्मीद है। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि हरी घास वाली पिच तेज गेंदबाजों को मदद दे सकती है, लेकिन सेमीफाइनल में बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए पिच पर रन बनाए।

    भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह ही ऐसे गेंदबाज रहे जिन्होंने अपनी सटीक लाइन और विविधता से लगातार दबाव बनाए रखा। वहीं वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 64 रन खर्च किए और अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 35 रन दिए। इससे साफ है कि फाइनल में बाकी गेंदबाजों को रन रोकने में चुनौती होगी।

    फाइनल मुकाबला सेंटर पिच पर खेला जाएगा, जिसमें लाल और काली मिट्टी का मिश्रण है। इस टूर्नामेंट में अब तक सेंटर पिच पर सिर्फ एक ही मैच खेला गया है। 9 फरवरी को हुए उस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा को 53 रन से हराया था और पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए थे। सेंटर पिच बल्लेबाजों को मदद देने वाली साबित हो सकती है।

    भारत इस टूर्नामेंट में नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर दो मैच खेल चुका है। ग्रुप स्टेज में नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया गया, लेकिन सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारत के पास इस बार न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड बदलने का मौका है क्योंकि अब तक दोनों टीमों के बीच तीन मैच हुए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड विजयी रही है।

    टी20 विश्व कप का इतिहास बताता है कि लगातार दो टी20 विश्व कप किसी भी टीम ने नहीं जीते हैं। भारतीय टीम इस बार अपने इतिहास को बदलने और लगातार दूसरा खिताब जीतने का अवसर हाथ से जाने नहीं देना चाहती। गेंदबाजों के लिए चुनौती कठिन होगी, लेकिन बल्लेबाजों की जोड़ी और तेज गेंदबाजी के संतुलन पर फाइनल का रोमांच निर्भर करेगा।

    इस फाइनल मुकाबले में गेंदबाजों की रणनीति, बल्लेबाजों की आक्रमकता और पिच की स्थितियां तय करेंगी कि किस टीम का पलड़ा भारी होगा। हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है और क्रिकेट फैंस को इस रोमांचक फाइनल का बेसब्री से इंतजार है।

  • सूर्यकुमार यादव के कॉल ने मोहम्मद सिराज की टी20 वर्ल्ड कप की कहानी बदल दी

    सूर्यकुमार यादव के कॉल ने मोहम्मद सिराज की टी20 वर्ल्ड कप की कहानी बदल दी


    नई दिल्ली। मोहम्मद सिराज की 15 फरवरी की योजना बिल्कुल साधारण थी, रियल मैड्रिड का मैच देखना और घर पर परिवार के साथ समय बिताना। लेकिन अचानक कप्तान सूर्यकुमार यादव का फोन आया और उनकी पूरी किस्मत बदल गई। टी20 वर्ल्ड कप में पहले हर्षित राणा चोटिल हो गए, और सिराज को उनकी जगह टीम में बुलाया गया।

    यूएसए के खिलाफ पहले मैच में सिराज ने चार ओवर में 3 विकेट लेकर केवल 29 रन दिए। जसप्रीत बुमराह के बीमार होने के कारण सिराज सीधे प्लेइंग XI में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार टी20 2024 में खेला था।

    मोहम्मद सिराज ने मैच के बाद कहा, मेरा प्लान था कि 15 तारीख को रियल मैड्रिड का मैच देखूं और रमजान की तैयारी करूं। लेकिन भगवान ने मेरी किस्मत बदल दी। मैच से दो दिन पहले सूर्या भाई का कॉल आया—उन्होंने कहा, ‘मिया, तैयार हो जाओ…बैग पैक करो और आ जाओ।’ मैंने कहा, ‘मजाक मत करो’, लेकिन उन्होंने बताया कि वह सच कह रहे हैं। यह मेरे लिए चौंकाने वाला और अविश्वसनीय पल था।

    सिराज ने आगे बताया कि टीम के साथ प्लेन में बैठना “एक सपने जैसा” था क्योंकि उन्हें लगा था कि पिछले एक साल में उन्हें इस फॉर्मेट में खेलने का मौका नहीं मिलेगा।

    यूएसए के खिलाफ अपने प्रदर्शन के बारे में उन्होंने कहा, मैंने उसी लाइन और लेंथ पर बॉलिंग की जो रणजी ट्रॉफी में कर रहा था। नई गेंद पर टिके रहना और विकेट टू विकेट बॉलिंग करना मेरा प्लान था। उसी रणनीति के जरिए मुझे टीम के लिए महत्वपूर्ण विकेट मिले।सिराज की यह कहानी बताती है कि कैसे अचानक मिलने वाले मौके और सही तैयारी मिलकर खिलाड़ी की किस्मत बदल सकते हैं।

  • टीम इंडिया को दोहरा झटका: अक्षर पटेल टी20 सीरीज से बाहर, बुमराह की वापसी पर सस्पेंस बरकरार

    टीम इंडिया को दोहरा झटका: अक्षर पटेल टी20 सीरीज से बाहर, बुमराह की वापसी पर सस्पेंस बरकरार



    नई दिल्ली। लखनऊ / धर्मशाला में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। टीम के भरोसेमंद ऑलराउंडर अक्षर पटेल स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सीरीज के बचे हुए दो मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। यह फैसला ऐसे समय पर आया है, जब सीरीज निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है और टीम इंडिया बढ़त को बरकरार रखने की कोशिश में जुटी हुई है।

    बीसीसीआई की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि अक्षर पटेल धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले के दौरान प्लेइंग इलेवन के चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार न होने के कारण मेडिकल टीम ने उन्हें आगे के मैचों में खेलने से रोकने का फैसला किया है। हालांकि राहत की बात यह है कि अक्षर टीम के साथ लखनऊ जाएंगे, जहां उनकी नियमित मेडिकल जांच की जाएगी और रिकवरी पर नजर रखी जाएगी। अक्षर के बाहर होने के बाद भारतीय टीम प्रबंधन ने उनके विकल्प के तौर पर बंगाल के ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है। शाहबाज अहमद घरेलू क्रिकेट में अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं और पहले भी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं। उन्होंने अब तक तीन वनडे और दो टी20 मुकाबले खेले हैं, हालांकि टी20 फॉर्मेट में उन्हें बल्लेबाजी का ज्यादा अवसर नहीं मिला है। इसके बावजूद टीम को उनसे गेंद और बल्ले दोनों से संतुलन देने की उम्मीद रहेगी।

    इस बीच तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बुमराह तीसरे टी20 मैच के दौरान टीम चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे और निजी कारणों के चलते स्वदेश लौट गए थे। अब तक उनकी वापसी को लेकर बीसीसीआई या टीम मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। उनकी अनुपस्थिति में युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को मौका मिला, जिन्होंने अपनी ऊर्जा और गति से प्रभावित किया।सीरीज के मौजूदा हालात की बात करें तो भारतीय टीम ने तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को हराया और सीरीज में 2-1 की अहम बढ़त हासिल की। इस जीत ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है, लेकिन अंतिम दो मैचों से पहले टीम संयोजन में बदलाव चुनौती बन सकता है।

    अंतिम दो मुकाबलों के लिए भारतीय टीम की कमान कप्तान सूर्यकुमार यादव के हाथों में रहेगी, जबकि उपकप्तान की भूमिका शुभमन गिल निभाएंगे। टीम में हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, संजू सैमसन और विकेटकीपर जितेश शर्मा जैसे आक्रामक और संतुलित खिलाड़ी शामिल हैं। गेंदबाजी विभाग में वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा और शाहबाज अहमद टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

    अक्षर पटेल जैसे अनुभवी खिलाड़ी की गैरमौजूदगी निश्चित रूप से टीम के संतुलन को प्रभावित कर सकती है, खासकर मिडिल ओवर्स में। ऐसे में शाहबाज अहमद के लिए यह खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा। वहीं, अगर जसप्रीत बुमराह की वापसी होती है तो यह भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।अब सभी की नजरें लखनऊ में होने वाले अंतिम दो मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया सीरीज जीत की मुहर लगाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।