जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ लोग बाथरूम की ओर गए थे, तभी उन्होंने वहां एक नवजात का शव पड़ा देखा। तुरंत इसकी सूचना अस्पताल के सुरक्षा गार्डों को दी गई, जिसके बाद स्टाफ और सफाई कर्मचारियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और अस्पताल प्रशासन को जानकारी दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नवजात की उम्र लगभग तीन महीने के आसपास बताई जा रही है। शव को पहले अस्पताल के CHMO कक्ष में सुरक्षित रखा गया, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के साथ-साथ कई स्थानों पर CCTV कैमरे भी लगे हुए हैं। इसके बावजूद शव का बाथरूम तक पहुंचना कई संदेह पैदा कर रहा है। पुलिस अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और CCTV फुटेज खंगालने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नवजात का शव अस्पताल परिसर तक कैसे पहुंचा और इसे वहां किसने और क्यों छोड़ा। अस्पताल प्रबंधन भी मामले की आंतरिक जांच में जुट गया है और वरिष्ठ डॉक्टर स्थिति की जानकारी जुटा रहे हैं। फिलहाल इस घटना ने पूरे अस्पताल प्रशासन को सवालों के घेरे में ला दिया है और पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है।
