क्राइम और सस्पेंस का तगड़ा डोज प्राइम वीडियो की ये 5 सीरीज कर देंगी आपका वीकेंड सेट


नई दिल्ली। ओटीटी पर क्राइम और सस्पेंस से भरपूर कहानियों का अपना अलग ही क्रेज है। खासकर जब कहानी में रहस्य के साथ मजबूत किरदार और लगातार बढ़ता रोमांच हो तो दर्शक एक एपिसोड देखने के बाद अगले एपिसोड पर पहुंचने से खुद को रोक नहीं पाते। अमेजन प्राइम वीडियो पर भी क्राइम जॉनर की कई ऐसी हिंदी सीरीज मौजूद हैं जिन्हें दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया है। अगर आपको मिर्जापुर जैसी दमदार क्राइम कहानी पसंद आती है तो इन पांच सीरीज को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

दहाड़ इस लिस्ट में सबसे पहले आती है। सोनाक्षी सिन्हा गुलशन देवैया और विजय वर्मा जैसे कलाकारों से सजी यह सीरीज एक बेहद गंभीर क्राइम केस के इर्द गिर्द घूमती है। कहानी में एक ऐसे सीरियल किलर की तलाश दिखाई जाती है जो महिलाओं को अपना निशाना बनाता है। कई महिलाओं की लाशें सार्वजनिक शौचालयों से मिलने के बाद पुलिस के सामने एक बेहद पेचीदा मामला खड़ा हो जाता है। जैसे जैसे जांच आगे बढ़ती है कहानी का रहस्य और गहरा होता जाता है। सीरीज की IMDb रेटिंग 7.6 बताई गई है।

इसके बाद नाम आता है तांडव का। यह एक पॉलिटिकल क्राइम ड्रामा है जिसमें सत्ता की चाह और अपराध का खतरनाक खेल देखने को मिलता है। सैफ अली खान डिंपल कपाड़िया जीशान अय्यूब और सुनील ग्रोवर जैसे कलाकार इसमें अहम भूमिकाओं में हैं। कहानी सत्ता के गलियारों में चलने वाली साजिशों और एक ऐसे राज के इर्द गिर्द आगे बढ़ती है जिसे छिपाना किरदारों के लिए मुश्किल होता जाता है। इस सीरीज की IMDb रेटिंग 4.8 है।

अगर गंभीर क्राइम कहानी के साथ दमदार जांच और रहस्य पसंद है तो पाताल लोक भी शानदार विकल्प है। सीरीज में पुलिस जांच के जरिए समाज के अलग अलग तबकों और अपराध की जटिल दुनिया को दिखाया गया है। जयदीप अहलावत इश्वाक सिंह और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकारों ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। इसके अब तक दो सीजन आ चुके हैं और इसकी IMDb रेटिंग 8.2 बताई गई है।

क्राइम के साथ स्पाई और एक्शन का मजा लेना चाहते हैं तो द फैमिली मैन को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मनोज बाजपेयी और शारिब हाशमी स्टारर यह सीरीज एक ऐसे व्यक्ति की कहानी दिखाती है जो एक तरफ देश की सुरक्षा से जुड़े खतरनाक मिशनों को संभालता है और दूसरी तरफ अपनी पारिवारिक जिंदगी को संतुलित करने की कोशिश करता है। सीरीज के अब तक तीन सीजन आ चुके हैं और इसकी IMDb रेटिंग 8.6 बताई गई है।

इस लिस्ट की पांचवीं सीरीज डांसिंग ऑन द ग्रेव है। यह फिक्शन क्राइम ड्रामा से अलग एक डॉक्यू सीरीज है जो एक चर्चित हत्याकांड की पड़ताल करती है। चार एपिसोड की यह सीरीज शकीरा खलीली हत्याकांड पर आधारित है। इसमें मामले से जुड़े घटनाक्रम और हत्या के पीछे छिपे रहस्य को सामने लाने की कोशिश की गई है। साल 2023 में रिलीज हुई इस सीरीज की IMDb रेटिंग 7 बताई गई है।

अगर आपको क्राइम मिस्ट्री सस्पेंस पॉलिटिकल ड्रामा और स्पाई थ्रिलर पसंद हैं तो प्राइम वीडियो की ये पांच सीरीज आपकी वॉचलिस्ट में जगह बना सकती हैं। खासकर दहाड़ पाताल लोक और द फैमिली मैन जैसी सीरीज अपनी कहानी और किरदारों की वजह से लंबे समय तक याद रह सकती हैं।